पाक आर्मी को भारतीय सेना का मुंहतोड़ जवाब, 2017 में मार गिराए 138 पाकिस्तानी सैनिक

पाक आर्मी को भारतीय सेना का मुंहतोड़ जवाब, 2017 में मार गिराए 138 पाकिस्तानी सैनिक

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पाकिस्तान सेना द्वारा किए गए संघर्ष विराम उल्लंघन की घटनाओं का जवाब देते हुए भारतीय सैनिकों ने पिछले साल 138 पाक सैनिकों को मार गिराया। भारतीय सेना ने जवाबी कार्रवाई, सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन अर्जुन के तहत पाकिस्तानी सैनिकों को ढेर किया। खुफिया एजेंसियों के सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी गई है।

गौरतलब है कि साल 2017 में पाक सैनिकों ने कई बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। संघर्ष विराम उल्लंघन की इन घटनाओं में 28 भारतीय जवान शहीद हुए। इसके साथ ही पाकिस्तान सेना की मदद से भारतीय सीमा में घुसाए गए आतंकियों ने भी कई बार भारतीय सेना के कैंपों में हमला बोला, जिसके चलते भी कई सैनिकों को अपनी शहादत देनी पड़ी। पाकिस्तानी सेना की इन नापाक हरकतों का जवाब देते हुए भारतीय सेना ने अपने विभिन्न ऑपरेशन के तहत 138 पाक सैनिकों को मार गिराया।

हालांकि पाकिस्तान सरकार के आधिकारिक आंकड़ों में यह संख्या 2 दर्जन भी नहीं है। इसका एक बड़ा कारण पाकिस्तान की वह नीति रही है जिसके तहत वह अपने मारे जाने वाले जवानों की खबर सार्वजनिक नहीं करता। सीमा पर मारे जाने वाले सैनिकों को पाकिस्तानी सरकार आम नागरिक बताती रही है।

खूफिया सूत्रों का कहना है कि भारतीय सेना ने पिछले साल घुसपैठ और आतंकी गतिविधियों पर काफी सख्त रुख अपनाया था। इसमें पाकिस्तान के 138 सैनिकों की मौत के साथ ही करीब 158 सैनिक घायल हुए। सूत्रों ने यह भी बताया कि इस दौरान 70 भारतीय सैनिक घायल हुए। हालांकि भारतीय सेना की ओर से पाकिस्तानी सैनिकों की मौत के आंकड़ों पर कोई टिप्पणी नहीं आई है।

सूत्रों ने बताया कि बीएसएफ ने सितंबर 2017 में "ऑपरेशन अर्जुन" चलाया जिसके तहत पाकिस्तान के पूर्व सैनिकों, आईएसआई और पाक रेंजर्स के अधिकारियों के आवास और खेतों को निशाना बनाया गया। ये पाक सैनिक और अधिकारी आतंकियों की घुसपैठ और भारत विरोधी अभियान में मदद कर रहे थे। वहीं दिसंबर में भारतीय सेना ने एलओसी पर पाकिस्तान के कब्जे वाले इलाके में 250-300 मीटर घुसकर अपने चार सैनिकों की शहादत का बदला लिया था। सूत्रों ने यह भी बताया कि भारतीय सैनिकों ने पिछले साल स्‍नाइपर फायरिंग में 27 पाक सैनिकों को मार गिराया।

संघर्षविराम उल्लंघन के आधिकारिक आंकड़ों की बात करें तो 2017 में पाकिस्‍तानी सैनिकों द्वारा सीजफायर उल्‍लंघन की 860 घटनाएं हुई, जबकि 2016 में ऐसी 221 घटनाएं ही हुई थीं।

Created On :   10 Jan 2018 12:42 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story