youth olympic 2018 : भारतीय पुरुष और महिला हॉकी टीम फाइनल में हारीं

Indian men and womens hockey team lose in final, won silver medal
youth olympic 2018 : भारतीय पुरुष और महिला हॉकी टीम फाइनल में हारीं
youth olympic 2018 : भारतीय पुरुष और महिला हॉकी टीम फाइनल में हारीं
हाईलाइट
  • भारतीय पुरुष हॉकी टीम को मलेशिया ने 4-2 से मात दी
  • भारतीय महिला हॉकी टीम को फाइनल मुकाबले में अर्जेटीना के हाथों 3-1 से मिली हार

डिजिटल डेस्क, ब्यूनस आयर्स। यूथ ओलम्पिक खेलों में भारतीय पुरुष हॉकी टीम और महिला हॉकी टीम गोल्ड मेडल जीतने से चूक गईं और उन्हें सिल्वर मेडल से ही संतोष करना पड़ा। रविवार देर रात खेले गए फाइनल मुकाबलों में भारतीय पुरुष हॉकी टीम को मलेशिया ने और भारतीय महिला हॉकी टीम को अर्जेटीना ने हराया और गोल्ड पर कब्जा किया। भारतीय पुरुष हॉकी टीम को मलेशिया ने 4-2 से मात दी। 

इस मैच में भारतीय टीम के दोनों गोल कप्तान विवेक सागर प्रसाद ने दागे। विवेक ने तीसरे मिनट में गोल दागकर भारतीय टीम को शुरुआत में ही 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद 5वें मिनट में फिरादुस रोस्दी ने मलेशिया के लिए गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। अगले ही मिनट में विवेक ने एक बार फिर गोल कर भारत को मलेशिया के खिलाफ 2-1 की बढ़त दिलाई लेकिन इस बढ़त को टीम अधिक देर तक कायम नहीं रख सकी। अखिमुल्लाह अनौर (14वें, 19वें मिनट) और आरिफ इशाक (17वें मिनट) ने मलेशिया के लिए गोल कर उसे 4-2 से मजबूत बढ़त दिलाई और इसे अंत तक कायम रखते हुए मलेशिया ने भारत को हराकर गोल्ड मेडल पर कब्जा किया। 

भारतीय महिला हॉकी टीम को अर्जेटीना ने हराया 
वहीं भारतीय महिला हॉकी टीम को फाइनल मुकाबले में अर्जेटीना के हाथों 3-1 से मिली हार के कारण गोल्ड मेडल से चूक गई और सिल्वर मेडल से ही संतोष करना पड़ा। इस मैच में भारत के लिए एकमात्र गोल मुमताज खान ने किया। इसके अलावा अर्जेटीना के लिए गिनेला पेलेट, सोफिया रामालो और ब्रीसा ब्रुगेसर ने गोल दागे। अर्जेटीना ने महिला हॉकी में किसी भी वर्ग में पहली बार ओलम्पिक खेलों का गोल्ड मेडल हासिल किया है। 

भारतीय टीम की शुरूआत अच्छी रही मुमताज ने पहले ही मिनट में गोल दाग कर खाता खोला और एक गोल की बढ़त दिलाई। लेकिन टीम इस लय को अंत तक कायम नहीं रख पाई। पेलेट ने सातवें मिनट में अर्जेंटीना के लिए गोल करते हुए उसका स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। इसके बाद सोफिया ने 9वें मिनट और ब्रीसा ने 12वें मिनट में गोल कर टीम को 3-1 की मजबूत बढ़त दिला दी। इस बढ़त के खिलाफ भारतीय टीम बराबरी नहीं कर सकी और उसे अंत में 3-1 से हार का सामना करना पड़ा। 

Created On :   15 Oct 2018 7:59 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story