वर्ल्ड में भारतीय महिला क्रिकेटर हैं सबसे मालामाल, पाक टीम है बहुत पीछे

indian women cricketers got highest pay from all teams in world
वर्ल्ड में भारतीय महिला क्रिकेटर हैं सबसे मालामाल, पाक टीम है बहुत पीछे
वर्ल्ड में भारतीय महिला क्रिकेटर हैं सबसे मालामाल, पाक टीम है बहुत पीछे

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम की तरह ही भारतीय महिला क्रिकेटर भी वर्ल्ड में सबसे ज्यादा मालामाल हैं। BCCI ने हाल ही में सालाना केंद्रीय अनुबंध में संशोधन करते हुए महिला क्रिकेटरों की रिटेनरशिप फीस तय कर दी है। यह तय फीस वर्ल्ड में सबसे अधिक है। यह तय फीस पाकिस्तान क्रिकेट टीम से 5 गुना अधिक है, जबकि मौजूदा विश्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया से यह डेढ़ गुना अधिक है।

BCCI ने हाल में भारतीय पुरुष और महिला क्रिकेट टीम खिलाड़ियों के लिए 2017-18 के अनुबंध की घोषणा की है। इसके तहत भारतीय खिलाड़ियों की ए-ग्रेड की अनुबंध राशि 50 लाख रुपए (करीब 76 हजार डॉलर) तय की गई है। वहीं बी-ग्रेड की अनुबंध राशि 30 लाख रुपए, जबकि सी-ग्रेड के खिलाड़ियों के लिए अनुबंध राशि 10 लाख रुपए सालाना कर दी गई है।

क्रिकेट इतिहासकार और विशेषज्ञों का कहना है कि महिला क्रिकेट खिलाड़ियों के इंटरनेशनल लेवल पर शानदार प्रदर्शन के बाद उन्हें केंद्रीय अनुबंध में शामिल करना एक अच्छी शुरुआत है। उनका मानना है कि यह भारतीय महिला क्रिकेट में एक स्वर्णिम युग की शुरुआत है। उनके अनुसार बोर्ड का केंद्रीय अनुबंध त्रिकोणीय सीरीज से पहले उठाया गया एक बड़ा कदम है। यह सीरीज भारत, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच 22 मार्च से मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में शुरू हो रही है।

पाक बोर्ड ने शुरू किया अनुबंध
हाल ही में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने भी महिला क्रिकेटरों के लिए केंद्रीय अनुबंध की शुरुआत की है। पाक बोर्ड ने अपनी महिला क्रिकेटरों के लिए अनुबंध के तहत करीब 10 लाख रुपए सालाना देने का फैसला किया है। जबकि वेस्ट इंडीज ने 12 हजार डॉलर की अनुबंध राशि को बढ़ाकर 30 हजार डॉलर कर दिया है। वेस्ट इंडीज महिला क्रिकेट में पहला ऐसा देश है, जिसने महिला क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए केंद्रीय अनुबंध को शुरू किया था।

मौजूदा विश्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया की ग्रेड-ए खिलाड़ियों की रिटेनरशिप राशि में 80.2 फीसदी की वृद्धि की गई है और अब इसे 40 हजार डॉलर से बढ़ाकर 72,076 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर (करीब 36 लाख रुपए) कर दिया गया है। दूसरी ओर क्रिकेट की शुरुआत करने वाले देश इंग्लैंड में महिला क्रिकेट खिलाड़ियों को 50 हजार पाउंड (करीब 45 लाख रुपए) के हिसाब से रिटेनरशिप फीस दी जाती है। यहां बोर्ड का खिलाड़ियों से करार 2 साल के लिए है।

Created On :   11 March 2018 5:10 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story