jammu kashmir municipal election results bjp win south kashmir congress win ladakh

डिजिटल डेस्क, श्रीनगर। जम्‍मू-कश्‍मीर के निकाय चुनावों का परिणाम आ गया है। जिसमें भारतीय जनता पार्टी ने शानदार अंदाज में बाजी मारी है, जबकि लद्दाख, बन्नीहाल और कोकरनाग में कांग्रेस ने अपना परचम लहराया है। कश्मीर के आतंक प्रभावित शोपियां, कुलगाम, पुलवामा और अनंतनाग जिलों में BJP ने निकाय की सीट पर जीत हासिल की है। साथ ही BJP ने जम्मू मेयर की सीट भी जीत ली है। लद्दाख में BJP अपना खाता भी नहीं खोल सकी है। बता दें कि PDP और नेशनल कांफ्रेंस ने इन चुनावों में हिस्‍सा नहीं लिया था।

जानकारी के अनुसार इस बार कश्मीर घाटी में वोटिंग पर्सेंट काफी कम रहा, जबकि जम्मू और लद्दाख में भारी वोटिंग हुई। पूरे राज्य में वोटिंग प्रतिशत 35.1 प्रतिशत रहा। कश्मीर के 598 वार्ड में से 231 उम्मीदवार निर्विरोध जीते, जबकि 181 सीटों पर कोई खड़ा ही नहीं हुआ।

जम्मू में बनेगा BJP का मेयर
जम्मू में BJP ने धमाका करते हुए नगर निगम पर कब्जा जमा लिया है। कुल 75 वार्ड में हुए चुनाव में BJP ने 43 सीट जीती हैं। कांग्रेस को 14 और अन्य निर्दलियों को 18 सीटें मिली हैं। अब जल्द ही BJP नेता जम्मू की मेयर सीट पर काबिज होंगे।

आतंक प्रभावित चार जिलों में BJP का कब्जा
आतंक प्रभावित कश्‍मीर घाटी के चार जिलों में BJP ने 132 में से 53 वार्ड जीते हैं। इसके चलते 20 निकायों में से कम से कम चार में उसका बोर्ड बनेगा। इनमें अनंतनाग, कुलगाम, पुलवामा और शोपियां शामिल है। शोपियां में BJP का प्रदर्शन शानदार रहा। यहां पर उसके 12 उम्‍मीदवार निर्विरोध जीते। देवसार में उसने सभी 8 सीटें जीत लीं। इसी तरह से काजीगुंड में उसे 7 में से 4, और पहलगाम में 13 में से 7 सीटें मिलीं। कठुआ और हीरानगर में भी BJP ने कामयाबी पाई, जबकि गंदरबल में निर्दलियों का दबदबा रहा।

लद्दाख, दूरु, बन्नीहाल और कोकरनाग में कांग्रेस की बल्ले-बल्ले
लद्दाख पर कांग्रेस ने BJP को क्लीन स्वीप किया है। कांग्रेस ने लेह नगरपालिका समिति में सभी 13 सीटों पर जीत दर्ज की। इसी के साथ कांग्रेस ने करगिल जिले में भी 5 वार्डों में जीत दर्ज की। दूरु निकाय में भी कांग्रेस ने बड़ी जीत दर्ज की। पार्टी ने यहां 17 में से 14 सीट जीतीं, जबकि BJP को 2 ही सीटों पर संतुष्ट होना पड़ा। दूरु क्षेत्र कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गुलाम अहमद मीर का प्रभाव क्षेत्र माना जाता है। बन्नीहाल, कोकरनाग और यारीपोरा में भी कांग्रेस की बल्ले-बल्ले हो गई। बन्‍नीहाल में सभी सीटों पर कांग्रेस ने अपना झंडा फहराया। कोकरनाग में कांग्रेस ने 8 में से 6 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि यारीपोरा में उसे 6 में से 3 सीट पर सफलता मिली। भद्रवाह का रण भी कांग्रेस ने शानदार तरीके से जीत लिया है।

बता दें कि लद्दाख लोकसभा सीट से BJP के थुपस्तान छेवांग सांसद हैं। मगर 2014 में राज्य में हुए विधानसभा चुनाव में इस जिले में बीजेपी का सूपड़ा साफ हो गया था। इस संसदीय सीट के 4 विधानसभा क्षेत्रों में से 3 पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की थी। चौथी विधानसभा सीट पर एक निर्दलीय विधायक को जीत मिली थी।

गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर में गत 13 साल बाद नगरपालिका चुनाव आयोजित किए गए हैं। इस बार यह चुनाव चार चरणों में आयोजित करते हुए 8, 10. 13 और 16 अक्टूबर को वोट डाले गए। इस बार चुनाव में 79 नगरपालिका निकायों में 1145 वार्ड के लिए कुल 3372 नामांकन हुए थे। सभी उम्मीदवारों की तकदीर का फैसला लगभग 17 लाख मतदाताओं के हाथ में था।

Created On :   20 Oct 2018 3:10 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story