डोकलाम विवाद पर भारत को मिला जापान का साथ, चीन चिढ़ा

japan backs india over doklam stand off says peaceful resolution is important
डोकलाम विवाद पर भारत को मिला जापान का साथ, चीन चिढ़ा
डोकलाम विवाद पर भारत को मिला जापान का साथ, चीन चिढ़ा

डिजिटल डेस्क, सिक्किम। डोकलाम विवाद पर चीन अलग-थलग पड़ता जा रहा है। अमेरिका के बाद अब जापान ने भी इस मुद्दे पर भारत का साथ दिया है। इशारो-इशारों में जापान ने चीन को आगाह करते हुए कहा कि ताकत के बल पर जमीनी यथास्थिति बदलने की कोई कोशिश नहीं की जानी चाहिए। जापान की ओर से डोकलाम मुद्दे पर यह टिप्पणी आने के बाद चीन ने कड़ी प्रतिक्रिया दर्ज की है। चीन ने कहा है कि जापान को इस तरह की टिप्पणी नहीं करनी चाहिए। चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता ने कहा, "मैं जानती हूं कि जापान के राजदूत भारत को समर्थन देना चाहते हैं, लेकिन उन्हें तथ्यों को जांचे बिना ऐसे ही टिप्पणी करने से बचना चाहिए।" 

जापान के राजदूत केंजी हीरामत्सू ने मीडिया से बातचीत में कहा था, "डोकलाम को लेकर पिछले करीब दो महीनों से तनातनी जारी है। हमारा मानना है कि इससे पूरे क्षेत्र की शांति प्रभावित हो सकती है, इसलिए हम इस मुद्दे पर नजर बनाए हुए हैं।" इसके साथ ही उन्होंने कहा, "चीन और भूटान के बीच इस क्षेत्र को लेकर विवाद है और दोनों ही देश इसे विवादित क्षेत्र ही मानते हैं। विवादित क्षेत्रों में यह महत्वपू्र्ण हो जाता है कि इसमें शामिल किसी भी पक्ष को जमीन पर यथास्थिति बदलने के लिए एकतरफा सैन्य इस्तेमाल से बचना चाहिए और शांतिपूर्ण ढंग से विवाद सुलझाना चाहिए।"

विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने भी साफ किया है कि भारत कूटनीतिक चैनलों के जरिये बातचीत से इस विवाद के ऐसे हल की कोशिश करता रहेगा, जो दोनों पक्ष को स्वीकार्य हो। जापान से पहले अमेरिका ने भी इशारों-इशारों में कई बार डोकलाम मुद्दे पर भारत के रूख की तारीफ की है। हालांकि उसने अभी तक खुलकर भारत का समर्थन नहीं किया है।

गौरतलब है कि डोकलाम को लेकर भारत और चीन के बीच पिछले करीब दो महीनों से तनातनी जारी है। डोकलाम क्षेत्र सिक्किम के पास भारत-चीन-भूटान ट्राइजंक्शन पर स्थित है। यह इलाका भूटान की सीमा में पड़ता है, लेकिन चीन इसे डोंगलोंग प्रांत बताते हुए अपना दावा करता है। ताजा विवाद चीन द्वारा डोकलाम में सड़क निर्माण कार्य को भारतीय सैनिकों द्वारा रोकने से छिड़ा था। इस दौरान भारतीय सैनिकों की चीनी सैनिकों से धक्कामुक्की भी हुई थी। तभी से डोकलाम क्षेत्र के साथ-साथ LAC पर तनाव फैला हुआ है।

Created On :   18 Aug 2017 9:17 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story