कैम्ब्रिज एनालिटिका कनेक्शन पर केसी त्यागी की सफाई, कहा- बेटे के सिर्फ कारोबारी रिश्ते

K C Tyagi explanation over his sons connection with cambridge analytica
कैम्ब्रिज एनालिटिका कनेक्शन पर केसी त्यागी की सफाई, कहा- बेटे के सिर्फ कारोबारी रिश्ते
कैम्ब्रिज एनालिटिका कनेक्शन पर केसी त्यागी की सफाई, कहा- बेटे के सिर्फ कारोबारी रिश्ते

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। 5 करोड़ फेसबुक यूजर्स के डेटा का दुरुपयोग करने की आरोपी फर्म कैम्ब्रिज एनालिटिका से कनेक्शन को लेकर भारतीय राजनीति में खलबली मची हुई है। बीजेपी-कांग्रेस के बीच इस पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर चल रहा है। जनता दल यूनाइटेड भी इसे लेकर आरोपों के घेरे में है। दरअसल, भारत में कैंब्रिज एनालिटिका की पार्टनर कंपनी ओवलीनो बिजनेस इंटेलीजेंस (ओबीआई) है, जो यहां एनालिसिस का काम देखती है। भारत में इसे जेडीयू नेता केसी त्यागी के बेटे अमरीश त्यागी संभालते हैं। आरोप है कि बीजेपी-जेडीयू गठबंधन ने 2010 के बिहार चुनाव में इस फर्म की सेवाएं ली थीं। अब जेडीयू नेता केसी त्यागी ने इस पर सफाई पेश की है। उन्होंने कहा है कि कैम्ब्रि‍ज एनालिटिका से उनके बेटे की कंपनी का संबंध सि‍र्फ कारोबार को लेकर था। दोनों कंपन‍ियों के बीच कोई व‍ित्त‍ीय लेन देन या शेयर होल्ड‍िंग बांटने जैसी कोई चीज नहीं हुई है। उन्होंने जेडीयू द्वारा फर्म की सेवाएं लेने की बात को भी सिरे से खारिज किया है।

केसी त्यागी ने कहा है, "कैम्ब्रिज एनालिटिका से जेडीयू का भी कोई नाता नहीं है और न ही कंपनी के अधिकारियों से नीतीश कुमार ने कभी मुलाकात की है।" इस पूरे मामले की जांच की मांग करते हुए केसी त्यागी ने यह भी कहा है कि अगर उनके बेटे ने कुछ गलत किया है और यह बात जांच से साबित होती है तो उसे हर हालत में सजा दी जाए।

बता दें कि सूचना प्रौद्योगिक मंत्री रविशंकर प्रसाद ने बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कैम्ब्रिज एनालिटिका से कांग्रेस के कनेक्शन का दावा किया था। उन्होंने कहा था कि कांग्रेस आगामी लोकसभा चुनाव को देखते हुए इस डेटा फर्म की मदद ले रही है। उन्होंने सोशल मीडिया पर कांग्रेस पार्टी के प्रति बदलते रूख और राहुल के बढ़ते फॉलोअर्स को भी इस फर्म की देन बताया था। इसके जवाब में कांग्रेस पार्टी ने कहा था कि ब्रिटिश एजेंसी कैम्ब्रिज एनालिटिका की क्लाइंट कांग्रेस नहीं बल्कि बीजेपी है। कांग्रेस का कहना है कि 2010 के बिहार चुनाव में बीजेपी-जेडीयू ने इस एजेंसी की सेवाएं ली थीं।

Created On :   22 March 2018 2:36 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story