कर्नाटक: राहुल गांधी की रैली में लोगों ने दिखाए काले झंडे, रुपए बांटने के आरोप

कर्नाटक: राहुल गांधी की रैली में लोगों ने दिखाए काले झंडे, रुपए बांटने के आरोप

डिजिटल डेस्क, कोप्पल। कर्नाटक में आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी प्रचार में जुट गए हैं। इसी बीच राजनीतिक सरगर्मियां भी तेज हो गई हैं। रविवार को राहुल गांधी ने रोड शो भी किया। हालांकि रोड शो के दौरान कोप्पल में राहुल गांधी को काले झंडे दिखाए गए। कुछ लोगों ने उनकी बस को घेर लिया। इन प्रदर्शनकारियों ने हाथों में काले झंडे ले रखे थे। सभी प्रदर्शनकारी किस पार्टी से थे, इसका पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने तुरंत ही सभी को गिरफ्तार कर लिया। दरअसल राज्य में कांग्रेस अध्यक्ष खास बस में राज्य के नेताओं के साथ जन आशीर्वाद यात्रा कर रहे हैं। राहुल गांधी "जन आशीर्वाद" यात्रा के तीसरे दिन रोड शो, पब्लिक मीटिंग करेंगे और दरगाह जाएंगे। राहुल गांधी अपनी गुजरात में प्रचार रणनीति को यहां पर भी जारी रखेंगे। वह कर्नाटक में मंदिरों का दौरा कर रहे हैं।

रुपए बांटे जाने का लगा आरोप

वहीं विभिन्न जगहों पर सड़क किनारे बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का जोरदार स्वागत किया। कर्नाटक में राहुल गांधी को काले झंडे दिखाने के अलावा उनकी रैली में रुपये बांटे जाने का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में दिख रहा है कि कोप्पल में राहुल गांधी की रैली में लोगों को रुपए बांटे जा रहे हैं। हालांकि इस बारे में कांग्रेस ने सफाई दी है कि रुपए पांडाल में काम करने वाले वर्कर्स को दिए जा रहे थे। रैली में भीड़ कम इकट्ठा होने के बाद अब वायरल हो रहे इस वीडियो से कांग्रेस की काफी किरकिरी हो रही है। आज राहुल रायचूर और गुलबर्गा में रहेंगे। रविवार को उन्होंने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा का था पीएम मोदी का कार्यकाल खत्म होने जा रहा है। वह भाषण देना कम कर दें और काम करें।

जनसभा में खाली दिखी कुर्सियां

कांग्रेस पार्टी के आला अधिकारियों का कहना है कि पांडाल में पानी पहुंचाने वाले और इसी तरह के अन्य लोगों को वह रुपये दिए गए थे। वहीं बीजेपी ने कांग्रेस पर आरोप लगाया है कि लोगों को रैली में शामिल होने के लिए रुपये दिए गए थे। बता दें कि कोप्पल में जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कर्नाटक सरकार की जमकर तारीफ की। उन्होंने सिद्धारमैया सरकार द्वारा किसान कर्जमाफी और इंदिरा कैंटीन जैसी योजनाओं के नाम पर लोगों से उन्हें वोट करने की अपील की। हालांकि इस जन सभा में भीड़ का नजारा देख कर आप भी हैरान रह जाएंगे।

ख्वाजा बंदे नवाज की दरगाह भी जाएंगे राहुल

राहुल गांधी आज कलमाला (रायचूर) पहुंचेंगे, जहां पार्टी कार्यकर्ता से मिलेंगे। इसके बाद वे रायचूर जिले में ही गब्बूर में पार्टी कार्यकर्ताओं से बातचीत करेंगे। राहुल गांधी देवदुर्ग में दोपहर जनजाति समुदाय की एक रैली को संबोधित करेंगे। इसके बाद वो शाहपुर शहर और यदागिरि पहुंचेंगे, जहां उनका स्वागत किया जाएगा। इसके बाद राहुल गांधी गुलबर्गा जिले के कालबुर्गी में न्यूटन स्कूल के प्ले ग्राउंड में एक पब्लिक मीटिंग को संबोधित करेंगे। शाम छह बजे के बाद राहुल गांधी गुलबर्गा में ख्वाजा बंदे नवाज की दरगाह पर मत्था टेकने भी जाएंगे।

Created On :   12 Feb 2018 5:30 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story