रूस: साइबेरिया में विंटर सेंटर शॉपिंग मॉल में भीषण आग, 37 की मौत

रूस: साइबेरिया में विंटर सेंटर शॉपिंग मॉल में भीषण आग, 37 की मौत

डिजिटल डेस्क, साईबेरिया। रूस के पश्चिमी साईबेरिया स्थित इंडस्ट्रियल सिटी में एक शॉपिंग सेंटर में भीषण आग लग गई। इस घटना में 37 लोगों की मौत होने की खबर है। इसके साथ ही दर्जनों लोगों के लापता होने की भी सूचना है। केमेरोवो शहर में विंटर सेंटर नाम के मॉल में लगी आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की करीब 100 गाड़ियां लगाई गई। इस मॉल में साउना, मल्टिप्लेक्स सिनेमा और बोलिंग एली भी है, जहां लोगों की काफी भीड़ रहा करती है।

 

 

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है, अधिकारियों ने इस घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। वहीं आरआईए नोवोस्ती एजेंसी ने स्थानीय सूत्रों के हवाले से इस घटना में कम से कम 69 लोगों मॉल के अंदर फंसे हैं, जिसमें 40 के करीब बच्चे भी शामिल हैं।

 

 

हालांकि जांच अधिकारियों ने इसकी पुष्टि नहीं की है। जानकारी के अनुसार, मॉल में स्थित एक सिनेमा हॉल में अंतरराष्ट्रीय समयानुसार सबुह 11 बजे आग लग गई, जो कि देखते ही देखते करीब 1000 स्क्वायर मीटर तक फैल गई। 

 


इस आग के कारण दो सिनेमा घर की छत ढह गई, जिस वजह से वहां कई लोग फंस गए। करीब 120 लोगों को अब तक बाहर निकाला जा चुका है। बचाव कार्य जारी है। दमकल कर्मी लोगों को सुरक्षित निकालने में जुटे हुए हैं।  वहां मौजूद लोगों के मुताबिक, मॉल में कोई भी फायर अलार्म नहीं था। आग बुझाने के लिए लगभग 200 से अधिक फायरब्रिगेड कर्मी मौजूद हैं, इसके अलावा एंबुलेंस, पुलिस भी मौके पर पहुंची है। 

 

 

कुछ लोगों को चौथी मंजिल से अपनी जान बचाने के चक्कर में छलांग लगाते भी देखा गया है। बताया जा रहा है कि शॉपिंग सेंटर में मौजूद ज़ू में लगभग 200 जानवर भी थे। ये मॉल 2013 में खुला था, इसमें कई तरह के गेम्स, सिनेमा, ज़ू, चिल्ड्रेन सेंटर जैसी सुविधाएं मौजूद हैं।  

Created On :   26 March 2018 2:56 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story