दिवंगत एक्टर विनोद खन्ना की पहली पत्नी का निधन

Late actor Vinod Khannas 1st wife geetanjali died at the age of 70
दिवंगत एक्टर विनोद खन्ना की पहली पत्नी का निधन
दिवंगत एक्टर विनोद खन्ना की पहली पत्नी का निधन

डिजिटल डेस्क, मुंबई। बॉलीवुड एक्टर अक्षय खन्ना की मां और दिवंगत एक्टर विनोद खन्ना की पहली पत्नी गीतांजलि का रविवार को निधन हो गया। गीतांजलि 70 साल की थीं। पुलिस ने बताया कि गीतांजलि और उनके अभिनेता पुत्र अक्षय खन्ना सप्ताहांत में मांडवा स्थित फार्महाउस पर गए थे। मांडवा थाना प्रभारी मेघना बुरांडे ने बताया कि शनिवार को गीतांजलि ने बेचैनी की शिकायत की जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया।

इलाज के बाद अक्षय उन्हें लेकर वापस आ गए। अक्षय मां को बेडरूम में ले गए और उन्हें आराम करने के लिए कहा। उन्होंने बताया कि इसके बाद अक्षय थोड़ी देर के लिए बाहर चले गए। लौटने पर उन्होंने घरेलू सहायक से मां के बारे में पूछताछ की और उनके शयनकक्ष में गए जहां वह अचेत स्थिति में थी। इसके बाद उन्होंने भाई राहुल खन्ना एवं डाक्टरों को घर बुलाया। डाक्टरों की सलाह पर गीतांजलि को अस्पताल ले जाया गया जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। रविवार को पोस्टमार्टम करने के बाद उनका शव परिजनो के हवाले कर दिया गया।


विनोद की बचपन की दोस्त थीं गीतांजलि
विनोद खन्ना का पिछले साल अप्रैल में 70 साल की उम्र में निधन हो गया था। वो भारतीय जनता पार्टी के सांसद थे। खन्ना का गीतांजलि के साथ 1985 में तलाक हो गया था। विनोद खन्‍ना और गीतांजलि दोनों ही बचपन के दोस्‍त थे और स्कूल के दिनों से एक-दूसरे को प्‍यार करते थे। साल 1971 में विनोद खन्ना ने गीतांजलि से शादी कर ली थी। हालांकि, उनकी शादी 14 साल तक ही चल सकी। साल 1985 में उन्होंने एक-दूसरे से तलाक ले लिया। इनके तलाक का कारण विनोद का ओशो के संपर्क में आना बताया जाता है। माना जाता है कि ओशो के संपर्क में आने के बाद विनोद ने अपने परिवार को त्याग दिया और अमेरिका चले गए।। हालांकि, इसके बाद भी वे फोन पर गीतांजलि से बात करते थे। इस दौरान गीतांजलि उन्हें वापस लौटने के लिए कहती थीं, लेकिन वो नहीं लौटे। आखिरकार गीतांजली ने विनोद से तलाक ले लिया।

Created On :   17 Dec 2018 5:11 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story