उत्तर प्रदेश : कांग्रेस-महान दल का गठबंधन, प्रियंका बोली- जी जान से लड़ेंगे चुनाव

उत्तर प्रदेश : कांग्रेस-महान दल का गठबंधन, प्रियंका बोली- जी जान से लड़ेंगे चुनाव
हाईलाइट
  • लोकसभा चुनाव-2019 के लिए उत्तर प्रदेश में कांग्रेस ने महान दल के साथ गठबंधन कर लिया है।
  • गठबंधन में शामिल होते ही मोर्य ने सपा और बसपा पर जमकर निशाना साधा।
  • प्रियंका गांधी और ज्योतिरादित्य सिंधिया की मोजूदगी में महान दल ने साथ मिलकर चुनाव लड़ने का ऐलान किया।

डिजिटल डेस्क लखनऊ। लोकसभा चुनाव-2019 के लिए उत्तर प्रदेश में कांग्रेस ने महान दल के साथ गठबंधन कर लिया है। इस दल के संस्थापक और अध्यक्ष केशव देव मौर्य ने प्रियंका गांधी और ज्योतिरादित्य सिंधिया की मोजूदगी में साथ मिलकर चुनाव लड़ने का ऐलान किया। यूपी में लोकसभा चुनाव से पहले किसी भी पार्टी से कांग्रेस का यह पहला गठबंधन है। गठबंधन में शामिल होते ही मौर्य ने सपा और बसपा पर जमकर निशाना साधा।

इस दौरान प्रियंका गांधी ने कहा "मौर्य जी का स्वागत है। हम साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे। राहुल जी ने हमें बड़ा लक्ष्य दिया है। हम लोग एक ऐसी राजनीति का निर्माण करें जिसमें सभी वर्ग, सभी समुदाय साथ हों। सभी का प्रतिनिधित्व हो। हम चाहते हैं कि आगे बढ़कर हम मजबूती से लड़ें और यह लड़ाई जो 2019 की लड़ाई है। इसको हम जी जान से लड़ेंगे।"

पश्चिम यूपी प्रभारी ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा, "महान दल इस संग्राम में हमारी सोच के साथ काम करेगा। एक ऐसी सरकार स्थापित करने के लिए केंद्र में और उसके बाद प्रदेश में, जो जनता की सेवा के लिए तत्पर हो और एक सशक्त भारत, एक सशक्त उत्तर प्रदेश बने। राहुल जी की विचारधारा से प्रभावित होकर महान दल ने अपना समर्थन कांग्रेस पार्टी को दिया है।"

केशव देव मोर्य ने कहा,  सपा और बसपा क्या यह बताएगी कि कुशवाहा, निषाद, नाई, राजभर समाज को उन्होंने कितना आरक्षण दिया। जबकि  पिछड़ों में यादवों के बाद सबसे बड़ी आबादी इन्हीं की है। कुशवाहा ने अखिलेश यादव और मायावती पर निशाना साधते हुए कहा कि इन लोगों को पिछड़ों और दलितों के आरक्षण के नाम पर सत्ता मिली, लेकिन उस समय इनको याद नहीं आया कि पिछड़ी जाति में दूसरी जाति के लोग भी हैं।

उन्होंने कहा, अब मुझे उम्मीद है कि कांग्रेस जब सत्ता में आएगी तो पिछड़ों व दलितों के आरक्षण को टुकड़ों में बांटेगी। मैं पिछले चुनाव में भी कांग्रेस के साथ था। इस चुनाव में कांग्रेस के साथ रहूंगा और आने वाले समय में भी कांग्रेस के साथ रहने की कोशिश करूंगा। बता दें कि महान दल ने 2014 में तीन लोकसभा क्षेत्रों- बदायूं, नगीना और एटा से चुनाव लड़ा था, हालांकि वह सभी सीटों पर हार गए थे। महान दल पश्चिमी यूपी के ओबीसी मतदाताओं, खासकर शाक्यों, मौर्यों और कुशवाहों से समर्थन का दावा करता है।

बता दें कि प्रियंका गांधी को पूर्वी उत्तर प्रदेश की कमान दी गई है, वहीं ज्योतिरादित्य सिंधिया को पश्चिमी उत्तर प्रदेश की। लोकसभा चुनाव से ठीक पहले इन दोनों को यूपी की राजनीति में उतारना, कांग्रेस का बड़ा दांव माना जा रहा है।  

 

Created On :   13 Feb 2019 3:04 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story