जल्द भारत लाया जाएगा माफिया सरगना रवि पुजारी, प्रत्यार्पण की कवायद शुरु

Mafia gangster Ravi Pujari will be brought to India soon, extradition process begun
जल्द भारत लाया जाएगा माफिया सरगना रवि पुजारी, प्रत्यार्पण की कवायद शुरु
जल्द भारत लाया जाएगा माफिया सरगना रवि पुजारी, प्रत्यार्पण की कवायद शुरु

डिजिटल डेस्क, मुंबई। पश्चिमी अफ्रीकी देश सेनेगल में माफिया सरगना रवि पुजारी की गिरफ्तारी के बाद उसके प्रत्यार्पण की कवायद शुरू हो गई है। पुजारी के खिलाफ सबसे ज्यादा मुंबई में ही आपराधिक मामले दर्ज हैं इसलिए केंद्रीय जांच ब्यूरो ने मुंबई पुलिस से उसका डोजियर तैयार करने को कहा है। पुजारी फिल्मकार महेश भट्ट, वकील माजिद मेमन, बिल्डर सुरेश वाधवा की हत्या की कोशिश के अलावा शाहरुख खान, सलमान खान, अक्षय कुमार जैसे सुपरस्टार्स को धमकाने के मामले में भी वांछित है।अपराध शाखा के जुड़े सूत्रों के मुताबिक मुंबई में पुजारी के खिलाफ करीब 50 मामले दर्ज हैं। इनमें से करीब डेढ़ दर्जन मामलों में उसके खिलाफ महाराष्ट्र संगठित अपराध विरोधी कानून (मकोका) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। हालांकि पहले पुजारी की हिरासत कर्नाटक पुलिस को मिल सकती है जिसकी निशानदेही पर उसे गिरफ्तार किया गया है लेकिन मुंबई पुलिस को उम्मीद है कि कर्नाटक पुलिस के बाद उसे पुजारी को हिरासत में लेकर पूछताछ का मौका मिलेगा।

पुजारी को इंटरपोल की नोटिस के आधार पर 19 जनवरी को गिरफ्तार किया गया था। प्रत्यार्पण के लिए उसके अपराधों का कच्चा चिठ्ठा बेहद अहम हो सकता है इसीलिए मुंबई पुलिस को डोजियर तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। जिससे प्रत्यार्पण के लिए जाने वाली टीम के पास उसके खिलाफ पुख्ता सबूत हों और उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। पुजारी मूल रुप से कर्नाटक का रहने वाला है लेकिन अपराध की दुनिया में उसने मुंबई में ही कदम रखा। वह अंधेरी इलाके में रहता था और ऑटोरिक्शा चलाकर गुजर बसर करता था। यहीं वह पहले छोटे मोटे अपराधियों के संपर्क में आया और फिर छोटा राजन गिरोह से जुड़ गया। 1988 में अंधेरी पुलिस ने उसे सबसे पहले मारपीट और दंगे के मामले में गिरफ्तार किया था। इसके बाद उसके खिलाफ हत्या समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हुए। राजन पर बैंकाक में हमले के बाद उसने अपना अलग गिरोह बना लिया और धमकाकर लोगों से हफ्ता वसूलने लगा। मुंबई पुलिस को उम्मीद है कि हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसके गिरोह से जुड़े दूसरे आरोपियों पर शिकंजा कसा जा सकेगा।   

 

Created On :   6 Feb 2019 5:23 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story