सवाल पूछने में अव्वल तो उपस्थिति में फिसड्डी रहे महाराष्ट्र के सांसद

Maharashtra mp in the first place to ask questions, but fall in attendence
सवाल पूछने में अव्वल तो उपस्थिति में फिसड्डी रहे महाराष्ट्र के सांसद
सवाल पूछने में अव्वल तो उपस्थिति में फिसड्डी रहे महाराष्ट्र के सांसद

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली।  16वीं लोकसभा में सवाल पूछने के मामले में महाराष्ट्र के सांसद अव्वल रहे हैं। इसके उलट सदन में उपस्थिति के मामले में इनका रिकार्ड खराब रहा है। पिछले पांच वर्ष के दौरान लोकसभा में कुल एक लाख 42 हजार से ज्यादा सवाल पूछे गए। राज्यवार देखें तो महाराष्ट्र के लोकसभा सदस्यों ने सबसे ज्यादा 25,855 सवाल पूछे हैं, जो एक रिकार्ड है लेकिन बीते पांच वर्ष के दौरान प्रदेश के सांसदों की सदन में हाजिरी सिर्फ 77.35 फीसदी रही है। उपस्थिति के मामले में प्रदेश राज्यों की सूचि में 24वें क्रमांक पर है। तात्पर्य यह है कि प्रदेश के माननीयों ने सदन में कम समय रहकर सरकार से ज्यादा सवाल पूछे हैं।

सवाल पूछने वाले टॉप 10 सांसदों में से 9 हैं महाराष्ट्र के
लोकसभा में सवाल पूछने को लेकर महाराष्ट्र के सांसद कितने संजीदा हैं, इसका अंदाज इसी बात से लगता है कि सवाल पूछने वाले देश के टॉप 10 सांसदों में 9 सांसद महाराष्ट्र के हैं। ‘पार्लियामेंट्री बिजनेस डॉट काम’ के मुताबिक सवाल पूछने में राकांपा की सुप्रिया सुले टॉप पर रही हैं। उन्होने कुल 1,186 सवाल पूछे हैं। इसी प्रकार राकांपा के ही धनंजय महाडिक 1,177 प्रश्नों के साथ नंबर दो पर तो विजय सिंह मोहिते 1,139 सवाल पूछकर तीसरे पायदान पर रहे हैं। 1,122 सवाल पूछकर कांग्रेस सांसद राजीव सातव सूचि में चौथे क्रमांक पर हैं। इसी प्रकार शिवसेना के श्रीरंग बारणे 1,116, शिवाजी ए पाटील 1,106, भाजपा की डॉ हीना गाविट 1,100, शिवसेना के आनंदराव अडसूल 1,065, अपना दल के कुंवर हरिवंश सिंह 1,050 और शिवसेना के विनायक राऊत 1,028 प्रश्न पूछकर क्रमश: पांचवें, छठे, सातवें, आठवें, नौवें और 10वें नंबर पर हैं। इस मामले में शिवसेना के गजानन कीर्तिकर 1,019 सवालों के साथ 13वें नंबर पर हैं तो कांग्रेस के अशोक चह्ाण 908 सवाल पूछकर 16वें पायदान पर हैं। इस मामले में महाराष्ट्र से सबसे खराब प्रदर्शन भाजपा सांसद शरद बंसोड़ का रहा है जिन्होने पांच साल में महज 43 सवाल पूछे हैं। 

हाजिरी लगाने में सबसे लापरवाह रहे उदयनराजे और चह्वाण  
लोकसभा में सवाल पूछने में अव्वल रहे महाराष्ट्र के सांसद सदन में सदन में हाजिरी लगाने में फिसड्डी रहे हैं। इस मामले में भाजपा सांसद भैंरो प्रसाद मिश्र सभी 331 बैठकों में पहुंचकर अपनी 100 फीसदी हाजिरी लगाई है तो महाराष्ट्र के भाजपा सांसद गोपाल शेट्टी 329 दिन (99.40 फीसदी) हाजिरी लगाकर दूसरे पायदान पर हैं। शिवसेना सांसद अरविंद सावंत की सदन में उपस्थिति भी अच्छी है। सावंत 326 दिन (98.49 फीसदी) सदन में मौजूद रहकर चौथे नंबर पर हैं। सदन में हाजिरी के मामले में प्रदेश के सांसदों में सबसे खराब स्थिति राकांपा सांसद उदयनराजे भोंसले (27.10 फीसदी) और कांग्रेस सांसद अशोक चह्वाण (42.30 फीसदी) की रही है। 

लोकसभा में महाराष्ट्र के कुछ महत्वपूर्ण सांसदों का उपस्थिति चार्ट
सांसद      सदन में हाजिरी (कुल बैठक 331)
किरीट सोमैय्या      319
सुप्रिया सुले           317
कृपाल तुमाने         280
आनंदराव अडसुल  280
संंजय धोत्रे             276
रामदास तड़स       271
राजीव सातव         268
पूनम महाजन        262
अशोक नेते           249
भावना गवली        240
चंद्रकांत खैरे         238
प्रताप जाधव         231
रावसाहेब दानवे    193
प्रीतम मुंडे           159
अशोक चह्वाण      140
उदयनराजे भोंसले   90
 

Created On :   16 Feb 2019 11:40 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story