सरहद संस्था के संस्थापक के नाम पर आया था पार्सल बम, पुणे की पुलिस टीम अहमदनगर रवाना

Maharashtra: Parcel Bomb blast in Ahmed nagar courier office
सरहद संस्था के संस्थापक के नाम पर आया था पार्सल बम, पुणे की पुलिस टीम अहमदनगर रवाना
सरहद संस्था के संस्थापक के नाम पर आया था पार्सल बम, पुणे की पुलिस टीम अहमदनगर रवाना

डिजिटल डेस्क, पुणे/अहमदनगर। अहमदनगर स्थित कुरिअर कार्यालय में जिस पार्सल में विस्फोट हुआ, वो पार्सल सरहद संस्था के संस्थापक व अध्यक्ष संजय नहार के नाम से आया था। इससे पहले भी नहार को कई धमकी भरे फोन आए थे। नहार ने इसकी जानकारी दी। इस मामले की जांच अहमदनगर पुलिस के अलावा पुणे पुलिस भी कर रही है। पुणे पुलिस का एक दस्ता जांच के लिए अहमदनगर रवाना हुआ है।

रेडियो बम से दहला अहमदनगर, दो गंभीर

शहर के मालीवाड़ा स्थित मारुति कूरियर सर्विस कार्यालय में मंगलवार को देर रात खोलकर देखने के चक्कर में एक पार्सल में अचानक विस्फोट हो जाने से दो लोग गंभीर रूप में घायल हो गए। पुलिस की जांच में सामने आया है कि फर्जी पते के सहारे बुक किए गए इस पार्सल बम का लक्ष्य कश्मीर में सामाजिक संस्था ‘सरहद’ चलाने वाले पुणे निवासी संजय नाहर थे। यह एक क्रूड बम था, जिसे हमलावरों ने एक रेडियो में छुपाकर बॉक्स में पैकिंग कर पुणे के लिए बुक कराया था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए नासिक विभाग के पुलिस महानिरीक्षक विनय कुमार चोभे आज सुबह घटनास्थल पहुंचे और हादसे की जानकारी ली। उन्होंने पार्सल लाने वाले व्यक्ति का स्केच भी जारी किया है, लेकिन हमलावर के नाम सहित अन्य जानकारी के बारे में खुलासा करने से पुलिस अभी सावधानी बरत रही है। बताया गया कि कूरियर कार्यालय में मंगलवार रात करीब 10.30 बजे बम धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़ पड़े। तब वहां दो कर्मी बम धमाके से गंभीर रूप में घायल पड़े तड़पते नजर आए। लोगों ने तत्काल उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराते हुए धमाके की खबर पुलिस को दी। इस पर पुलिस अधीक्षक रंजन कुमार शर्मा, उपअधीक्षक घनश्याम पाटील, कोतवाली डीवाईएसपी डॉ. अक्षय शिंदे अपराध शाखा निरीक्षक दिलीप पवार, निरीक्षक अभय परमार, श्वान दल और बम शोधक दस्ता तुरंत घटनास्थल पहुंचे और धमाके की जांच में जुट गए।

खोलकर देखने में फटा बम
जांच में सामने आया कि मंगलवार दोपहर में मारुति कूरियर कार्यालय में एक अनजान व्यक्ति ने पुणे की सरहद संस्था के अध्यक्ष संजय नहार के नाम से उक्त पार्सल बुक कराया। मंगलवार रात में कूरियर संस्था के कर्मियों ने पार्सल को खोलकर देखने का प्रयास किया जिससे बम फट गया। घटनास्थल पर स्पीकर व उसके पाइप में सफेद रंग का पाउडर पाया गया जिसके कारण विस्फोट की आशंका व्यक्त की गई है।

कर्मियों के शरीर में घुसे पाइप के अनगिनत टुकड़े

धमाके की तीव्रता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि आसपास की घरों की खिड़कियां, दरवाजे व अंदर रखे बर्तन तक हिल गए। धमाके में कूरियर कर्मी संजय मच्छिंद्र क्षीरसागर (26, भिंगार, अहमदनगर), संदीप बापूराव भुजबल (40, भिंगार, अहमदनगर) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। कर्मियों के पूरे शरीर में पाइप के अनगिनत टुकड़े घुस जाने से कार्यालय में अंदर से बाहर तक खून ही खून बिखर गया और वहां रखे कम्प्यूटर आदि सभी सामग्री तहस-नहस हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि एक अनजान व्यक्ति ने शहर के सावेड़ी क्षेत्र का पता देकर मालीवाड़ा की छोटी सी कूरियर सर्विस से संजय नहार के नाम पार्सल बुक किया। जांच में व्यक्ति द्वारा दिया गया पता झूठा निकाला।

Created On :   21 March 2018 6:42 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story