पदक हासिल करने वाले सैनिकों के लिए महाराष्ट्र गौरव पुरस्कार, हिंदी अकादमी पुरस्कारों की भी घोषणा

Maharashtra State Hindi Academy Awards announced, Gaurav Puraskar for soldiers
पदक हासिल करने वाले सैनिकों के लिए महाराष्ट्र गौरव पुरस्कार, हिंदी अकादमी पुरस्कारों की भी घोषणा
पदक हासिल करने वाले सैनिकों के लिए महाराष्ट्र गौरव पुरस्कार, हिंदी अकादमी पुरस्कारों की भी घोषणा

डिजिटल डेस्क, मुंबई। भारतीय सेना में तैनात राज्य के जिन सैनिकों ने एक से ज्यादा शौर्य अथवा सेवा पदक हासिल किया है, उन्हें दोनों पदकों के लिए स्वतंत्र रुप से अनुदान दिया जाएगा। बुधवार को मंत्रिमंडल की बैठक में महाराष्ट्र गौरव जीवन पुरस्कार योजना को मंजूरी दे दी गई। यह योजना 29 सितंबर  2001 से प्रभावी मानी जाएगी। महाराष्ट्र राज्य के निवासी सैन्य दलों के अधिकारियों और जवानों को विशेष कार्यों के लिए केंद्र सरकार की ओर से शौर्य अथवा सेवा पदक से सम्मानित किया जाता है। पदक हासिल करने वाले इन जवानों को राज्य सरकार की ओर से भी नकद राशि दी जाती है। 16 अगस्त 2002 के शासनादेश के तहत राज्य के मौजूदा और पूर्व सैनिकों को एक से ज्यादा शौर्य अथवा सेवा पदक मिलने के बाद उन्हें बड़े पदक के लिए ही अनुदान दिया जाता था। भविष्य में बड़ा पदक मिलने पर उसके मुताबिक अनुदान देने पर विचार किया जाता था। इसके बाद छोटे पदक और बड़े पदक की राशि का अंतर जवानों को दिया जाता था लेकिन अब सरकार ने दोनों पदकों के लिए स्वतंत्र अनुदान देने का फैसला किया है। यानि जितने पदक उतने अनुदान दिए जाएंगे।  

महाराष्ट्र राज्य हिंदी अकादमी पुरस्कारों की घोषणा

राज्य सरकार की ओर से दिए जानेवाले महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी पुरस्कारों की बुधवार को घोषणा की गई। अकादमी की ओर से अखिल भारतीय जीवन गौरव पुरस्कार व राज्य स्तरीय जीवन गौरव पुरस्कार तथा 20 विधा पुरस्कार सहित कुल तीस पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इस बार अखिल भारतीय जीवन गौरव पुरस्कार साहित्यकार रंगनाथ तिवारी को प्रदान किया जाएगा। जबकि डा राममनोहर त्रिपाठी अखिल भारतीय हिंदी सेवा पुरस्कार रामेश्वरनाथ मिश्र ‘अनुरोध’ को प्रदान किया जाएगा। अखिल भारतीय जीवन गौरव पुरस्कार के तहत विजेता को एक लाख रुपए, राज्य स्तरीय जीवन गौरव पुरस्कार विजेता को 51 हजार रुपए व विधा पुरस्कार के अंतर्गत स्वर्ण, रजत व कास्य पुरस्कार विजेताओं को क्रमश: 35 हजार रुपए , 25 हजार रुपए व 11 हजार रुपए नकद के अलावा स्मृति चिन्ह व सम्मान पत्र प्रदान किया जाएगा। पुरस्कार समारोह का आयोजन आगामी 1 मार्च को किया गया है। राज्य स्तरीय जीवन गौरव पुरस्कार के अंतर्गत छत्रपति शिवाजी राष्ट्रीय एकता पुरस्कार प्रेम शुक्ल को, साने गुरुजी राष्ट्रीय एकता पुरस्कार मंजू लोढा को, पद्मश्री अनंतगोपाल शेवडे हिंदी सेवा पुरस्कार डा.तेजपाल चौधरी, डा.उषा मेहता हिंदी सेवा पुरस्कार पूजाश्री को, गजानन माधव मुक्तिबोध मराठी भाषी हिंदी लेखक पुरस्कार सुधीर ओखदे, कांतीलाल जोशी इतर हिंदी भाषी हिंदी लेखक पुरस्कार माणिक बाबूराव मुंडे, वी शांताराम ललितकाल हिंदी विशिष्ट सेवा पुरस्कार डां. विनोद नारायण इंदुरकर को, सुब्रमण्य भारती हिंदी सेतु विशिष्ट सेवा पुरस्कार डा.भगवान तिवारी को दिया जाएगा। पुरस्कार हासिल करने वालों में शामिल मंजू लोढा भाजपा विधायक मंगलप्रभात लोढा की पत्नी हैं जबकि प्रेम शुक्ल भाजपा नेता। 

 

इसी तरह विधा लेखन के तहत काव्या विधा के लिए दिया जानेवाला संत नाम देव पुरस्कार सुप्रसिद्ध फिल्म गीतकार शीतला पांडेय ‘समीर’ को ( स्वर्ण), सुधा राठौर को (रजत) और डा. मुकेश गौतम को (कास्य) दिया जाएगा। कहानी विधा के लिए दिया जानेवाला मुंशी प्रेमचंद पुरस्कार मंजूला जोशी(स्वर्ण), कृष्ण नागपाल (रजत), डा.शशि वर्धन शर्मा ‘शैलेश’ (कास्य) को प्रदान किया जाएगा। इसी तरह निबंध विधा के लिए दिया जानेवाला आचार्य रामचंद्र शुक्ल पुरस्कार प्रभा मेहता को (स्वर्ण) व शिव प्रदास तिवारी को (कास्य) दिया जाएगा। समीक्षा विधा के लिए दिया जानेवाला आचार्य नंददुलारे वाजपेयी पुरस्कार डा. मजीद शेख (स्वर्ण) व डा.पंडित बन्ने (रजत) और डां. शशिकांत सोनवणे (कास्य) को प्रदान किया जाएगा। अनुवाद विधा के लिए दिया जानेवाला मामा वारेकर पुरस्कार वरिष्ठ पत्रकार कुमुद संघवी चावरे (स्वर्ण) व गीतकार रासबिहारी पांडे (रजत) को दिया जाएगा। वैज्ञानिक तकनीकी विधा के लिए दिया जानेवाला होमी जहांगीर भाभा पुरस्कार मुकेश पंडया (कास्य) को दिया जाएगा। हिंदी भाषा, भाषा शास्त्र तथा व्याकरण संबंधी लेखन विधा के लिए दिया जानेवाला पंडित महावीर प्रसाद द्विवेदी (कांस्य) पुरस्कार डा दिनेश प्रताप सिंह को दिया जाएगा। नाटक विधा के लिए दिया जानेवाला विष्णुदास भावे  पुरस्कार डा मधुकर राठोड (स्वर्ण) को प्रदान किया जाएगा। जीवनी परक साहित्य विधा के लिए दिया जानेवाला काका कालेकर रजत पुरस्कार डा. जितेंद्र पाण्डेय व पत्रकारिता कला विधा के लिए दिया जानेवाला बाबूराव विष्णु पराडकर कास्य पुरस्कार अनूप श्रीवास्तव को दिया गया है। जबकि लोकसाहित्य विधा के लिए दिया जानेवाला फणीश्वरनाथ रेणु पुरस्कार निर्माला डोसी (स्वर्ण) को दिया गया है। बाल साहित्य विधा के लिए दिया जानेवाला सोहन लाल द्विवेदी कांस्य पुरस्कार के लिए नीलम सक्सेना ‘चंद्रा’ का चयन किया गया है। आगामी एक मार्च को केसी कॉलेज के सभागृह में आयोजित कार्यक्रम के दौरान यह पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। 
 

Created On :   20 Feb 2019 3:53 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story