कई दलों के बड़े नेता खिलाएंगे कमल, सीएम बोले आगे-आगे देखो अब होता है क्या

Major leaders of several parties will soon join BJP : CM
कई दलों के बड़े नेता खिलाएंगे कमल, सीएम बोले आगे-आगे देखो अब होता है क्या
कई दलों के बड़े नेता खिलाएंगे कमल, सीएम बोले आगे-आगे देखो अब होता है क्या

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दावा किया है कि जल्द ही कई दलों के प्रमुख नेता भाजपा में शामिल हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि दूसरे दलों के नेताओं का लग रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश प्रगति कर सकता है और सुरक्षित रह सकता है। इसलिए कई नेता भाजपा में आने के लिए तैयार हैं। मंगलवार को मुख्यमंत्री ने प्रदेश भाजपा कार्यालय में चुनाव के लिए मीडिया रूम का उद्धाटन किया। इस मौके पर पत्रकारों से बातचीत में राष्ट्रवादी कांग्रेस के नेता व माढा से सांसद विजय सिंह मोहिते पाटील के बेटे रणजीतसिंह मोहिते पाटील के भाजपा में शामिल होने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आगे-आगे देखिए होता है क्या। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार के चुनाव में साल 2014 से बड़ी लहर मोदी के पक्ष में नजर आ रही है। महाराष्ट्र में समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के गठबंधन पर मुख्यमंत्री ने कहा कि दोनों दलों के गठबंधन का प्रभाव उत्तर प्रदेश में देखने को मिल सकता है। लेकिन उत्तर प्रदेश को छोड़कर बाकी प्रदेशों में भाजपा ही नंबर एक पर रहेगी। नंबर दो के लिए विपक्षी दलों लड़ाई होगी।

आठवले को नहीं मिलेगी लोकसभा चुनाव में उम्मीदवारी

लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा के सहयोगी दलों को झटका लगा है। भाजपा के सहयोगी दल आरपीआई के अध्यक्ष व केंद्रीय सामाजिक न्याय व अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास आठवले के लोकसभा चुनाव लड़ने की इच्छा पर पानी फिर गया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने स्पष्ट कर दिया है कि भाजपा आठवले को लोकसभा चुनाव के लिए टिकट नहीं देगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आठवले ने एक सीट मांगी थी लेकिन किन्हीं कारणों से हम उनको सीट नहीं दे पा रहे हैं। पर विधानसभा चुनाव में उनको उचित सीटें दी जाएंगी। 24 मार्च को कोल्हापुर में होने वाली युति की पहली सभा में आठवले शामिल होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि बारामती लोकसभा सीट पर भाजपा के चिन्ह पर ही चुनाव लड़ा जाएगा। मुख्यमंत्री के रूख से राष्ट्रीय समाज पक्ष के अध्यक्ष व प्रदेश के पशुपालन मंत्री महादेव जानकर को भी टिकट मिलने की संभावना बहुत कम है। वहीं रयत क्रांति संगठन के प्रमुख व प्रदेश के कृषि राज्य मंत्री सदाभाऊ खोत को भाजपा से उम्मीदवारी नहीं मिलेगी। वैसे खोत कह चुके हैं कि उनको मुख्यमंत्री का फैसला मंजूर होगा।  

असमंजस में हैं पवार

एयर स्ट्राइक को लेकर राष्ट्रवादी कांग्रेस के अध्यक्ष शरद पवार के यू-टर्न पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पवार असमंजस की स्थिति में हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि एयर स्ट्राइक का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जाता है। क्योंकि प्रधानमंत्री के नेता उन्होंने निर्णय क्षमता दिखाई। लेकिन पवार यह श्रेय उनको नहीं देना चाहते हैं। इसलिए वे भ्रम की स्थिति पैदा करने वाले बयान दे रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पवार परिपक्व नेता हैं। इसलिए मुझे लगता है कि वे उचित बयान देंगे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रवादी कांग्रेस में काफी अपरिपक्व लोग हैं लेकिन हम लोग उस पर ध्यान नहीं देते हैं। 

कल तक उम्मीदवारों की पहली सूची 

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा के उम्मीदवारों की पहली सूची मंगलवार देर रात या फिर बुधवार तक जारी हो जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उम्मीदवारों के नामों को लेकर कोई वाद-विवाद नहीं है। सभी नामों को आमसहमति से दिल्ली में भेजा गया है। कुछ सीटों पर उम्मीदवारों के नाम अगले दो दिनों में भाजपा के संसदीय बोर्ड के पास भेज दिया जाएगा। 

 

Created On :   19 March 2019 3:17 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story