प्रेमिका को फंसाने सिद्धिविनायक मंदिर उड़ाने की दे डाली धमकी, आरोपी गिरफ्तार

Man wrote threatening message of blasting siddhivinayak temple, arrested
प्रेमिका को फंसाने सिद्धिविनायक मंदिर उड़ाने की दे डाली धमकी, आरोपी गिरफ्तार
प्रेमिका को फंसाने सिद्धिविनायक मंदिर उड़ाने की दे डाली धमकी, आरोपी गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। पूर्व प्रेमिका से विवाद के बाद उसे फंसाने के लिए एक शख्स ने ठाणे स्थित एक मॉल के बाथरूम में उसके मोबाइल नंबर के साथ सिद्धिविनायक मंदिर उड़ाने के धमकी भरे संदेश लिख दिए। संदेश देखते ही ठाणे स्थित विवियाना मॉल में हड़कंप मच गया। छानबीन में जुटी पुलिस ने लड़की से संपर्क किया तो उसने अपने पूर्व प्रेमी पर शक जताया। इसके बाद पुलिस ने चार घंटे के भीतर आरोपी को दबोच लिया।

ठाणे के पोखरण रोड पर स्थित विवियाना मॉल की निचली और पहली मंजिल पर स्थित बाथरूम में पर्चे मिले थे। इन पर्चों में ‘गजवा ए हिंद, दादर सिद्धिविनायक मंदिर बूम और आईएसआईएस इज कमिंग, स्लीपर सेल इज एक्टिवेटेड’ लिखा हुआ था। इसके अलावा पर्चे पर स्केज पेन से एक लड़की और एक लड़के का मोबाइल नंबर लिखा हुआ था। पर्चे मिलने के बाद मॉल में हड़कंप मच गया। वहां सुरक्षा इंतजाम बढ़ा दिए गए वहीं वर्तकनगर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी।

पुलिस ने पर्चे में लिखे मोबाइल पर फोन किया तो उसे एक लड़की ने उठाया। पुलिस ने लड़की को पूरे मामले की जानकारी दी और पर्चे पर लिखे दूसरे नंबर के बारे में पूछा तो लड़की ने बताया कि वह नंबर उसके एक दोस्त का है जो उसके साथ ही काम करता है। इसके बाद लड़की ने पुलिस को बताया कि विक्रोली इलाके में रहने वाले केतन घोडके नाम के एक व्यक्ति से उसके पिछले सात सालों से प्रेम संबंध थे। लेकिन दोनों के बीच किसी बात पर अनबन हो गई।

इसके बाद उसके ऑफिस के ही एक दोस्त के साथ नजदीकी बढ़ गई। लेकिन घोडके उसे बार-बार परेशान करता है। लड़की ने संदेह व्यक्त किया कि इस मामले में घोडके का हाथ हो सकता है। इसके बाद पुलिस ने घोडके को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ शुरू की तो उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। घोडके ने बताया कि उसने लड़की और उसके दोस्त को फंसाने के लिए धमकी भरे संदेश के साथ उनका मोबाइल नंबर लिख दिया था।       

Created On :   17 Jun 2019 3:26 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story