मराठा आरक्षण की मांग को लेकर मावल में बंद, मनपा में हंगामा

Mawal closed due to maratha agitation,party started ruckus in MNP
मराठा आरक्षण की मांग को लेकर मावल में बंद, मनपा में हंगामा
मराठा आरक्षण की मांग को लेकर मावल में बंद, मनपा में हंगामा

डिजिटल डेस्क, पुणे। मराठा आरक्षण की मांग को लेकर गुरूवार को मराठा क्रांति मोर्चा द्वारा पुणे के मावल तहसील में कड़ा बंद रखा गया। आंदोलनकारियों ने पुणे-मुंबई महामार्ग तथा हाईवे पर रास्ता रोको, रेल रोको कर यातायात बंद कराया। सुबह साढ़े आठ बजे मावल तहसील स्थित कान्हेफोटा में यातायात रोका गया। दस बजे कार्लाफाटा तथा वड़गाव चाकण महामार्ग पर रास्ता रोको आंदोलन किया गया। कार्ला फाटा करीबन एक घंटा रास्ता रोका गया था, जिसके कारण राष्ट्रीय महामार्ग पर दोनों तरफा यातायात ठप हो गया था। लोणावला शहर में सभी दुकानें, बाजारपेठ बंद रखी गईं थी। आंदोलनकारियों ने पैदल मोर्चा निकाला।

इस समय किसी भी प्रकार की हिंसक घटना न हो इसलिए पुलिस ने कड़ा बंदोबस्त तैनात किया था। मलवली रेल स्थानक के पास रेल रोको आंदोलन कर पुणे भुसावल पैसेंजर गाड़ी रोकी गई थी। पुलिस ने जैसे तैसे आंदोलनकारियों को वहां से भगाया। उर्से टोल नाका तथा कामशेत सुरंग परिसर में ठिया आंदोलन किया गया, जिससे हायवे पर बड़े पैमाने पर यातायात जाम हो गया था। पुराने पुणे मुंबई महामार्ग पर तलेगांव चौराहे में करीबन एक घंटा रास्ता रोको आंदोलन किया गया।

स्कूल, महाविद्यालय भी रखें बंद
स्थानीय व्यापारियों समेत स्कूल, महाविद्यालयों तथा ट्रान्सपोर्टरों का भी बंद को अच्छा प्रतिसाद मिला। लोनावला, कार्ला, कामशेत, कान्हेफाटा, वड़गाव, तलेगांव, देहूरोड, पवनानगर में आंदोलनकारियों ने महाराष्ट्र शासन तथा मुख्यमंत्री का विरोध जताया। साथ ही 9 अगस्त तक मराठा आरक्षण संदर्भ में ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो हाईवे तथा पुराना पुणे मुंबई महामार्ग बंद रखने की चेतावनी भी आंदोलनकारियों ने दी।

मनपा में हंगामा, सत्तारूढ़ और विपक्षों में विवाद 
पुणे महानगरपालिका की गुरूवार को हुई सर्वसाधारण सभा में मराठा आरक्षण मुद्दे को लेकर शिवसेना, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी, कांग्रेस तथा महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के पार्षदों ने हंगामा किया। शिवसेना के गुटनेता संजय भोसले ने महापौर के सामने रखा पुष्पगुच्छ फेंक दिया जिस कारण भारतीय जनता पार्टी के पार्षद और उनमें झगड़ा हुआ।

मराठा आरक्षण का मुद्दा दिन ब दिन गंभीर बनता जा रहा है। आरक्षण की मांग को लेकर राज्य में किए जा रहे आंदोलन का असर गुरूवार को पुणे मनपा की सर्वसाधारण सभा में भी दिखाई दिया। आरक्षण की मुद्दे पर चर्चा करने की मांग विपक्षों ने की, लेकिन सत्तारूढ़ भाजपा ने सभा तहकूब करने का निर्णय लिया। इस समय शिवसेना के गुट नेता संजय भोसले ने बोलने की कोशिश की लेकिन सभा स्थगित होने की सूचना प्रस्तुत की गई। इस बात से संतप्त भोसले ने महापौर के सामने रखा हुआ राजदंड उठाया और पुष्पगुच्छ फेंक दिया। इससे हंगामा मच गया। भाजपा के पार्षद और शिवसेना के पार्षदों में जमकर विवाद हुआ। अन्य पार्टियों के पार्षद भी आक्रामक हुए और उन्होंने भी हंगामा किया। आखिरकार इस हंगामे के कारण सभा रद्द करनी पड़ी।

Created On :   26 July 2018 2:46 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story