भारतीय रंग में रंगी नजर आई महारानी मैक्सिमा, मेरठ के लिसाड़ी गांव का किया दौरा

भारतीय रंग में रंगी नजर आई महारानी मैक्सिमा, मेरठ के लिसाड़ी गांव का किया दौरा

डिजिटल डेस्क, मेरठ, उत्तर प्रदेश : चार दिवसीय भारत दौरे पर आई यूरोपियन देश नीदरलैंड की महारानी मैक्सिमा सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने के बाद मंगलवार को मेरठ पहुंची। यहां लिसाड़ी गांव में महारानी मैक्सिमा भारतीय रंग में रंगी नजर आई। महारानी मैक्सिमा कार से उतरकर करीब 400 मीटर पैदल चलकर वह आयोजन स्थल तक पहुंचीं। उन्होंने यहां के लोगों से नमस्ते और धन्यवाद शब्दों का उपयोग कर सबका दिल जीत लिया। रास्ते में मिले कुछ लोगों से महारानी ने बातचीत की। बातचीत के लिए एक ट्रांसलेटर उनके साथ था। उन्होंने रास्ते में वृद्ध महिलाओं से हाथ भी मिलाया। इस दौरान उन्होंने मेरठ में बनने वाली पिंक बॉल को भी देखा और वह कैसी बनाई जाती है उसकी जानकारी ली। लिसाड़ी गांव के कारीगरों के एक प्रतिनिधिमंडल ने महारानी को क्रिकेट बल्ला, गेंद और ग्लब्स भेंट किए। महारानी मैक्सिमा ने भी स्थानीय लोगों के अभिवादन को दिल से स्वीकार किया। 

 

 

महारानी मैक्सिमा ने लोगों से बैंक अकाउंट, खाते में कैश कैसे भुगतान होता है, लोन लेने के बाद क्या फायदे हुए, कितने लोगों को रोजगार से जोड़ा गया, कितनी कमाई हो जाती है और घर से बैंक कितनी दूर है जैसे सवाल किये। इस दौरान छोटे कारीगरों को लोन देने वाली फाइनेंस कंपनी से भी महारानी मैक्सिमा ने रिपोर्ट तलब की। 

 


लिसाड़ी में महारानी मैक्सिमा की सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किया गया था। महारानी ने भारतीय सुरक्षा के साथ-साथ नीदरलैंड के सुरक्षा कर्मियों के बीच लोगों से मुलाकात की। बता दें कि नीदरलैंड दूतावास, सेंट्रल आईबी, स्टेट आईबी, एलआईयू और पुलिस प्रशासनिक-अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था संभालने रहे है। करीब एक घंटा मेरठ में रुकने के बाद महारानी मैक्सिमा वापस दिल्ली लौट गईं।

 

 

महारानी मैक्सिमा संयुक्त राष्ट्र महासचिव के विकास के लिए समावेशी वित्त के विशेष दूत के रूप में भारत यात्रा पर आई हैं। महारानी मैक्सिमा ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वित्तीय समावेशन और वैश्विक विकास वित्त पर विचार विमर्श किया। 

 

Created On :   30 May 2018 4:00 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story