PNB SCAM : मेहुल चोकसी ने छोड़ी भारतीय नागरिकता, एंटीगुआ हाई कमीशन में जमा कराया पासपोर्ट

PNB SCAM : मेहुल चोकसी ने छोड़ी भारतीय नागरिकता, एंटीगुआ हाई कमीशन में जमा कराया पासपोर्ट
हाईलाइट
  • एंटीगुआ हाई कमीशन में जमा कराया पासपोर्ट
  • मेहुल चोकसी का भारत लाना सरकार के लिए मुश्किल
  • मेहुल चोकसी ने छोड़ी भारतीय नागरिकता

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पंजाब नेशनल बैंक (PNB) घोटाले के आरोपी मेहुल चोकसी को भारत लाने की कोशिशों को बड़ा झटका लगा है। साढ़े तेरह हजार करोड़ रुपये के पीएनबी बैंक घोटाले में आरोपी चोकसी ने भारतीय नागरिकता छोड़ दी है। जिसके लिए चोकसी ने 177 अमेरिकी डॉलर का ड्राफ्ट जमा किए हैं। चोकसी ने अपना भारतीय पासपोर्ट एंटीगुआ हाई कमीशन में जमा करा दिया है। चोकसी ने पासपोर्ट नंबर जेड 3396732 कैंसिल्ड बुक्स के साथ जमा कराया गया है। अब चोकसी को भारत लाना सरकार के लिए मुश्किल हो गया है। 

बता दें कि मेहुल चोकसी के खिलाफ पहले ही इंटरपोल का नोटिस जारी किया हुआ है, भारत की कई एजेंसियां लगातार उसकी तलाश कर रही थीं, लेकिन चोकसी की इस कोशिश से भारत द्वारा चोकसी को प्रत्यर्पित करने की कोशिशों को बड़ा झटका लगा है। इस संबंध में विदेश मंत्रालय के संयुक्त सचिव अमित नारंग ने गृह मंत्रालय को जानकारी दी है। नागरिकता छोड़ने वाले फार्म में चोकसी ने अपना नया पता जौली हार्बर सेंट मार्कस एंटीगुआ लिखा है। चोकसी भारतीय नागरिकता छोड़कर प्रत्यर्पण की कार्रवाई से बचना चाहता है। इस संबंध में एंटीगुआ की कोर्ट में 22 फरवरी को सुनवाई है। 

गौरतलब है कि चोकसी ने साल 2017 में ही एंटीगुआ की नागरिकता ली थी। मेहुल चोकसी 13,500 करोड़ रुपये के पंजाब नेशनल बैंक (PNB) धोखाधड़ी मामले के मुख्य आरोपियों में एक है। इस धोखाधड़ी मामले में चोकसी का रिश्तेदार नीरव मोदी मुख्य आरोपी है। आपको बता दें कि मेहुल चोकसी गीतांजलि ग्रुप का चेयरमैन है। धोखाधड़ी मामले का खुलासा होने के बाद उसने एंटीगुआ में शरण ले ली थी।

 

Created On :   21 Jan 2019 4:35 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story