IPL : हाई वोल्टेज मुकाबले में अंतिम गेंद पर जीता मुंबई, पंजाब को 3 विकेट से हराया

MI vs KXIP LIVE SCORE LIVE UPDATE LIVE COMMENTARY
IPL : हाई वोल्टेज मुकाबले में अंतिम गेंद पर जीता मुंबई, पंजाब को 3 विकेट से हराया
IPL : हाई वोल्टेज मुकाबले में अंतिम गेंद पर जीता मुंबई, पंजाब को 3 विकेट से हराया
हाईलाइट
  • मुंबई इंडियंस और किंग्स इलेवन पंजाब के बीच IPL-12 का 24वां मैच खेला गया।
  • मुंबई ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
  • यह मैच मुंबई के वानखेडे स्टेडियम में खेला गया।

डिजिटल डेस्क, मुंबई।  मुंबई इंडियंस और किंग्स इलेवन पंजाब के बीच खेले गए IPL-12 के 24वें मैच में मुंबई ने पंजाब को 3 विकेट से हरा दिया है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब की टीम ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 197 रन बनाए। केएल राहुल ने मुंबई के खिलाफ शानदार शतक लगाया। उन्होंने 64 गेंदों पर 6 चौके और 6 छक्कों की मदद से 100 रन बनाए। 198 रनों के लक्ष्य को मुंबई ने 20वें ओवर की आखिरी गेंद पर हासिल कर लिया। इस हाई वोल्टेज मुकाबले में मुंबई को आखिरी 2 ओवर में जीतने के लिए 32 रन की जरूरत थी। पोलार्ड ने 31 गेंदों पर 83 रन की विस्फोटक पारी खेलते हुए मुंबई को जीत की दहलीज पर खड़ा कर दिया। अंतिम गेंद पर मुंबई को जीतने के लिए 2 रन चाहिए थे जिसे मुंबई की टीम ने हासिल कर लिया। 

पोलार्ड ने लगाए 10 छक्के
198 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। डेब्यू मैच में सिद्धेश लाड कुछ खास नहीं कर सके और 15 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद क्विंटन डिकॉक और सुर्यकुमार यादव भी जल्दी आउट हो गए। कीरोन पोलार्ड और हार्दिक पंड्या ने 5वें विकेट के लिए 41 रन की साझेदारी की और मुंबई को लक्ष्य के करीब ले गए। हार्दिक रन रेट बढ़ाने के चक्कर में 135 के कुल स्कोर पर अपना विकेट गंवा बैठे। इसके बाद पोलार्ड ने अकेले मोर्चा संभालते हुए पहले तो अपना अर्धशतक पूरा किया और इसके बाद 31 गेंदों पर ताबड़तोड़ 83 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 3 चौके और 10 गगनचुंबी छक्के लगाए। अंतिम ओवर में मुंबई को जीत के लिए 15 रन चाहिए थे। पोलार्ड ने अंकित राजपूत की पहली गेंद (नो बॉल) पर छक्का और फ्री हिट में चौका लगाया। इसकी अगली गेंद पर वह आउट हो गए। इसके बाद अल्जारी जोसेफ और राहुल चहर ने अंतिम तीन गेंदों पर 4 रन बनाकर मुंबई को जीत दिला दी। पंजाब की ओर से मो शमी ने 3 विकेट लिए। वहीं अंकित राजपूत, अश्विन और सैम कुरन को 1-1 विकेट मिला।

फॉर्म में  लौटे राहुल
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब टीम के ओपनर केएल राहुल और क्रिस गेल ने टीम को बेहतरीन शुरुआत दी। इन दोनों ने पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी (116 रन) निभाई। इस दौरान यूनिवर्सल बॉस क्रिस गेल और राहुल ने अपना-अपना अर्धशतक पूरा किया। पंजाब को गेल के रूप में पहला झटका लगा। गेल 36 गेंदों पर 63 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में 3 चौके और 7 छक्के लगाए। इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरे डेविड मिलर (7), करुण नायर (5) और सैम कुरन (8) कुछ खास नहीं कर सके और जल्दी आउट हो गए। इसके बाद राहुल ने मोर्चा संभालते हुए कुछ शानदार शॉट लगाए और अपना शतक पूरा किया। उन्होंने 64 गेंदों पर 6 चौके और 6 छक्कों की मदद से 100 रन की नाबाद पारी खेली। वहीं मंदीप सिंह भी 7 रन बनाकर नाबाद रहे।

इस मैच के लिए मुंबई के नियमित कप्तान रोहित शर्मा को आराम दिया गया था। उनकी जगह सिद्धेश लाड को खिलाया गया। लाड का यह पहला IPL मैच था। वहीं कीरोन पोलार्ड इस मैच के लिए मुंबई की कप्तानी संभाली। उन्होंने इस मैच के लिए टीम में केवल एक बदलाव किया। वहीं पंजाब की टीम ने टीम में दो बदलाव किए थे। मुजीब की जगह हार्दस विलोजन और मयंक की जगह करुण नायर को टीम में शामिल किया गया। करुण का यह इस IPL सीजन का पहला मैच था। यह मैच मुंबई के वानखेडे स्टेडियम में खेला गया।

मुंबई इंडियंस : कीरोन पोलार्ड (कप्तान), सिद्धेश लाड, क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, इशान किशन, क्रुनाल पांड्या, हार्दिक पांड्या, राहुल चाहर, अल्जारी जोसेफ, जेसन बेहरेनडोर्फ, जसप्रीत बुमराह

किंग्स इलेवन पंजाब : रविचंद्रन अश्विन (कप्तान), लोकेश राहुल (विकेटकीपर), क्रिस गेल, करुण नायर, सरफराज खान, डेविड मिलर, मनदीप सिंह, सैम कुरन, हार्दिक विलोजेन, मोहम्मद शमी, अंकित राजपूत

 

Created On :   10 April 2019 2:43 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story