पेंच और कन्हान प्रबंधक को खनिज विभाग ने थमाया नोटिस, 60 दिनों का दिया समय

District Mineral Fund is not being used in Gadchiroli!
गड़चिरोली में जिला खनिज निधि का नहीं हो रहा कोई उपयाेग!
पेंच और कन्हान प्रबंधक को खनिज विभाग ने थमाया नोटिस, 60 दिनों का दिया समय

डिजिटल डेस्क,छिंदवाड़ा। तीन साल से ग्रामीण अवसंरचना शुल्क देने में आनकानी कर रहे पेंच और कन्हान क्षेत्र प्रबंधन को खनिज विभाग ने नोटिस जारी कर जबाव मांगा है। 60 दिनों के भीतर राशि जमा करने के आदेश जारी किए गए। नोटिस में कहा गया है कि यदि तय समय पर राशि जमा नहीं होती है तो खनिज विभाग इस मामले में एकतरफा कार्रवाई करते हुए खदानों की लीज निरस्त कर जमीन अपने कब्जे में ले लेगा। पिछले दिनों राजस्व, पुलिस, खनिज और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की संयुक्त जांच के बाद खदानों में मिली अनियमितता के अनुसार ये कार्रवाई डब्ल्यूसीएल के खिलाफ की गई है।
पेंच क्षेत्र 5 खदानों की जांच, 11 करोड़ की रिकवरी-
पेंच क्षेत्र प्रबंधन द्वारा संचालित पांच खदानों की जांच संयुक्त टीम ने की थी। इन खदानों में सेठिया, भाजीपानी, बड़कुही, रावनवाड़ा, शिवपुरी कोल खदान शामिल है। इन ओपनकास्ट खदानों की जांच के अलावा अधिकारियों ने पाया कि बंद खदानों में डेड रेंट की राशि वेकोलि द्वारा जारी नहीं की जा रही। पेंचक्षेत्र से खनिज विभाग को 11 करोड़ 12 लाख 97 हजार की वसूली करनी है।
कन्हान ने तीन साल से नहीं दिए सात करोड़-
कन्हान क्षेत्र प्रबंधन से खनिज को 7 करोड़ 41 लाख 88 रुपए लेने है। कन्हान प्रबंधन को आवंटित हुई तानसी, दमुआ, टाकियानाला, कोठीदेव, घोरावाड़ी, अम्बाड़ा खदानों की जांच पिछले दिनों अधिकारियों ने की थी। 2017 से प्रबंधन द्वारा डेड रेंट की राशि खनिज विभाग को नहीं दी गई है। आकस्मिक निरीक्षण में कन्हान की खदानों में कई अनियमितताएं भी पाई गई है। जिसको लेकर भी प्रबंधन पर कार्रवाई की जानी है।
सुरक्षा के इंतजाम नहीं, पर्यावरण को भारी नुकसान-
खदानों की जांच के बाद अधिकारियों ने रिपोर्ट तैयार की है। जिसमें गंभीर अनियमितताएं खदानों के संचालन में पाई गई।
1-अंडरग्राउंड खदान तानसी के इनक्लाईव क्षेत्र में जल छिड़काव पर्याप्त नहीं पाया गया। खदानों की सीमावर्ती मुनारे भी संरक्षित नहीं पाई गई।
2- किसी भी खदान के पूरे क्षेत्र में तार फेंसिंग नहीं मिली, जबकि एनजीटी ने सख्त हिदायत दी थी। खदानों में जलभराव भी पाया गया।
3- खदानों में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम भी नहीं मिले, खदानों के आसपास चेतावनी संबंधित बोर्ड भी नदारद थे। जो एक बड़ी लापरवाही है।
4- सेठिया खदान की रिपोर्ट में तो अधिकारियों ने पाया कि इस खदान से नदी प्रभावित हो रही है। अधिकारियों ने टीम के सामने अभिलेख भी प्रस्तुत नहीं किए।
इनका कहना है-
पेंच और कन्हान की खदानों में बड़ी अनियमितताएं सामने आई है। डेड रेंट की राशि को लेकर दोनों ही क्षेत्र प्रबंधन को 18 करोड़ का नोटिस जारी किया गया है।
मनीष पालेवार  जिला खनिज अधिकारी

Created On :   18 Feb 2019 5:09 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story