- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- राजनीतिक पार्टियों के अवैध...
राजनीतिक पार्टियों के अवैध होर्डिंग्स और बैनर हटाने जुटी मनपा
डिजिटल डेस्क, नागपुर। अवैध होर्डिंग्स के खिलाफ कड़ाई से कदम उठाने वाली मनपा अब राजनीतिक पार्टियों के होर्डिंग्स को लेकर नींद से जागी है। वह भी सफाई अभियान जब मुहाने पर है। दरअसल, शहर में इन दिनों जगह-जगह राजनीतिक पार्टियों के होर्डिंग्स और बैनर पटे पड़े हैं। ऐसे में यदि सर्वेक्षण के लिए टीम नागपुर आती है तो इसका असर भी ग्रेड पर पड़ेगा इसलिए मनपा सबसे पहले राजनीतिक पार्टियों के होर्डिंग्स और बैनर हटाने की तैयारी कर रही है। मनपा प्रशासन ने इन सब की फोटोग्राफी और रिकार्डिंग कर ली है।
कुछ दिनों से एक के बाद एक राजनीतिक कार्यक्रम और रैलियों के कारण शहरभर में अवैध होर्डिंग, पोस्टर और बैनर लगाए गए हैं। जानकारी के अनुसार, संबंधित पार्टी के शहर प्रमुख और शुभेच्छु पर जुर्माने के साथ ही विद्रुपीकरण कानून के तहत प्राथमिकी दर्ज करवाई जाएगी। शहर में पिछले दिनों कस्तूरचंद पार्क में भारिप बहुजन महासंघ और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिममीन के तत्वावधान में एक रैली का आयोजन किया गया था। इस दौरान शहर में जगह-जगह अवैध होर्डिंग लगाए गए थे। इसके अलावा भाजपा के सीएम चषक और महापौर चषक के भी कई जगह होर्डिंग्स लगे हुए दिखाई दे रहे हैं।
पिछले दिनों कांग्रेस की जन संघर्ष यात्रा के दौरान शहर भर में जगह-जगह अवैध होर्डिंग लगाए गए और हाल ही में भारतीय जनता पार्टी के अनुसूचित जाति के मोर्चा के राष्ट्रीय अधिवेशन के दौरान शहरभर में अवैध होर्डिंग लगाए गए हैं। अवैध होर्डिंग के कारण कई सारे चौराहों को ढक दिया गया।
मनपा प्रशासन के लिए चुनौती : राजनीतिक पार्टियों के पदाधिकारियों पर जुर्माना लगाना और प्राथमिकी दर्ज करवाना चुनौती के समान है। कुछ कार्यक्रमों को एक माह से अधिक हो गया है, लेकिन फिलहाल कोई कार्रवाई सामने नहीं आई है।
नियमानुसार होगी कार्रवाई
शहर को विद्रुप करने वालों के खिलाफ मनपा द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रचार के लिए लगाए गए अवैध होर्डिंग, बैनर और पोस्टर पर नियमानुसार एक्शन लिया जाएगा।
- अभिजीत बांगर, आयुक्त, मनपा
Created On :   21 Jan 2019 6:08 AM GMT