जापान में बाढ़ से भीषण तबाही, अब तक 76 की मौत, 16 लाख लोग बेघर 

More than 16 million people homeless in Japan, 76 killed in floods
जापान में बाढ़ से भीषण तबाही, अब तक 76 की मौत, 16 लाख लोग बेघर 
जापान में बाढ़ से भीषण तबाही, अब तक 76 की मौत, 16 लाख लोग बेघर 

डिजिटल डेस्क, हिरोशिमा। भारत-चीन के बाद अब जापान भी बाढ़ के कहर से जूझ रहा है। जापान के दक्षिणी इलाकों में बीते तीन दिन से लगातार हो रही बारिश ने प्रशासन की परेशानियों को और बढ़ा दिया है। अब तक बारिश से आई तबाही में 76 लोगों की मौत हो गई है। साथ ही लापता हुए 28 लोगों के मारे जाने की भी खबर है। बाढ़ के चलते 16 लाख लोग बेघर हो गए है। भारी बारिश के बीच आज क्यूशू और शिकोकू द्वीप के लिये नई आपदा चेतावनी जारी की गई है।

जापान में कई इलाकों में आई बाढ़ को लेकर प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने आपदा की इस घड़ी को ‘समय के साथ जंग’ बताते हुए लोगों से हौंसला बनाए रखने की बात कही है। शिंजो आबे ने कहा, ‘‘बचाव अभियान से, लोगों की जान बचाना और उन्हें दूसरे स्थान पर भेजना बहुत मुश्किल है ये काम समय के खिलाफ एक लड़ाई है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘अब भी कई ऐसे लोग हैं जिनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जानी बाकी है।’’

दक्षिण के अलावा पश्चिम जापान में भी बारिश से हालात सबसे अधिक खराब हैं। कुछ गांव पूरी तरह डूब गए हैं, जहां मदद पहुंचने तक कुछ लोगों ने अपने घर की छतों पर पनाह ली। मूसलाधार बारिश से अचानक बाढ़ आ गई और भूस्खलन हुआ। इस कारण से अधिकारियों को करीब 20 लाख लोगों को उनकी जगह से हटाना पड़ा। सैकड़ों लोग घायल हुए हैं और दर्जनों घर भी पूरी तरह तबाह हो गए।

हिरोशिमा प्रांत के आपदा प्रबंधन अधिकारी योशीहीदी फुजीतानी का कहना है कि "हम 24 घंटे बचाव अभियान चला रहे है" जिन लोगों को बचाया गया है उनकी देख-रेख की जा रही है। फुजीतानी ने कहा, ‘‘हम अपना सर्वश्रेष्ठ दे रहे हैं।’’ सरकार के एक अधिकारी ने बताया कि एक विशेष आपदा प्रकोष्ठ का गठन भी किया गया है। मौसम विज्ञान एजेंसी ने आज दो नए क्षेत्रों में भी हाई अलर्ट जारी कर दिया।

शिंजो सरकार के प्रवक्ता योशिदी सुगा ने कहा कि बारिश संबंधी घटनाओं में 76 लोगों की जान जा चुकी है, लेकिन अभी यह आंकड़ा और बढ़ सकता है। सुगा ने कहा कि करीब 92 लोगों के ठिकानों का कुछ पता नहीं चल पा रहा है। उन्होंने कहा कि अलग-अलग घटनाओं, जैसे कार बहने आदि में, 100 से ज्यादा लोगों के हताहत होने की खबरें मिली हैं। उन्होंने बताया कि राहत मिशन में 40 के करीब हेलीकॉप्टर लगे हुए हैं। 

Created On :   8 July 2018 9:53 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story