दुनिया के 3.5 अरब से ज्यादा लोग बूंद-बूंद पानी को तरसे, UN की रिपोर्ट में खुलासा

दुनिया के 3.5 अरब से ज्यादा लोग बूंद-बूंद पानी को तरसे, UN की रिपोर्ट में खुलासा

डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। दुनिया भर में जल संकट की भयावह तस्वीर साफ़ दिखाई दे रही है। जिस तरह से धरती पर तापमान ने वृद्धि होती जा रही है उसी तरह दुनिया में जल संकट भी गहराता जा रहा है। हाल ही में संयुक्त राष्ट्र ने अपनी एक रिपोर्ट में कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। संयुक्त राष्ट्र ने अपनी रिपोर्ट में जल संकट की जो तस्वीर दिखाई है वो बेहद चिंताजनक है।

विश्व जल विकास रिपोर्ट के आंकड़े 

संयुक्त राष्ट्र ने विश्व जल विकास रिपोर्ट 2018 में जल से सम्बंधित आंकड़े पेश किए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक दुनिया में 3.6 अरब लोग यानी विश्व की आधी आबादी ऐसी है, जो हर साल कम से कम एक महीने पानी के लिए तरस जाती है। 22 मार्च को होने वाले विश्व जल दिवस से पहले सोमवार को पेश की गई संयुक्त राष्ट्र की इस रिपोर्ट ने चिंता बढ़ा दी है। 

2050 तक 5.7 अरब लोग झेल रहे होंगे पानी की किल्लत 

रिपोर्ट में चेतावनी दी गई है कि पानी की किल्लत झेल रहे लोगों की संख्या 2050 तक 5.7 अरब तक पहुंच सकती है। यूनेस्को की महानिदेशक आद्रे अजोले ने ब्राजिलिया में रिपोर्ट पेश करते हुए कहा कि अगर हमने कुछ नहीं किया तो 2050 तक पांच अरब से ज्यादा लोग ऐसे क्षेत्र में रह रहे होंगे, जहां पानी की आपूर्ति बेहद खराब होगी। 

प्रतिवर्ष एक प्रतिशत बढ़ रही पानी की खपत 

रिपोर्ट के मुताबिक पिछली एक सदी में पानी की खपत छह गुना बढ़ी है और हर साल एक फीसदी पानी का इस्तेमाल बढ़ जाता है। गौरतलब है कि, कुछ समय पहले साउथ अफ्रीका के केपटाउन शहर से भी भीषण जल संकट की ख़बरें सामने आई थी। केपटाउन में हालात ये थे, कि वहां की सरकार नालियों के पानी को शुद्ध करके उपयोग के लिए वितरित कर रही थी।
ये भी साफ तौर पर जाहिर है कि जनसंख्या वृद्धि, आर्थिक विकास, उपभोग के तरीके में बदलाव से पानी की जरूरत ज्यादा बढ़ जाएगी। यह मांग विकासशील और उभरती अर्थव्यवस्था वाले देशों में ज्यादा होगी।

कब और क्यों मनाया जाता है विश्व जल दिवस

हर साल 22 मार्च को विश्व जल दिवस मनाया जाता है। 1993 में संयुक्त राष्ट्र की सामान्य सभा ने इस दिन को एक वार्षिक कार्यक्रम के रुप में मनाने का निर्णय किया था। लोगों के बीच जल का महत्व, आवश्यकता और संरक्षण के बारे में जागरुकता बढ़ाने के लिए दुनियाभर में विश्व जल दिवस मनाया जाता है। 

Created On :   20 March 2018 10:18 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story