मध्यप्रदेश : बड़वानी में महाशिवरात्रि का प्रसाद खाने से 1500 लोग बीमार

MP : 1500 people got sick after eating Mahashivratris Prasad
मध्यप्रदेश : बड़वानी में महाशिवरात्रि का प्रसाद खाने से 1500 लोग बीमार
मध्यप्रदेश : बड़वानी में महाशिवरात्रि का प्रसाद खाने से 1500 लोग बीमार

डिजिटल डेस्क, बड़वानी। मध्यप्रदेश के बड़वानी में महाशिवरात्रि का प्रसाद खाने से करीब 1500 लोग बीमार पड़ गए। बीमार पड़े लोगों ने उल्टी और पेट दर्द होने की शिकायत की है। बड़वानी के एक आश्रम में मिली शिवरात्रि के प्रसाद के बाद लोगों का यह हाल हुआ है। लोगों का कहना है कि प्रसाद में मिली खिचड़ी खाने के बाद से उन्हें लगातार उल्टी हो रही है और पेट में तेज दर्द हो रहा है। बीमारों को जिला अस्पताल समेत अन्य निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। जिला प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

गौरतलब है कि देश के अधिकांश हिस्सों में मंगलवार को शिवरात्रि मनाई गई। कुछ जगहों पर शिवरात्रि बुधवार को मनाई जा रही है। इस पर्व को देखते हुए बड़वानी के आश्रम में शिवरात्रि के मौक पर एक बड़ी पूजा का आयोजन किया गया था। पूजा-अर्चना के बाद प्रसाद में खिचड़ी का वितरण किया गया। इस समारोह में करीब 2 हजार से ज्यादा लोग जुटे थे।

दर्शनार्थियों को भगवान भोले के दर्शन के बाद प्रसाद वितरित की जा रही थी। प्रसाद खाने के बाद गांव के कुछ लोगों ने पेट दर्द की शिकायत की। देखते ही देखते कुछ देर में शिकायतों की संख्या बढ़ने लगी। लोगों ने आश्रम में ही उल्टियां करना शुरू कर दी। इसके बाद लोगों को तुरंत अस्पतालों में भर्ती करना शुरू किया गया।

जिले के कलेक्टर तेजस्वी एस नायक ने बताया कि अब तक इस मामले में किसी की जान नहीं गई है लेकिन बड़ी संख्या में लोग बीमार हुए हैं। उन्होंने बताया, "पीड़ितों की पहचान करने और उन्हें समय पर अस्पताल पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ी संख्या में पुलिस बल को लगाया है। दो प्राइवेट अस्पतालों में भी पीड़ितों को भर्ती कराया गया है। मामले की जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं।"

फिलहाल जिला अस्पताल में एक साथ इतने मरीजों के आने से भागादौड़ी मच गई है। पर्याप्त जगह न होने के कारण मरीजों को अस्पताल परिसर में जमीन पर ही लिटाकर इलाज किया  जा रहा है।

Created On :   13 Feb 2018 6:46 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story