नो-बॉल न देने पर अंपायर से भिड़े धोनी, मैच फीस का 50% जुर्माना लगा

नो-बॉल न देने पर अंपायर से भिड़े धोनी, मैच फीस का 50% जुर्माना लगा
हाईलाइट
  • एमएस धोनी को शायद ही किसी ने गुस्सा होते हुए देखा होगा।
  • जयपुर में खेले गए IPL मैच में धोनी गुस्से में अंपायर से भिड़ गए।
  • धोनी ओवर के बीच में ही मैदान पर उतर गए और अंपायर से भिड़ गए।

डिजिटल डेस्क, जयपुर। कैप्टन कूल के नाम से मशहूर चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान एमएस धोनी को शायद ही किसी ने गुस्सा होते हुए देखा होगा, लेकिन जयपुर में खेले गए IPL मैच में धोनी गुस्से में अंपायर से भिड़ गए। गुरुवार को जयपुर में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेले गए मैच में अंपायर द्वारा नो बॉल नहीं दिए जाने पर धोनी ओवर के बीच में ही मैदान पर उतर गए और अंपायर से भिड़ गए। मैच में अम्पायर के निर्णय पर आपत्ती जताने के लिए धोनी पर जुर्माना लगाया गया। जिसके तहत उनकी 50 प्रतिशत मैच फीस काट ली गई। धोनी ने आईपीएल की आचार संहिता के स्तर 2 के अपराध 2.20 को स्वीकार किया है और अपने ऊपर लगाए गए जुर्माने को मान लिया है। इस घटना ने क्रिकेट दुनिया में तूफान ला दिया है और इस घटना के वीडियो को सोशल मीडिया साइट्स पर खूब शेयर किया जा रहा है।

चेन्नई सुपर किंग्स को आखिरी ओवर में जीतने के लिए 18 रन चाहिए थे और 20 वें ओवर की पहली गेंद पर बेन स्टोक्स को रवींद्र जडेजा ने छक्का जड़ दिया। गली गेंद नो-बॉल थी, जिसपर जडेजा ने एक रन लेकर धोनी को स्ट्राइक दी। नो बॉल पर मिली फ्री हिट पर धोनी ने दो रन लिए, लेकिन इसकी अगली ही गेंद पर स्टोक्स ने धोनी को आउट कर दिया। इसके बाद अंपायर उल्हास गांधे ने ओवर की चौथी गेंद पर नो-बॉल का संकेत दिया और ऐसा लग रहा था कि स्टोक्स ने वेस्ट लाइन के ऊपर गेंदबाजी की थी। हालांकि, स्क्वायर लेग पर खड़े ब्रूस ऑक्सेनफोर्ड ने कहा कि यह नो-बॉल नहीं थी। इसके बाद भ्रम की स्थिति पैदा हो गई और गैर-स्ट्राइकर के छोर पर मौजूद रवींद्र जडेजा अंपायरों के साथ तत्काल बहस में लग गए।

बहस के बीच चेन्नई के कप्तान एमएस धोनी भी मैदान पर आए और अंपायरों के साथ बहस की और उल्हास गांधे की ओर इशारा किया, लेकिन ऑक्सेनफोर्ड ने अपना निर्णय नहीं बदला। बेन स्टोक्स ने धोनी को शांत करने की कोशिश की, लेकिन CSK के कप्तान खुश नहीं दिखे। आम तौर पर शांत रहने वाले धोनी मैदान पर अपने कूलनेस को खोते दिखे। हालांकि मैच के अंत में धोनी शांत दिखाई दिए। CSK ने यह मैच 4 विकेट से जीत लिया। धोनी की यह कप्तानी में 100वीं IPL जीत है।

Created On :   11 April 2019 7:41 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story