छोटे भाई को कर्ज से उबारेंगे मुकेश अंबानी, RCom का इंफ्रास्ट्रक्चर खरीदेगी Jio
डिजिटल डेस्क,मुंबई। कर्ज की मार झेल रहे अनिल अंबानी को बचाने के लिए बड़े भाई मुकेश अंबानी ने एक अहम फैसला लिया है। मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस जियो ने अनिल अंबानी की कंपनी रिलायंस कम्युनिकेशन (RCOM) की सिलेक्टेड संपत्तियों को खरीदने का ऐलान किया है। संपत्तियों को लेकर दोनों के बीच डील भी हो चुकी है। खरीदी जाने वाली संपत्तियों मे स्पैक्ट्रम, टावर, ऑप्टिक फाइबर केबल नेटवर्क और मीडिया कनवर्जेंस नोट्स शामिल है।
बता दें कि इससे पहले RCOM ने घोषणा की थी कि वह अपनी संपत्तियों की जल्द ही नीलामी करेगी। RCOM की संपत्तियों की नीलामी में Jio ने इसे खरीदा। इस बात की जानकारी खुद RCOM ने दी। RCom के अनुसार, कंपनी के एसेट्स के वैल्युएशन के लिए एक कमेटी बनाई थी। वहीं नीलामी में सबसे ऊंची बोली रिलायंस Jio ने लगाई। हालांकि इस पूरी प्रक्रिया में 2018 मार्च तक का समय लग सकता है।
फिलहाल ये साफ नहीं है कि इस सौदे की कीमत क्या है? एक रिपोर्ट के अनुसार सौदा 24-25 हजार करोड़ रुपए के आसपास हो सकता है। आरकॉम की संपत्तियों के मोनेटाइजेशन की प्रक्रिया आरकॉम के कर्जदाताओं के लिए आवश्यक थी जिन्होंने इस प्रक्रिया को चलाने के लिए एसबीआई कैपिटल मार्केट्स को नियुक्त किया था। RCOM की इन संपत्तियों में 43 हजार टॉवर, 4जी स्पेक्ट्रम, वायरलेस स्पेक्ट्रम, टावर, फाइबर और मीडिया कन्वर्जेंस नोड आदि शामिल है।
गौरतलब है कि इसी हफ्ते अनिल अंबानी ने ऐलान किया था कि रिलायंस कम्युनिकेशन स्ट्रैटेजिक डेब रिस्ट्रक्चरिंग यानी (SDR)से बाहर निकल रही है। इसी के साथ उन्होंने लेनदारों को मार्च 2018 तक कर्ज चुकाने और कुल कर्ज में 25 हजार करोड़ रुपए तक की कमी का भरोसा दिलाया है।
कर्ज में डूबी है RCom
जानकारी के अनुसार अनिल अंबानी की RCom 45 हजार करोड़ रुपए के कर्ज में है। हाल में RCom के चेयरमैन अनिल अंबानी ने इसकी जानकारी देते हुए कहा था कि रिलायंस कम्युनिकेशंस(RCom) मार्च 2018 तक अपना कर्ज 25 हजार करोड़ रुपए कम कर लेगी। साथ ही अनिल अंबानी ने बताया था कि इसके लिए कंपनी ने स्पेक्ट्रम, टॉवर और रियल एस्टेट एसेट्स बेचने का फैसला किया है। उन्होंने बताया था कि एसेट बिक्री की प्रक्रिया 49 दिनों में पूरी हो जाएगी।
दो स्तरों पर लगी थी बोली
धीरूभाई अंबानी के जन्मदिन के ठीक एक दिन बाद रिलायंस जियो इन्फोकॉम लिमिटेड (RJIL) ने ये घोषणा कि जियो ने रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड (R.COM) के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं, जिसके तहत वो R.COM और उसकी सहयोगी कंपनियों की संपत्तियों का अधिग्रहण करेगी। रिलायंस जियो ने एक बयान जारी कर कहा कि रिलायंस कम्युनिकेशन की संपत्तियों के लिए दो स्तरों पर बोली लगाने की प्रक्रिया पूरी की गयी जिसमें रिलायंस जियो ने बाकी दावेदारों से बाजी मारी।
उधर, रिलायंस कम्युनिकेशन ने अपने बयान में कहा कि पूरा सौदा चरणबद्ध तरीके से जनवरी से मार्च के बीच पूरा हो जाने की उम्मीद है। हालांकि ये सबकुछ इस बात पर भी निर्भर करेगा कि नियामक संस्थाओं और लेनदारों की अनुमति कब मिलती है।
Created On :   29 Dec 2017 7:01 AM GMT