बहनोई के हमले में दंपती घायल, मुंबई का ड्रग्स तस्कर नागपुर में पकड़ा, सेक्स रैकेट का भी हुआ भाडाफोड़

Mumbai drug trafficker caught in Nagpur, exposed sex racket
बहनोई के हमले में दंपती घायल, मुंबई का ड्रग्स तस्कर नागपुर में पकड़ा, सेक्स रैकेट का भी हुआ भाडाफोड़
बहनोई के हमले में दंपती घायल, मुंबई का ड्रग्स तस्कर नागपुर में पकड़ा, सेक्स रैकेट का भी हुआ भाडाफोड़

डिजिटल डेस्क, नागपुर। बहनोई ने दंपती पर हमला किया। उन्हें जान से मारने का प्रयास किया गया है। मामला एमआईड़ीसी थानांतर्गत सामने आया। घटना के बाद से आरोपी बहनोई फरार है। उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। वानाडोंगरी स्थित गेड़ाम ले-आउट निवासी रमेश शंकर बहेतवार 27 वर्ष बुट्टीबोरी में किसी कंपनी में काम करता है। पत्नी ज्ञानेवरी 23 वर्ष गृहिनी है। गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात में गेड़ाम दंपती सोए हुए थे। बहनोई अंगलाल कटरे 31 वर्ष ने गेट फांदकर भीतर प्रवेश किया। गहरी निंद में सोए रमेश के गले पर चाकू से वार कर उसे जान से मारने का प्रयास किया। रमेश की आवाज सुनकर पत्नी ज्ञानेश्वर की भी नींद खुली। परिवार के अन्य सदस्य भी जाग गए। शोर शराबा हुआ। प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश में पुलिस दल को उसके गांव रवाना किया गया है। सहायक निरीक्षक भातुकले मामले की जांच पड़ताल कर रहे है। 

 

मुंबई का ड्रग्स तस्कर नागपुर में पकड़ा

मुंबई के एमडी ड्रग्स तस्कर को नागपुर की अपराध शाखा पुलिस के मादक पदार्थ विरोधी दस्ते ने धरदबोचा। आरोपी सुशांत प्रभाकर तांबे (28) म्युनिसिपल कामगार वसाहत, देवनार, देवनार मंुबई निवासी से 53 ग्राम एमडी पाउडर (ड्रग्स) जब्त किया गया। जब्त माल की कीमत करीब 1 लाख 59 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है।  आरोपी से जब्त ड्रग्स व मोबाइल फोन सहित करीब 1,74,000 रुपए का माल  जब्त किया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार मादक पदार्थ विरोधी दस्ते को गुप्त सूचना मिली िक मुंबई से एक युवक एमडी नामक मादक पदार्थ लेकर नागपुर आ रहा है। यह माल वह नवीन कामठी क्षेत्र में पहुंचाने वाला है। पुलिस ने नया कामठी रेलवे स्टेशन के पास सराय झोपड़पट्टी रोड पर एक संदिग्ध युवक को रोका। उसके बैग की तलाशी लेने पर 53 ग्राम एमडी ड्रग्स मिला। इस आरोपी के बारे में मादक पदार्थ विरोधी दस्ते के सिपाही नितीन मिश्रा को गुप्त जानकारी मिली थी। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने अपना नाम सुशांत तांबे बताया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ  नया कामठी थाने में मामला दर्ज कर लिया है। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई। मादक पदार्थ विरोधी दस्ते के पुलिस निरीक्षक राजेंद्र निकम के मार्गदर्शन में हवलदार बागुल, प्रदीप पवार, नायब सिपाही सतीश पाटील व रुबिना शेख सहित अन्य ने कार्रवाई में सहयोग किया।

 

देह व्यापार अड्डे पर छापा

नागपुर में युवतियों को कम समय में अधिक पैसे कमाने का लालच देकर उनसे देह व्यापार कराने वाले दो दलालों को अपराध शाखा पुलिस विभाग के सामाजिक सुरक्षा दस्ते ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम फिरोज खान तुर्रेबाज खान (47) श्रावणनगर वाठोड़ा ले आउट आैर शैलेश मच्छिंदर झामरे (33) म्हालगीनगर हुड़केवर निवासी है। देह व्यवसाय में लिप्त तीन युवतियों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार शैलेश झामरे सोशल मीडिया के माध्यम से ऑनलाइन देह व्यापार चलाता था। वॉट्सऍप पर शौकीन ग्राहकों से संपर्क कर उन्हें युवतियां पहुंचाने का काम करता था। इस कार्य के लिए उसने फिरोज खान को भी अपने साथ में रख लिया था। युवतियों को  अलग-अलग स्थानों पर ग्राहकांे के पास देहव्यापार के लिए भेजा जाता था। इस बारे में अपराध शाखा पुलिस विभाग के सामाजिक सुरक्षा दस्ते को गुप्त जानकारी मिली। पुलिस ने दो नकली ग्राहक (पुलिस के पंटर) तैयार किया। दोनों नकली ग्राहकों के मार्फत आरोपी शैलेश झामरे के मोबाइल पर संपर्क किया गया।  नकली ग्राहकाें ने शैलेश से मोबाइल पर युवतियों के बारे में बातचीत की। आरोपी शैलेश ने दहीपुरा वस्ती, उंटखाना रोड, मेडिकल चौक से अशोक चौक रोड के बगल में युवतियों को लेकर पहुंचने की जानकारी दी।  इधर नकली ग्राहकों ने पुलिस को जानकारी दे दी। पुलिस ने जाल बिछाया। गुरुवार को आरोपी शैलेश जब मेडिकल चौक में युवतियों को लेकर पहुंचा, तब पुलिस ने नकली ग्राहक का इशारा मिलते ही आरोपी शैलेश झामरे और उसके साथी फिरोज खान को धरदबोचा। पुलिस ने 3 युवतियों को उनके चंगुल से छुड़ाया। सामाजिक सुरक्षा दस्ते के पुलिस निरीक्षक उमेश बेसरकर, उपनिरीक्षक जगताप, दामोधर राजूरकर, अजय जाधव, हवलदार शीतलाप्रसाद मिश्रा, सिपाही  प्रल्हाद डोले, सिपाही सुरेखा सांडेकर, छाया राऊत, साधना चव्हाण, चालक अनिल दुबे, सिपाही योगेश इप्पर व सामाजिक कार्यकर्ता प्रतिभा पाटील, सुनिता ठाकरे ने कार्रवाई में सहयोग किया। 

 

नंदनवन में दस रुपए के लिए हत्या

केडीके कॉलेज रोड पर  राजेंद्रनगर क्षेत्र में गरीब नवाज चौक, खरबी निवासी मो. आसिफ शेख मो. सईद (25) हाथठेले पर धनिया, मिरची, अदरक बेचने का काम करता है। बुधवार शाम करीब 7.30 बजे उसके ठेले से आरोपी अतुल शेंडे ने 10 रुपए का अदरक व मिर्ची लिया। पैसे मांगने पर अतुल अपने मित्र अक्षय करोते और एक अन्य के साथ मिलकर सब्जी विक्रेता से  मारपीट करने लगे। इस दौरान मो. आसिफ का मित्र सैयद इमरान सैयद नियाज (22) हसनबाग निवासी ने बीच बचाव किया तो आरोपियों ने उसकी हत्या कर दी। गुरुवार को नंदनवन पुलिस ने आरोपी अतुल शेंडे और अक्षय करोते को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। अतुल शेंडे पर वर्ष 2011 में हत्या का प्रकरण दर्ज है। उसने कोतवाली क्षेत्र में हत्या की वारदात को अंजाम दिया था। हत्या की उसकी यह दूसरी घटना है। दूसरी घटना मुंगसाजी नगर में हुई। यहां पर सेनापतिनगर निवासी विक्की विजय डहाके (22) पर अज्ञात आरोपियों ने हमला कर उसकी हत्या कर दी। विक्की मजदूरी करता था। अज्ञात आरोपियों ने उसके पेट, पीठ और पैर पर घातक शस्त्र से हमला कर हत्या की। इस प्रकरण में अभी तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिला है। 

 

4 एटीएम में चोरी का प्रयास

खामला परिसर के सब्जी बाजार में अलग-अलग बैकों के एटीएम सेंटर लगे हैं। बुधवार की देर रात चार एटीएम सेंटर में मशीनों को तोड़कर चोरी का प्रयास किया गया। एटीएम सेंटर में लगे सायरन के बजने से चोर वहां से भाग खड़े हुए। क्षेत्र के नागरिकों ने सवाल किया है िक रात के समय पुलिस का गश्तीदल कहां गश्त करता है। इस बारे में वरिष्ठ अधिकारियों से संज्ञान लिए जाने की मांग नागरिकों ने की है। पुलिस सूत्रों के अनुसार बुधवार की देर रात करीब 12.10 से गुरुवार की सुबह लगभग 6 बजे के दरमियान अज्ञात चोरों ने प्रतापनगर क्षेत्र के खामला चौक में आउटर रिंग रोड, पांडे ले-आउट में एसबीआई के एटीएम, आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम, बैंक आॅफ इंडिया के एटीएम व आईडीबीआई बैंक के एटीएम सेंटर में अंदर घुसे। चोरों ने इन चारों एटीएम सेंटर में चोरी का प्रयास किया। चोरों ने लोहे के रॉड से एटीएम के मशीन का दरवाजा टेढ़ा कर उसमें जमा रकम चुराने का प्रयास किया। इस दौरान  सायरन बजने से आरोपी फरार हो गए। एटीएम के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे में आरोपियों की गतिविधियां कैद होने की जानकारी पुलिस ने दी है। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी नजर आ रहे हैं लेकिन उनके चेहरे पर नकाब बंधा है। इस प्रकरण में इमरान अली ताहिर अली सैयद (34) प्लॉट नं. 7, योगेंद्र नगर, पुलिस  लाइन टाकली, नागपुर निवासी की शिकायत पर प्रतापनगर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 380, 427 और 511 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

 

युवती ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

उधर कोतवाली क्षेत्र में एक 23 वर्षीय युवती ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। मृतक का नाम स्नेहा प्रभाकर लुटे है। उसने खुदकुशी क्यों की? कारण पता नहीं चल पाया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार प्लाॅट नं. 150, भुतेश्वर नगर, नागपुर निवासी स्नेहा प्रभाकर लुटे ने गत 21 अगस्त को सीलिंग पंखे में नायलॉन की रस्सी बांधकर फांसी लगा ली। घटना की जानकारी मिलने पर कोतवाली थाने की महिला पुलिस उपनिरीक्षक तराडे सहयोगियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं। पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने फिलहाल आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

 

गहने व नकदी चोरी

कलमना क्षेत्र में एक मकान में अज्ञात चोर दबे पांव घुसकर नकदी व सोने के गहने सहित करीब 1 लाख 45 हजार रुपए का माल चुरा ले गए। चोरी की यह घटना राजनारायण दुबे के मकान में हुई। घटना के समय दुबे परिवार घर में सोया हुआ था, लेकिन उन्हें भनक तक नहीं लगी। पुलिस के अनुसार प्लाॅट नं. 34, ओम साईं नगर, पुराना कामठी रोड निवासी राजनारायण भगवानदीन दुबे के मकान में 21 से 22 अगस्त के दरमियान अज्ञात चोर रसोईघर की खिड़की से अंदर घुसकर अलमारी में रखे सोने के गहने व नगदी 1 लाख रुपए चुराकर फरार हो गया। गुरुवार को सुबह दुबे परिवार को घर में चोरी की बात पता चली। तब राजनारायण दुबे ने कलमना थाने में शिकायत की। चोर उनकी ई-रिक्शा की बैटरी भी चुराकर ले गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

 

पुलिस को गाली देने वाला गिरफ्तार

नाकाबंदी के समय दोपहिया वाहन चालक से दस्तावेज मांगने पर वह सिपाही से गाली-गलौल करने लगा। शिकायत पर कोराड़ी पुलिस ने आरोपी वाहन चालक शैलेश माहुर्ले के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। गुरुवार को सुबह करीब 11.45 बजे इंदोरा यातायात पुलिस विभाग के सिपाही नीलेश गडपडे ने कोराड़ी नाका चौक, नागपुर में नाकाबंदी पर तैनात था। इस दौरान उसने वाहन चालक शैलेश प्रभाकर माहुर्ले (35) झिंगाबाई टाकली निवासी को रोका। उसने शैलेश से दोपहिया वाहन के दस्तावेज मांगा। शैलेश ने उसे दस्तावेज दिखाने से इनकार कर दिया। शैलेश वर्तमान समय में केटीपीएस कॉलोनी, 8 टाइप 1/5, कोराड़ी नागपुर में रहता है। शैलेश ने दस्तावेज मांगने वाले सिपाही नीलेश से गाली-गलौज की। इस मामले की शिकायत करने पर कोराड़ी पुलिस ने आरोपी शैलेश पर धारा 353, 294, 504 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।


ट्रेन की टक्कर से युवक की मौत

वहीं कामठी रेलवे स्टेशन पुलिस अंतर्गत आने वाले सैलाब नगर के समीप तड़के 3 बजे शौच के लिए गए एक व्यक्ति को मालगाड़ी से टक्कर लग गई, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी तब मिली जब सुबह बस्ती के अन्य लोग शौच के लिए जाने लगे और उन्हें पटरी पर शव दिखाई दिया। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार कामठी के सैलाब नगर के समीप रेलवे मार्ग खंभा क्रमांक 1115/2578 मार्ग पर कन्हान से नागपुर की ओर तेज रफ्तार से जा रही एक मालगाड़ी की चपेट में संजय मनोहर मेश्राम (35) सैलाब नगर कामठी निवासी आ गया। घटना गुरुवार को तड़के 3 बजे की बताई जा रही है। संजय विवाहित है।  बता दें कि सैलाब नगर यह एक झोपड़पट्टी है और वहां पर सार्वजनिक शौचालय का अभाव है। अधिकतर लोग समीप के रेलवे परिसर में ही सुबह के समय शौच के लिए जाते हैं। गुरुवार को जब बस्ती के कुछ लोग सुबह के समय शौच के लिए जा रहे थे। तब उन्हें संजय का शव लहूलुहान अवस्था में दिखाई दिया। घटना की जानकारी रेलवे पुलिस विभाग को दी गई। रेलवे पुलिस के उपनिरीक्षक विनोद तिवारी, डी.आर. ठाकुर, शैलेश मेश्राम ने घटनास्थल पर पहंुचकर पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए उपजिला अस्पताल भेज दिया। इस मामले में फिलहाल पुलिस ने अाकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया है।

 

Created On :   23 Aug 2019 9:48 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story