मुंबई पुलिस का वो कॉन्स्टेबल, जिसका किस्सा पढ़कर आप करेंगे सलाम

Mumbai Police Constable Shivaji Shinde saved 8 peoples from Kamla Mills fire
मुंबई पुलिस का वो कॉन्स्टेबल, जिसका किस्सा पढ़कर आप करेंगे सलाम
मुंबई पुलिस का वो कॉन्स्टेबल, जिसका किस्सा पढ़कर आप करेंगे सलाम

डिजिटल डेस्क, मुंबई। बीते हफ्ते मुंबई के कमला मिल्स कंपाउंड में आग लगने की वजह से 14 लोगों की मौत हो गई। ये आंकड़ा और भी बढ़ सकता था, अगर कॉन्स्टेबल सुदर्शन शिवाजी शिंदे नहीं होते। कॉन्स्टेबल शिंदे ने इस आग हादसे के दौरान जो किया, उसकी जितनी तारीफ की जाए उतनी कम है। शिंदे ने आग हादसे के दौरान अपनी जान पर खेलकर दूसरों की जान बचाई। मुंबई पुलिस के इस कॉन्स्टेबल की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इस फोटो में शिंदे एक लड़की को अपने कंधे पर उठाकर ले जा रहे हैं।


8 लोगों की जान बचाई शिंदे ने

मुंबई के लोअर परेल इलाके के कमला मिल्स कंपाउंड में जब आग लगी, तो अफरा-तफरी मच गई। फायर ब्रिग्रेड की कई गाड़ियां मौजूद थी। बचाव दल भी लोगों को बचाने की कोशिश में जुटा हुआ था। ये सब देखकर कॉन्स्टेबल शिवाजी शिंदे भी लोगों की जान बचाने में जुट गए और ऐसे लोगों को बाहर निकाला जो धुंए के कारण बुरी हालत में थे। बताया जा रहा है कि कॉन्स्टेबल शिंदे ने एक-दो नहीं बल्कि 8 लोगों की जान अपनी जान पर खेलकर बचाई है। इसके लिए उनकी तारीफ भी हो रही है और सोशल मीडिया पर शिंदे की फोटो भी वायरल हो रही है। कॉन्स्टेबल शिंदे की इस फोटो को बॉलीवुड एक्टर रितेश देशमुख ने भी अपने सोशल अकाउंट पर शेयर किया है।

 



मुझे दुख है कि 14 लोगों की जान नहीं बच सकी

वहीं कॉन्स्टेबल शिवाजी शिंदे ने एक न्यूज चैनल से बातचीत में कहा कि "अच्छी बात है कि साल के पहले दिन मेरी तारीफ की गई, लेकिन मुझे दुख है कि उन 14 लोगों की जान नहीं बचाई जा सकी।" शिंदे ने बताया कि "मुझे वायरलैस पर आग लगने की जानकारी मिली थी। जब मैं वहां पहुंचा तो देखा कि लोग मदद के लिए चिल्ला रहे थे। कमला मिल्स के रूफटॉप पर आग बहुत भयंकर थी और कुछ दिखाई भी नहीं दे रहा था। फिर मैंने फायरवर्कर्स के साथ सीढ़ियों की मदद से छत पर जाने का फैसला लिया।"

स्ट्रेचर नहीं था, इसलिए कंधे पर लादा लोगों को

इसके आगे कॉन्स्टेबल शिंदे ने बताया कि "जब मैं ऊपर पहुंचा, तो हर तरफ धुंआ था और कुछ दिखाई भी नहीं दे रहा था। इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने एग्जिट डोर को तोड़ा ताकि आग पर काबू पाया जा सके।" उन्होंने बताया कि "वहां हमने वॉशरूम के पास कुछ महिलाओं को देखा और उन्हें एक-एक कर नीचे उतारा। उन महिलाओं को नीचे ले जाने के लिए स्ट्रेचर नहीं था, इसलिए मैंने उन्हें कंधों पर लादा और बाहर निकाला।"

29 दिसंबर को लगी थी पब में आग

मुंबई के कमला मिल्स कंपाउंड के रूफटॉप पर मौजूद लंडन टैक्सी बार में शुक्रवार (29 दिसंबर) देर रात अचानक आग लग गई थी। इस आग में 14 लोगों की मौत हो गई थी और कम से कम 15 लोग घायल हो गए थे। इस हादसे में लोगों की जान दम घुटने की वजह से हुई थी। इस हादसे में 28 साल की खुशबू मेहता की जान भी चली गई थी। खुशबू इस पब में अपनी दोस्त किंजल के साथ अपना बर्थडे सेलिब्रेट करने आईं थीं। इस हादसे में किंजल की मौत भी हो गई थी। इस हादसे में 11 लड़कों और 3 लड़कियों की जान चली गई थी। हादसे के बाद पब मालिकों को गिरफ्तार कर लिया गया है। 

Created On :   2 Jan 2018 6:08 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story