विजय हजारे ट्रॉफी : पृथ्वी-श्रेयस की शानदार पारी की बदौलत मुंबई फाइनल में

mumbai progress to the vijay hazare trophy final with brilliant innings from prithvi shaw and shreyas
विजय हजारे ट्रॉफी : पृथ्वी-श्रेयस की शानदार पारी की बदौलत मुंबई फाइनल में
विजय हजारे ट्रॉफी : पृथ्वी-श्रेयस की शानदार पारी की बदौलत मुंबई फाइनल में
हाईलाइट
  • पृथ्वी ने 44 गेंदों पर 61 रन की पारी खेली।
  • पृथ्वी शॉ और श्रेयस अय्यर धमाकेदार पारी की बदौलत मुंबई ने हैदराबाद को हरा दिया।
  • मुंबई और हैदराबाद के बीच इस मैच का नतीजा VJD नियम के आधार पर निकाला गया।

डिजिटल डेस्क, बेंगलुरू। ओपनर बल्लेबाज पृथ्वी शॉ की धमाकेदार पारी की बदौलत मुंबई ने हैदराबाद को हरा दिया है। बुधवार को खेले गए विजय हजारे ट्रॉफी के सेमीफाइनल मुकाबले में 247 के लक्ष्य का पीछा कर रही मुंबई ने 25 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 155 रन बनाए। इसके बाद बारिश ने खलल डाली और मैच दोबारा शुरू नहीं हो सका। इसके बाद इस मैच के नतीजे को VJD नियम के आधार पर निकाला गया, जिसमें मुंबई ने 60 रन के अंतर से बाजी मार ली। पृथ्वी ने 44 गेंदों पर 61 रन की पारी खेली। उनके अलावा मुंबई के कप्तान श्रेयस अय्यर 55 रन पर नाबाद रहे।

रोहित रायडू की पारी की बदौलत हैदराबाद ने बनाए 246 रन
इससे पहले हैदराबाद ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। हालांकि मुंबई के गेंदबाजों ने इस निर्णय को गलत साबित करते हुए 26 रन पर दो विकेट गिरा दिए। ओपनर तनमय अग्रवाल 11 रन और अक्षत रेड्डी 7 रन पर चलते बने। इसके बाद रोहित रायडू ने बावांका संदीप (29 रन) के साथ मिलकर पारी को संभाला। इन दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 50 रन की साझेदारी की। रोहित रायडू ने 132 गेंदों में आठ चौके और चार छक्कों की मदद से 121 रन की पारी खेली। हालांकि रोहित रायडू के चचेरे भाई और भारतीय टीम के मध्यक्रम बल्लेबाज अंबाती रायडू कुछ खास नहीं कर सके और 11 रन पर चलते बने। रोहित की शतकीय पारी की बदौलत हैदराबाद ने 246 रन का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया। मुंबई की ओर से तुषार देशपांडे ने तीन और रॉयस्टोन दास ने दो विकेट लिए।

मुंबई ने पृथ्वी-श्रेयस के दम पर जीता मैच
247 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही मुंबई की टीम ने शानदार शुरुआत की। पहले विकेट के लिए पृथ्वी शॉ और हिटमैन रोहित शर्मा (17 रन) ने 73 रन की साझेदारी की। पृथ्वी ने 44 गेंदों में आठ चौके और दो छक्कों की मदद से 61 रन बनाए। वहीं इन दोनों के आउट होने के बाद कप्तान श्रेयस (55 रन) और अंजिक्य रहाणे (17 रन) ने पारी को संभाला। मुंबई का स्कोर जब 155 रन पर दो विकेट था, उस वक्त बारिश ने विघ्न डाली और मैच रोक दिया गया। उस वक्त मुंबई को जीतने के लिए 25 ओवरों में 95 रन चाहिए थे। हालांकि खेल दोबारा शुरू नहीं हो सका। खेल रुकने तक मुंबई ने VJD नियम के मुताबिक 60 रन ज्यादा बनाए थे। 25 ओवर तक मुंबई को 95 रन बनाने थे, लेकिन मुंबई 155 रन बना चुकी थी। इस प्रकार मुंबई ने यह मैच जीतकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। इस दौरान हैदराबाद के तेज गेंदबाज मो. सिराज ने पृथ्वी समेत मुंबई के सभी बल्लेबाजों को परेशान किया।

अब मुंबई का फाइनल मुकाबला दिल्ली और झारखंड के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा। बता दें कि मुंबई ने अंतिम बार विजय हजारे ट्रॉफी 12 साल पहले जीता था। मुंबई ने 2006-07 सेशन में यह खिताब अपने नाम किया था। 

Created On :   17 Oct 2018 3:03 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story