नगर निगम ने आयुक्त मेन गेट पर लगा दिया ताला तो कर्मचारियों का हुआ ये हाल

Municipal commissioner took strict action against lazy officers
नगर निगम ने आयुक्त मेन गेट पर लगा दिया ताला तो कर्मचारियों का हुआ ये हाल
नगर निगम ने आयुक्त मेन गेट पर लगा दिया ताला तो कर्मचारियों का हुआ ये हाल

डिजिटल डेस्क, सतना। नगर निगम के आयुक्त संदीप जीआर ने विलम्ब से ऑफिस आने और कर्तव्य के प्रति उदासीनता बरतने के आदी हो चुके अधिकारियों और कर्मचारियों पर सर्जिकल स्ट्राइक करने जैसी औचक छापामार कार्रवाई की गई। कई दिनों से सम्बंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ लेट आने और निर्धारित समय से कार्यालय से नदारद हो जाने से सम्बंधित शिकायतें अलग-अलग सूत्रों से मिल रही थीं। जिनका कड़ा संज्ञान लेते हुए निगमायुक्त शुक्रवार को प्रात: 10 बजे नगर निगम कार्यालय पहुंच गए थे। लगभग 10:30 बजे तक नगर निगम के कुछ अधिकारी और ज्यादातर अन्य कर्मचारी नहीं आए थे। लिहाजा उन्होंने प्रवेश द्वार में ताला लगवा दिया और खुद अंदर बरामदे में खड़े हो गए। उनकी उक्त कार्यवाही के लगभग आधे घंटे बाद लापरवाह अधिकारी और सैकड़ों कर्मचारी हमेशा की तरह गेट में पहुंचे तो वहां का नजारा देखकर पसीना-पसीना होने लगे। उक्त सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की निगमायुक्त ने जमकर क्लास ली, इसके बाद गेट खुलवाकर सबको अंदर दाखिल होने की परमीशन दी गई।

खाली थे कई विभागाध्यक्षों की चेम्बर
करीब सवा 10 बजे निगमायुक्त सभी विभागाध्यक्षों के चेम्बरों का भी औचक मुआयना कर चुके थे। बताया जाता है कि कुछ विभाग प्रमुखों के अलावा इक्का-दुक्का अन्य कर्मचारी अपनी सीटों पर उपस्थित थे। अलबत्ता ज्यादा तर विभागाध्यक्षों के दफ्तरों में वीरानी पसरी हुई थी।

फिर हाजिरी लगाने मची भगदड़
गेट खुलवाकर कमिश्नर के अपने चेम्बर में जाते ही लेट आने वाले सभी कर्मचारी हाजिरी लगाने के लिए ग्राउंड फ्लोर के बरामदे में लगी थम्ब मशीन की ओर भाग रहे थे। एक दूसरे को पीछे छोड़कर भगदड़ मचाते हुए सम्बंधित लोग बायोमैट्रिक मशीन पर हाजिरी दर्ज कराने के लिए जद्दोजहद कर रहे थे। 

130 अधिकारियों-कर्मचारियों को शोकाज
उधर नगर निगम के जनसम्पर्क अधिकारी नारायण चतुर्वेदी द्वारा बताया गया है कि निगमायुक्त द्वारा विलम्ब से आने वाले 130 अधिकारियों-कर्मचारियों को शोकाज नोटिस जारी किए गए हैं। नियत समय पर कार्यालय में उपस्थित होकर सौंपे गए दाइत्वों का निर्वहन न करने के कारण सम्बंधितों को अनुपस्थिति का समाधानकारक कारण जवाब देने के लिए 3 दिन का समय दिया गया है। समाधान कारक जवाब नहीं पाए जाने पर सम्बंधितों के खिलाफ सख्त कार्यवाही किए जाने की चेतावनी दी गई है।

फिर नहीं सुधरे
बता दें कि इसके पहले तत्कालीन निगमायुक्त प्रवीण सिंह अढ़ायच ने खुदगर्ज विभागाध्यक्षों और अन्य कर्मचारियों के साथ नवम्बर 2018 में कुछ इसी तर्ज पर कार्यवाही की गई थी, जैसे की शुक्रवार को वर्तमान निगमायुक्त संदीप जीआर द्वारा की गई। उस समय तत्कालीन आयुक्त ने 3 सहायक आयुक्तों एवं 8 अभियंताओं सहित 63 कर्मचारियों का लेट आने के कारण सम्बंधित दिवस के वेतन में कटौती कर दी गई थी।

इनका कहना है
निर्धारित समय से विलम्ब आने वाले सभी लोगों को एससीएन दिए गए हैं। जवाब मिलने पर उनके खिलाफ आगे की आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी, लेकिन भविष्य में बेहद सख्त कार्यवाही की जाएगी।
संदीप जीआर, आयुक्त नगर निगम

 

Created On :   16 March 2019 8:37 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story