वर्ल्ड लेवल पर ‘मेरे दीनदयाल’ प्रतियोगी परीक्षा 23 को, लाखों युवा होंगे शामिल

My Deendayal International General Knowledge Competition exam on 23rd january
वर्ल्ड लेवल पर ‘मेरे दीनदयाल’ प्रतियोगी परीक्षा 23 को, लाखों युवा होंगे शामिल
वर्ल्ड लेवल पर ‘मेरे दीनदयाल’ प्रतियोगी परीक्षा 23 को, लाखों युवा होंगे शामिल

डिजिटल डेस्क, भोपाल। प्रदेश और देश ही नहीं दुनियाभर में 23 जनवरी को एक साथ आयोजित मेरे दीनदयाल अंतर्राष्ट्रीय सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में 30 लाख से अधिक युवा शामिल होंगे। पं. दीनदयाल उपाध्याय पर केन्द्रित मध्यप्रदेश के 9,154 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित इस ऑफलाइन परीक्षा में 26 लाख 12 हजार 118 पंजीकृत प्रतिभागी शामिल होंगे, तो वहीं दुनियाभर में एक साथ आयोजित ऑनलाइन परीक्षा में 3 लाख 98 हजार 554 प्रतिभागी परीक्षा देंगे।

प्रतियोगिता के संचालन में युवा मोर्चा के 4 हजार, 500 कार्यकर्ता जुटे हुए हैं। भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष अभिलाष पाण्डेय ने बताया कि प्रदेश के शिवपुरी और गुना जिलों में प्रतियोगिता का आयोजन चुनाव आयोग की अनुमति पर ही निर्भर रहेगा। हर जिले में कमोवेश 100 प्रतियोगी पुरस्कृत किये जायेंगे। पुरस्कारों में एक्टिवा से साइकिल एवं नोटपेड तक शामिल होंगे। मेरिट में आने वाले प्रथम 6 विजेताओं के लिए मुख्यमंत्री के साथ चाय का आयोजन भी निर्धारित किया गया है। ऐतिहासिक प्रतियोगिता के प्रति शुभकामना संदेशों का ताता लगा हुआ है।

वैचारिक दर्शन और जीवन से जुड़े होंगे प्रश्न
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, असम के मुख्यमंत्री सहित अनेकों विशिष्ट व्यक्तियों नेताओं और जनजीवन से जुड़े व्यक्तियों के शुभकामना संदेश प्राप्त हो चुके हैं। अमेरिका से इंडोयूएस हेल्थ इनीसिएटिव के संचालक प्रमीत माकोडे का संदेश विशेष उत्साहवर्धक है। प्रतियोगिता में उपस्थित होने के लिए 11 राज्यों के अध्यक्षों ने भी उत्सुकता दिखाई है। प्रतियोगिता में आठवीं से बारहवीं और प्रथम वर्ष से फाईनल (महाविद्यालयीन छात्र) जिनकी आयु 35 वर्ष से कम है भाग लेंगे। प्रतियोगिता में पं. दीनदयाल उपाध्याय के वैचारिक दर्शन और जीवन से जुड़े प्रश्न होंगे, साथ में एक लेख भी लिखना होगा।

इन बड़े देशों में भी होगी ये परीक्षा
इसके अलावा मेरे दीन दयाल प्रतियोगिता में भारत के अलावा जर्मनी, बांग्लादेश, भूटान, नेपाल, मलेशिया, मालदीप, ओमान, जापान, जॉर्डन, इंडोनेशिया, यूनाइटेड अरब एमिरेट्स, थाईलैंड, साऊदी अरेबिया, सिंगापुर, श्रीलंका, यूएस (सैटेल, नेवादा, न्यूयार्क लोवा, एरीजोना, लॉस एंजिलस, टेक्सस, कैलिफोर्निया वाशिंगटन) रसिया, फिलिपिंस, अफगानिस्तान, तंजानिया, साउथ अफ्रीका, मयनमार, कनाडा, वेनेजुएला, फ्रांस, इटली, ऑस्ट्रेलिया, मालीव, नीदरलैंड, स्विट्जरलैंड, नॉर्वे, न्यूजीलैंड, कुवैत, कतर, म्यूरिटियस, ऑस्ट्रिया, कोलंबिया सहित लगभग 40 देशों से प्रतिभागी सम्मिलित हो रहे है। साथ ही मध्यप्रदेश के अलावा उत्तर प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, गुजरात, हरियाणा, पंजाब, असम, केरल, हिमाचल प्रदेश सहित लगभग 13 राज्यों से प्रतिभागी शामिल हो रहे हैं।


जबलपुर और भोपाल में मुख्यमंत्री बनेंगे पर्यवेक्षक
भोपाल में इस प्रतियोगिता के शुभारंभ के अवसर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष पूनम महाजन उपस्थित रहेंगी। बाद में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जबलपुर भी पहुंचेंगे। प्रतियोगिताओं के आयोजन को सफल बनाने के लिए प्रदेश के मंत्री, सांसद, विधायक नगरीय और ग्रामीण निकायों के पदाधिकारी कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटे हैं। प्रतिभागियों के उत्साहवर्धन के लिए भोपाल और जबलपुर मेंं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ प्रदेश सह संगठन महामंत्री अतुल राय, उज्जैन में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्याम जाजू एवं प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत, ग्वालियर में केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, इंदौर में राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय एवं पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष, सांसद नंदकुमार सिंह चौहान, सागर में मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित ठाकर मौजूद रहेंगे।

गिनीज बुक, लिम्का बुक ने किया संपर्क
भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष अभिलाष पाण्डेय ने कहा कि गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड, लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड और वर्ल्ड बुक रिकॉर्ड के पदाधिकारियों ने मध्यप्रदेश युवा मोर्चा से संपर्क किया है। हम यह डाटा तैयार कर इन्हें भेजेंगे। संभवत: यह ऐतिहासिक कार्य वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज होगा। 13 हजार प्राइवेट और रिटायर्ड शिक्षक इस कार्य में सहयोग कर रहे हैं। प्रतिभागियों का ब्लड ग्रुप भी ले रहे है बाद में जिलों में इनकी सूची तैयार कर ब्लड डॉयरेक्टरी उपलब्ध कराएंगे।

Created On :   22 Jan 2018 12:41 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story