तीन राज्यों की सीमा पार कर नागपुर पहुंचा 7.24 लाख का गुटखा, जब्त

Nagpur: Maharashtra police seized tobacco worth 7.24 lac
तीन राज्यों की सीमा पार कर नागपुर पहुंचा 7.24 लाख का गुटखा, जब्त
तीन राज्यों की सीमा पार कर नागपुर पहुंचा 7.24 लाख का गुटखा, जब्त

डिजिटल डेस्क, नागपुर। तीन राज्यों की सीमा पार कर नागपुर पहुंचा लाखों का गुटखा पुलिस ने एक गाेदाम पर  छापा मारकर जब्त कर लिया। कार्रवाई क्षेत्र के पुलिस उपायुक्त विवेक मासाल की मौजूदगी में की गई। उन्हें गोदाम के अंदर प्रतिबंधित गुटखा से लदा ट्रक आने की गुप्त सूचना मिली थी। अहमदाबाद से यह माल ट्रक में लादकर भेजा गया था। माल अहमदाबाद से इंदौर, भोपाल, छिंदवाड़ा होते हुए नागपुर में वाड़ी स्थित एसटीसी लॉजिस्टिक ट्रांसपोर्ट के गोदाम में उतारा जा रहा था। ट्रक व गोदाम मालिक का नाम सुभाष बिश्नोई है और गोदाम के प्रबंधक रामकिसन बिश्नोई है। वाड़ी पुलिस ने सुभाष बिश्नोई और रामकिसन बिश्नोई पर धारा 188, 272, 273, 328, सहधारा 26(2) के तहत मामला दर्ज किया है। 

गुप्त सूचना मिलने पर कार्रवाई
 पुलिस सूत्रों के अनुसार अहमदाबाद निवासी सुभाष बिश्नोई का नागपुर में वाड़ी स्थित एसटीसी लॉजिस्टिक ट्रांसपोर्ट नामक  गोदाम है। गत शुक्रवार को गोदाम में अहमदाबाद से सुभाष बिश्नोई का ट्रक क्र आर जे 07 जीसी 6356 में प्रतिबंधित गुटखा लदकर आया था। यह माल नागपुर के वाडी वाले उक्त गोदाम में उतारा जा रहा था। इस बारे में पुलिस उपायुक्त विवेक मासाल को गुप्त जानकारी मिली। उन्होंने पुलिस निरीक्षक कैलास कुथे व अन्य सहयोगियों के साथ गोदाम पर छापा मारा। गोदाम में ट्रक से प्रतिबंधित गुटखा उतारा जा रहा था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गोदाम के अंदर से माल जब्त िकया। पश्चात यह जानकारी  अन्न व औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारी अभय देशपांडे को दी गई।

देशपांडे ने सहयोगी अधिकारी किरण गेडाम को भेजा। उपरांत पुलिस और एफडीए अधिकारियों ने गोदाम से सुगंधित तंबाकू गोल्डन युगी 250 ग्राम के 720 पैकेट (लगभग 1 लाख 15 हजार 200 रु.), 50 ग्राम के 15 हजार 400 पैकेट (करीब 5 लाख 85 हजार 200 रु.) तथा 250 ग्राम के 40 पैकेट (बिना लेबल के,  जिसकी कीमत करीब 24 हजार रुपए है) सुगंधित तंबाकू जब्त की गई।  पुलिस दस्ते ने कुल 990 किलो माल जब्त किया है, जिसकी कीमत 7 लाख 24 हजार 400 रुपए बताई गई है। एसटीसी लॉजिस्टिक गोदाम को सील कर दिया गया है। इस कार्रवाई से ट्रांसपोर्ट कारोबार क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। 

अहमदाबाद से निकला था माल
राज्य में गुटखा तंबाखू पर प्रतिबंध के बाद भी यह माल अहमदाबाद से तीन राज्यों की सीमा पार करता हुआ नागपुर पहुंचा था। सूत्र बताते हैं कि, इस गोदाम में करीब एक साल से प्रतिबंधित गुटखे का अवैध कारोबार शुरू था। नागपुर के अलावा विदर्भ के अन्य शहरों में यह माल सप्लाई किया जाता था, लेकिन  इस गोदाम में चल रहे अवैध कारोबार की एफडीए अधिकारियों को भनक तक नहीं थी। यही कारण है कि, एफडीए की जगह इस तरह की कार्रवाई पुलिस को करनी पड़ रही है।

ट्रक पर लिखा है एक राजनीतिक दल का नाम
मजे की बात यह है कि, करीब 850 किमी का सफर 15 घंटे में तय कर गोदाम मालिक सुभाष का ट्रक चालक यह माल लेकर वाड़ पहुंचा था। जब्त ट्रक वाड़ी थाने में खड़ी किया गया है।  ट्रक पर एक राजनीतिक संगठन का नाम भी लिखा है, इसलिए पुलिस  कार्रवाई में काफी सतर्कता बरत रही थी। अन्न व औषधि विभाग के अधिकारी किरण गेडाम की शिकायत पर वाड़ी थाने के उपनिरीक्षक शाम कावनपुरे ने मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच अमोल लाखडे कर रहे हैं।

 

 

 

 

Created On :   1 July 2019 9:06 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story