बड़े भाई का आशीर्वाद मिला है तो 4 लाख वोटों के अंतर से जीतूंगा : नाना पटोले

Nana Patole responds on the statement of Central Minister Gadkari
बड़े भाई का आशीर्वाद मिला है तो 4 लाख वोटों के अंतर से जीतूंगा : नाना पटोले
बड़े भाई का आशीर्वाद मिला है तो 4 लाख वोटों के अंतर से जीतूंगा : नाना पटोले

डिजिटल डेस्क, नागपुर। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवार नाना पटोले ने नितीन गडकरी के बयान पर कहा है कि बड़े भाई का आशीर्वाद मिल ही गया है, अब 4 लाख वोटों के अंतर से चुनाव जीतेंगे। उम्मीदवार घोषित होने के बाद शुक्रवार को प्रथम शहर आगमन पर रेलवे स्टेशन पर पटोले का कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। ढोल ताशों के साथ उनके समर्थन में नारे लगाए। हालांकि स्वागत कार्यक्रम में कांग्रेस की गुटबाजी की छाया कायम रही पर पार्टी की ओर से कहा गया है कि सब मिलजुलकर इस बार ताकत दिखाएंगे।

भूतल परिवहन मंत्री नितीन गडकरी यहां से भाजपा के उम्मीदवार होंगे। गडकरी ने गुरुवार को शहर आगमन के साथ ही पटोले काे शुभकामनाएं दी थी। उन्होंने कहा था कि पार्टी छोड़ जाने से आशीर्वाद कम नहीं होता है। वे पटोले को चुनाव लड़ने के लिए शुभकामनाएं देते हैं। गडकरी के इसी बयान पर पटोले ने आज प्रतिक्रिया दी। शहर आगमन के बाद पटोले ने स्वागत रैली के साथ सबसे पहले रेलवे स्टेशन परिसर के ही टेकड़ी स्थित गणेश मंदिर में पहुंचकर गणेश वंदना की। बाद में दीक्षाभूमि पहुंचकर भगवान बुद्ध व बाबासाहब आंबेडकर की प्रतिमा काे अभिवादन किया।

कम रही नितीन राउत के समर्थकों की संख्या
स्वागत रैली में पूर्व विधायक अशोक धवड़, कांग्रेस के शहर अध्यक्ष विकास ठाकरे, नगरसेवक प्रफुल गुडधे, मनपा के नेता प्रतिपक्ष तानाजी वनवे सहित अन्य पदाधिकारी थे। कांग्रेस एससी सेल के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितीन राऊत के समर्थक कम ही नजर आए। राकांपा की ओर से विधानपरिषद सदस्य प्रकाश गजभिये, पूर्व विधायक दीनानाथ पडोले, नगरसेवक दुनेश्वर पेठे थे। इसके अलावा अन्य संगठनोें के कार्यकर्ता भी थे। स्वागत रैली के बाद पटोले ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ चुनाव कार्य नियोजन के बारे में चर्चा की। बताया गया कि दो दिन तक सभी गुटों के नेताओं के घर जाकर मनोमिलन का प्रयास किया जाएगा। 25 मार्च को गडकरी नामांकन फार्म भरने वाले हैं। पटोले ने फिलहाल नामांकन तारीख तय नहीं की है। 

Created On :   15 March 2019 9:46 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story