गरियाबंद : सर्चिंग के दौरान हुआ IED ब्लास्ट, दो जवान शहीद

गरियाबंद : सर्चिंग के दौरान हुआ IED ब्लास्ट, दो जवान शहीद

डिजिटल डेस्क, गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद में सर्चिंग के दौरान एक आईईडी ब्लास्ट हो गया। जिसमें दो जवान शहीद हो गए। इस दौरान करीब दो घंटे तक मुठभेड़ चलती रही। जिसके बाद नक्सली मौके से भाग निकले। पुलिस के मुताबिक बुधवार को मैनपुर थाना से सीआरपीएफ की 65वीं बटालियन और छत्तीसगढ़ पुलिस के 50 जवानों की संयुक्त टुकड़ी बाइक से सर्चिंग पर निकली थी। जिला मुख्यालय से करीब 45 किमी दूर धवलपुर से लगे आमामोरा के जंगल में दोपहर करीब दो बजे जैसे ही जवान पहुंचे, सबसे पीछे वाली बाइक पर सवार जवान भोजलाल शांडिल्य और लेखराम बघेल आइइडी की चपेट में आ गए। विस्फोट से बाइक पूरी तरह जल गई और सड़क पर बड़ा सा गड्ढा बन गया। 
 


देवभोग निवासी भोजलाल और चारामा निवासी लेखराम मौके पर ही शहीद हो गए। ब्लास्ट के बाद घात लगाए नक्सलियों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी, लेकिन तब तक सामने चल रहे जवानों ने मोर्चा संभाल लिया। करीब दो घंटे तक दोनों तरफ से फायरिंग के बाद नक्सली भाग गए। एसपी एमआर आहिरे ने बताया कि इस घटना के बाद से इलाके में सर्चिंग तेज कर दी गई है। 
 


घटना के वक्त दोनों जवान गंभीर रूप से घायल हो गए थे। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था। इलाज के लिए ले जाते समय एक जवान की मौत हो गई, वहीं दूसरे जवान ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। शहीद हुए दोनों जवान डिस्ट्रिक्ट फोर्स के हैं।

आपको बता दें कि इसके पहले बीते 22 अप्रैल को महाराष्ट्र के गड़चिरोली में सी -60 कमांडो ने 37 नक्सलियों को ढेर किया था। तो छत्तीसगढ़ के बीजापुर में 28 अप्रैल को ग्रेहाउंड कमांडोज ने 7 नक्सलियों को मार गिराया था। मारे गए नक्सलियों में 2 पुरुष और 5 महिलाएं शामिल थीं। इन दो बड़ी सफलताओं के बाद आज हुई मुठभेड़ में दो जवान शहीद हो गए। 

Created On :   3 May 2018 12:47 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story