एनसीपी सांसद विजय सिंह मोहिते-पाटील भाजपा में हो सकते हैं शामिल  

NCP MP Vijay Singh Mohite-Patil may be join BJP soon
एनसीपी सांसद विजय सिंह मोहिते-पाटील भाजपा में हो सकते हैं शामिल  
एनसीपी सांसद विजय सिंह मोहिते-पाटील भाजपा में हो सकते हैं शामिल  

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र का एक और राजनीतिक परिवार भाजपाई बनने वाला है। माढा से सांसद व राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के वरिष्ठ नेता विजय सिंह मोहिते-पाटील अपने बेटे रणजीति सिंह मोहिते-पाटील के साथ बुधवार को भाजपा में शामिल हो सकते हैं। मंगलवार को उन्होंने अपने गृहक्षेत्र सोलापुर के अकलुज में अपने समर्थकों के साथ बैठक की। सूत्रों के अनुसार कार्यकर्ताओं से विचार विमर्श के बाद अब मोहिते-पाटील परिवार ने भाजपा में शामिल होने का फैसला किया है। 

वर्ष 2014 में मोदी लहर के बावजूद माढा से राकांपा उम्मीदवार के तौर पर लोकसभा चुनाव जीतने वाले विजय सिंह मोहिते-पाटील को पार्टी इस बार उम्मीदवारी नहीं देना चाहती। पहले राकांपा अध्यक्ष शरद पवार ने खुद इस सीट से चुनाव लड़ने का ऐलान किया था, तब मोहिते-पाटील भी पवार के लिए यह सीट छोड़ने को तैयार थे। लेकिन पवार के चुनाव लड़ने से इंकार के बाद राकांपा इस सीट से पूर्व आईएएस अधिकारी प्रभाकर देशमुख को उम्मीदवार बनानी चाहती है। इससे नाराज मोहिते पाटील भाजपा में शामिल होने वाले हैं। 

सूत्रों के अनुसार विजयसिंह मोहिते-पाटील के पुत्र राकांपा के युवा नेता रणजीत सिंह मोहिते-पाटील को भाजपा माढा से अपना उम्मीदवार बनाएगी। विजय सिंह मोहिते-पाटील का टिकट काटे जाने से माढा में उनके समर्थकों में राकांपा के प्रति काफी नाराजगी है। इसके पहले रणजीत सिंह मोहिते-पाटील ने राज्य के जल संरक्षण मंत्री गिरीष महाजन से मुलाकात की थी।   

उदय प्रताप सिंह भी बनेंगे भाजपाई  

मुंबई राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के पूर्व प्रवक्ता व सिद्धि विनायक मंदिर ट्रस्ट के ट्रस्टी रहे उदय  प्रताप सिंह भी रणजीत सिंह मोहिते-पाटील के साथ भाजपा में शामिल होंगे। सिंह लंबे समय से मोहिते-पाटील परिवार के करीब रहे हैं। उत्तर भारतीय नेता उदय प्रताप ने कुछ दिनों पहले राकांपा से इस्तीफा दे दिया था।  
 

Created On :   19 March 2019 5:13 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story