लंदन का इंजीनियर नहीं, नाईजेरिया का ठग निकला फेसबुक फ्रेंड

No engineer from London, Facebook friend was a Nigerian fraud
लंदन का इंजीनियर नहीं, नाईजेरिया का ठग निकला फेसबुक फ्रेंड
लंदन का इंजीनियर नहीं, नाईजेरिया का ठग निकला फेसबुक फ्रेंड

डिजिटल डेस्क, मुंबई। सोशल मीडिया पर दोस्ती के बाद महिला ने जिसे लंदन में रहने वाला इंजीनियर समझकर शादी का प्रस्ताव स्वीकार किया वह नाइजीरिया का ठग निकला। दरअसल आरोपी ने मंहगा तोहफा भेजने का झांसा देकर महिला को करीब दो लाख रुपए का चूना लगा दिया था। इसके बाद मामले की शिकायत नवघर पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने ठगी के लिए इस्तेमाल बैंक खातों और आईपी एड्रेस के आधार पर आरोपी को नई मुंबई से गिरफ्तार कर लिया।

मामले में पीड़िता 35 साल की नर्स है। उसे जून महीने में फेसबुक पर ग्रे बेसनन नाम के एक शख्स ने फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी थी। दोस्ती के बाद महिला और बेसनन ने चैटिंग शुरू की। नजदीकी बढ़ने के बाद दोनों ने एक दूसरे को मोबाइल नंबर दिए और बातचीत शुरू कर दी। बेसनन ने महिला से दावा किया कि वह लंदन में रहता है और इंजीनियर है। उसने महिला के सामने शादी का प्रस्ताव भी रखा जिसे महिला ने खुशी-खुशी स्वीकार कर लिया। इसके बाद बेसनन ने महिला को बताया कि वह लंदन से उसके लिए मंहगा तोहफा भेज रहा है। इसके बाद महिला को पार्सल ऑफिस से फोन आया और तोहफ के टैक्स के रूप में महिला से अलग-अलग बैंक खातों में 1 लाख 83 हजार रुपए जमा करा लिए गए। पैसों कि मांग जारी रही तो महिला ने मामले में नवघर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। 

सीनियर इंस्पेक्टर राम बालसिंग ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर आईपीसी की धारा 420 और आईटी एक्ट की धारा 66(डी) के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी। जांच के लिए इंस्पेक्टर सुरेश गंगजे की अगुआई में टीम बनाई गई। छानबीन में खुलासा हुआ कि महिला से ठगी करने वाले आरोपी का नाम पीटर ओकवूचुकवू (36) है। वह मूल रूप से नाइजीरिया के अनामबरा का रहने वाला है। फिलहाल नई मुंबई में रह रहा है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी एक संगठित गिरोह से जुड़ा है जो सोशल मीडिया पर फर्जी नाम से अकाउंट बनाकर महिलाओं को प्रेम के जाल में फंसाते हैं और फिर तोहफा देने के नाम पर ठगी करते हैं। मामले में कुछ और आरोपियों की तलाश की जा रही है।  
 

Created On :   21 Sep 2018 3:36 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story