नागपुर से भोपाल के लिए अब सीधे फ्लाइट जल्द

नागपुर से भोपाल के लिए अब सीधे फ्लाइट जल्द

डिजिटल डेस्क,नागपुर। जेट एयरवेज अब नागपुर और भोपाल के बीच सीधी फ्लाइट शुरू करने जा रहा है। आगामी 1 जून से उपराजधानी को मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल से सीधी फ्लाइट सेवा से जोड़ने की योजना जेट एयरवेज ने बनाई है। इससे भोपाल जैसे महत्वपूर्ण शहर में हवाई जहाज से जाने के लिए मुंबई एयरपोर्ट जाने की मजबूरी खत्म हो जाएगी। हालांकि इस संबंध में नागपुर एयरपोर्ट को अाधिकारिक पत्र प्राप्त नहीं हुआ है। एयरपोर्ट के वरिष्ठ प्रबंधक वी.एस. मुलिकर ने भी इस संबंध में किसी तरह का पत्र प्राप्त नहीं होने की बात कही है, लेकिन जेट एयरवेज से जुड़े अाधिकारिक सूत्र बता रहे हैं कि आनेवाले दस दिनों के भीतर इस संबंध में पत्राचार की औपचारिकताएं भी पूरी कर ली जाएंगी। 
जेट एयरवेज की 1 जून से तैयारी 
जानकारी के अनुसार, आगामी 1 जून से  जेट एयरवेज द्वारा यह सेवा शुरू की जा सकती है।  भोपाल से नागपुर की सीधी फ्लाइट का अनुमानित किराया 5300 रुपए के आस-पास रहने की जानकारी है। इसी तरह भोपाल से हैदराबाद के लिए 5900 रुपए किराया रखा जा सकता है। पहले भोपाल पहुंचने के लिए मुंबई पहुंचकर फ्लाइट लेनी पड़ती थी। इसके लिए तकरीबन 12 से 13 हजार रुपए का खर्च यात्रियों को उठाना पड़ता था, लेकिन अब सीधी हवाई सेवा से भोपाल-नागपुर से जुड़ने से यात्रियों को किफायती सेवा कम समय के भीतर मिल सकेगी। उल्लेखनीय है कि नागपुर और भोपाल के बीच सीधे फ्लाइट शुरू होने से सबसे अधिक व्यापारी वर्ग को लाभ होने की उम्मीद है।  

ऐसा होगा समय
जानकारी के अनुसार, यह फ्लाइट हैदराबाद से सुबह 9.40 को उड़ान भरेगी और नागपुर 11.20 बजे पहुंचेगी। इसके बाद नागपुर से भोपाल के लिए सुबह 11.45 से उड़ान भरेगी, जो 12.55 बजे पहुंचेगी। भोपाल से 1.20 बजे नागपुर के लिए उड़ान भरेगी और नागपुर दोपहर 2.30 बजे पहुंचेगी। इसी तरह नागपुर से हैदराबाद 2.55 से लेकर 4.35 बजे के दरम्यान पहुंचेगी। 

Created On :   27 Feb 2018 5:06 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story