सूखे से निपटने के लिए पुराना अनुभव काम आएगा - मेहता, संभाली जिम्मेदारी

Old Experience Will usefull to Dealing With Drought - Ajoy Mehta
सूखे से निपटने के लिए पुराना अनुभव काम आएगा - मेहता, संभाली जिम्मेदारी
सूखे से निपटने के लिए पुराना अनुभव काम आएगा - मेहता, संभाली जिम्मेदारी

डिजिटल डेस्क, मुंबई। प्रदेश सरकार के नए मुख्य सचिव अजोय मेहता ने पदभार ग्रहण कर लिया है। सोमवार को मंत्रालय में मेहता ने पूर्व मुख्य सचिव यूपीएस मदान से पदभार स्वीकारा। पदभार ग्रहण करने के बाद मेहता वर्षा पर आयोजित मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता वाली सूखे की समीक्षा बैठक में हिस्सा लिया। मेहता ऐसे वक्त में मुख्य सचिव बने हैं जब प्रदेश में सूखे की भीषण स्थिति है। इस पर मेहता ने कहा कि मुझे अहमदनगर के जिलाधिकारी के रूप में सूखा राहत के काम का अनुभव है। इसका फायदा मुझे राज्य के मौजूदा सूखे की स्थिति से निपटने में होगा। साल 1984 बैच के आईएएस अफसर मेहता ने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय की आईआईटी से बीटेक (सिविल इंजीनियरिंग) की डिग्री को हासिल की है। वे यूनाइटेड किंगडम  (ग्रेट ब्रिटेन) से एमबीए (वित्त) में पोस्ट ग्रेजुएट हैं। मुंबई विश्वविद्यालय से कानून की डिग्री (एलएलबी) हासिल की है। मेहता ने धुलिया के परिवीक्षा सहायक जिलाधिकारी के रूप में प्रशासनिक कैरियर की शुरुआत की। इसके बाद मेहता अहमदनगर के सहायक जिलाधिकारी, नाशिक जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, नाशिक महानगर पालिका के आयुक्त, अहमदनगर के जिलाधिकारी, मुंबई मनपा के सह आयुक्त (सुधार), केंद्र सरकार के फलोत्पदन विभाग के निदेशक, महाराष्ट्र राज्य विद्युत उत्पादन कंपनी (महानिर्मिति) के प्रबंध निदेशक, राज्य सरकार के ऊर्जा विभाग के प्रधान सचिव, राज्य विद्युत वितरण कंपनी (महावितरण) के प्रबंध निदेशक,पर्यावरण विभाग के प्रधान सचिव और मुंबई मनपा के आयुक्त समेत विभिन्न पदों पर कार्य कर चुके हैं। 

मुंबई मनपा आयुक्त परदेशी ने भी स्वीकारा पदभार

मुंबई महानगर पालिका के नए आयुक्त प्रवीण परदेशी ने भी पदभार संभाल लिया है। परदेशी ने मुंबई मनपा के पूर्व आयुक्त अजोय मेहता से पदभार स्वीकारा। पत्रकारों से बातचीत में परदेशी ने कहा कि आगामी मानसून में मुंबई की व्यवस्था सुचारू रूप से चल सके। इसके लिए मुंबई मनपा की ओर से किए गए प्रबंध को प्रभावी रूप से लागू किया जाएगा। 
 

Created On :   13 May 2019 2:44 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story