सीएम योगी ने ताजमहल को बताया भारतीय वास्तुकला का 'अनमोल रत्न'

On his Taj visit Yogi to spend time at Shah Jahan’s grave
सीएम योगी ने ताजमहल को बताया भारतीय वास्तुकला का 'अनमोल रत्न'
सीएम योगी ने ताजमहल को बताया भारतीय वास्तुकला का 'अनमोल रत्न'

डिजिटल डेस्क,आगरा। ताजमहल को लेकर चल रहे विवादों के बीच यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ आगरा पहुंचे और ताज महल का दीदार किया। ये उनका पहला ताज महल का दौरा है। योगी आदित्यनाथ ने ताजमहल में 30 मिनट गुजारे, उस दौरान योगी  ने ताज महल के सामने झाड़ू लगाकर सफाई अभियान में भाग लिया। जब योगी ताज परिसर में झाड़ू लगा रहे थे, तब उनके समर्थकों ने "जय श्रीराम" के नारे लगाए। योगी ने मास्क पहनकर झाडू लगाई, फिर ताजमहल का दीदार किया। योगी शाहजहां और मुमताज की कब्र पर भी गए। योगी ने यहां विदशी पर्यटकों के साथ फोटोज खिंचवाई। इस दौरान समर्थक योगी-योगी के नारे लगाते रहे। 

 

ताजमहल का दीदार करने के बाद योगी ने एक जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा, "पिछली सरकारों के लिए ताजमहल एक पिकनिक स्पॉट था लेकिन हमारे लिए यह भारतीय वास्तुकला का अनमोल रत्न है।" योगी ने कहा कि पिछली सरकारों ने आगरा के लिए कोई काम नहीं किया। अब जब बीजेपी सरकार में पर्यटन विभाग आगरा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लाने के लिए काम कर रहा है तो उन्हें दुख हो रहा है।

 

सीएम योगी ने इस दौरान आगरा की प्रशंसा करते हुए कहा, "यह देश का एक ऐसा प्रमुख शहर है जहां एक साथ वर्ल्ड हेरिटेज से जुड़ी 5 इमारतें हैं। यहां हर दिन 40 से 50 हजार पर्यटक आते हैं। हमारी कोशिश है कि हम इस संख्या को 2 से ढाई लाख तक पहुंचाए।"

 

ताजमहल पर उठे विवाद पर यूपी सीएम ने कहा, "लोग तमाम प्रकार की टिप्पणियां करते हैं, उन बातों पर ध्यान न देते हुए हम सबको इसके इसके संरक्षण के लिए आगे आना होगा। ताजमहल क्यों बना, कैसे बना, हमें इसमें नहीं जाना है। यह आगरा समेत पूरे देश के लिए पर्यटकों को आकर्षित करता है, हमें यह ध्यान रखना होगा।
 

 

योगी के ताज दौरे में उनके साथ डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा भी शामिल रहे। योगी ने यहां पर कई योजनाओं का निरीक्षण किया और रबर बैराज के निर्माण की घोषणा की। इसके बाद योगी शाहजहां पार्क पहुंचे। यहां उन्होंने पुनर्जीवीकरण और आगरा किला-ताज महल के मध्य पैदल पथ के विकास योजना की शुरुआत की।

 

 

योगी आदित्यनाथ इसके बाद मुगल म्यूजियम का भी निरीक्षण किया। साथ ही एएसआई ऑफिस में ताज महल का प्रजेंटेशन भी देखेंगे। इस प्रेजेंटेशन में ताज के रखरखाव, संरक्षण और व्यवस्थाओं का ब्यौरा दिया जाएगा। योगी जीआईसी में भी सभा करेंगे और 2:00 से 4:00 बजे तक कीठम वन्य क्षेत्र में रहेंगे।

 

 

बता दें कि ताज महल को लेकर उठे कई विवादों के बाद सीएम योगी के आगरा दौरे की योजना की घोषणा की गई थी। यूपी टूरिज्म की किताब से राज्य में विकास परियोजनाओं की लिस्ट से ताज महल को हटाने के बाद विवाद की शुरूआत हुई थी।

 

अखिलेश ने ली योगी के आगरा दौरे पर चुटकी

ताजमहल को लेकर शुरू हुए विवाद के बाद सीएम योगी आगरा पहुंचे । दूसरी ओर योगी क इस दौरे पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने एक ट्वीट कर दिया। हालांकि ट्वीट में अखिलेश यादव ने किसी का नाम नहीं लिया है, लेकिन इसका इशारा योगी के दौरे की ओर ही है। अखिलेश ने लिखा है कि "ये है जमुना किनारे खड़े ताज का कहना, ये है प्यार का तीर्थ, यहां भी आते रहना"।

 

 

गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से ताजमहल को लेकर विवाद चल रहा था। विधायक संगीत सोम ने ताज महल को भारतीय इतिहास पर धब्बा बताया था। वहीं बीजेपी नेता विनय कटियार ने कहा कि यहां पहले शिव मंदिर था। 
 

पार्टी की छवि सुधारने में मदद करेगा यह दौरा !

आपको बता दें कि बीजेपी विधायक संगीत सोम ने पिछले सप्ताह एक बयान में ताजमहल को भारतीय संस्कृति पर "धब्बा" बताकर विवाद खड़ा कर दिया था, वहीं कुछ अन्य राजनेताओं ने यूनेस्को के इस विश्व धरोहर  स्थल (जिसका दीदार करने लाखों लोग पहुंचते हैं) को भारतीय सामाजिक-सांस्कृतिक लोकाचार का प्रतिनिधित्व न करने वाला बताया था। बीजेपी अपने नेताओं के बयानों से खुद को लचार महसूस कर रही है। इसी लचारी के मद्देनजर योगी आदित्यनाथ ने पिछले दिनों गोरखपुर में अपने भाषण के दौरान कहा था कि ताज देश का गर्व है क्योंकि इसे बनाने में सैकड़ों भारतीयों का खून पसीना लगा है।

 

सीएम के दौरे ने संवार दिया आगरा

सीएम आदित्याथ के दौर से पहले आगरा को पूरी तरह सजा दिया गया था। ताज की ओर जाने वाले रास्तों की सफाई और पुताई कर दी गई। सड़कों के किनारे लगे बिजली के खंभों की दुरुस्त करने के साथ ही बिजली की पूरी व्यवस्था की गई। सीएम के दौरे को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी अलर्ट पर है। जगह-जगह चैकिंग प्वाइंट बनाए गए हैं।


 

Created On :   22 Oct 2017 6:15 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story