मप्र में भी छत्तीसगढ़ की तरह धान का मूल्य दिया जाए - शिवराज सिंह चौहान

Paddy price should be given 2500 rupees like CG : Shivraj Singh Chauhan
मप्र में भी छत्तीसगढ़ की तरह धान का मूल्य दिया जाए - शिवराज सिंह चौहान
मप्र में भी छत्तीसगढ़ की तरह धान का मूल्य दिया जाए - शिवराज सिंह चौहान

डिजिटल डेस्क, बालाघाट। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कर्ज माफी के मुद्दे पर प्रदेश में सत्ता पाने वाली कांग्रेस पर इस मुद्दे पर रंग बदलने के आरोप लगाये। उन्होने कहा की कांग्रेस लोगों से अलग-अलग रंग के फार्म नहीं भरवा रही बल्कि रंग बदल रही है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा की यह सरकार किसानों के साथ छलावा कर रही है, लेकिन उन्हें यह वादा पूरा करना ही होगा। यदि समय रहते किसानो का सभी तरह का कर्जा माफ नही होता है तो भाजपा पूरे प्रदेश में व्यापक आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा की आधी दरों पर बिजली देने का वादा करने वाली कांग्रेस सरकार अब किसानों और आम लोगों से दुगना बिल वसूल रही है।

अपने एक दिवसिय प्रवास के दौरान यहां मुख्यमंत्री ने किसानों और आम लोगों से मुलाकात भी की। उन्होंने इस दौरान कहा की किसानों की मांग है कि उन्हें छ.ग. की तरह धान का मूल्य 2500 रुपए प्रति क्विंटल मिलना चाहिये। एक ही उपज का दो राज्यो में अलग-अलग मूल्य देना न्याय संगत नही, वे और भाजपा किसानों की इस मांग पर उनके साथ खड़े हैं।  उन्होंने इस दौरान कहा कि हम यहां ज्यादा वोट लेकर भी सीटों के गणित में हारे हैं अब कांग्रेस सरकार में है, उन्हें मेरी शुभकामनाएं। कांग्रेस अच्छे से सरकार चलाएं विकास और जन कल्याण कार्य रुकने नहीं चाहिए। हम सकारात्मक सहयोग करने के लिए तैयार है जनता के मुद्दे पर कोई भी कमी हुई तो हम विरोध करेंगे, जिससे जनता का ही लाभ होगा।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि 2 लाख तक का कर्ज माफी कांग्रेस का चुनावी वादा था उसे पूरा करें। दिसंबर 2018 तक किसानों का कर्ज माफ  किया जाए और जिन किसानों ने पैसा जमा कर दिया है उनके खाते में पैसे वापस किए जाएं। श्री चौहान के अनुसार आचार संहिता लागू होने के पहले तक किसानों का किया हुआ वादा कांग्रेस सरकार पूरा कर दे।

चाहे हटा दे मेरा फोटो, लेकिन जनकल्याण की योजना नही होना चाहिये बंद -शिवराज
शिवराज सिंह चौहान ने पत्रकारों से चर्चा में कहा कि चाहे वह सबला योजना से उनकी फोटो हटा दें, लेकिन योजना का लाभ जनता को मिलता रहे। 2500 धान का समर्थन मूल्य नहीं किया गया तो भाजपा आगामी दिनों में उग्र आंदोलन करेगी। पत्रकारों से पूछे गए सवाल पर सीएम श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हार और जीत के बीच में भाजपा का अंकगणित थोड़ा सा गड़बड़ा गया इसलिए आज विपक्ष में बैठे हुए हैं। पार्टी के वरिष्ठ नेता बाबूलाल गौर के विषय में सवाल पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि बाबूलाल गौर उनकी पार्टी के सीनियर लीडर हैं उनके विषय में वह कुछ भी नहीं बोलेंगे।

प्रदेश की भीतर टिकट वितरण को लेकर उठे सवाल पर श्री चौहान ने कहा कि यह पार्टी हाईकमान तय करेगी कि कितने सांसदों के टिकट काटे जाने हैं और कितने को टिकट दिए जाने हैं। प्रवास के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री के साथ मुख्य रूप से सांसद बोधसिंह भगत, बालाघाट विधायक पूर्व कैबिनेट मंत्री गौरीशंकर बिसेन, जिला भाजपा अध्यक्ष रमेश रंगलानी, परसवाड़ा विधायक रामकिशोर कावरे, प्रदेश महिला भाजपा उपाध्यक्ष श्रीमती लता एलकर, सिवनी विधायक मुनमुन राय, भाजपा युवा नेत्री मौसम हरिनखेडे, सुरजीत सिंह ठाकुर, भाजपा मीडिया प्रभारी अभय कोचर सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Created On :   28 Jan 2019 7:46 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story