भाजपा प्रवक्ता के आपत्तिजनक बयान पर पार्टी ने लगाई फटकार

Party rebuffs to BJP spokesperson on objectionable statement
भाजपा प्रवक्ता के आपत्तिजनक बयान पर पार्टी ने लगाई फटकार
भाजपा प्रवक्ता के आपत्तिजनक बयान पर पार्टी ने लगाई फटकार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। प्रदेश भाजपा प्रवक्ता अवधूत वाघ ने आत्महत्याग्रस्त किसानों के बच्चों को लेकर गैर जिम्मेदाराना बयान देकर एक बार फिर से पार्टी के लिए मुश्किल खड़ी की है। वाघ ने ट्विटर पर कहा कि आत्महत्याग्रस्त किसानों के बच्चे अनाथ मतलब लावारिस होते हैं। दरअसल मराठा क्रांति वॉरियर के ट्विटर हैंडल पर एक ट्वीट के जवाब में वाघ ने यह विवादित टिप्पणी की है। वाघ के इस बयान को लेकर सोशल मीडिया पर कड़ी आलोचना हो रही है। विपक्ष ने भी भाजपा पर निशाना साधा। इसके बाद भाजपा ने वाघ को फटकार लगाई है। राष्ट्रवादी कांग्रेस के विधायक जितेंद्र अव्हाण ने कहा कि आत्महत्याग्रस्त किसानों के बच्चे परिस्थिति के कारण अनाथ हुए हैं उन्हें लावारिस कहकर किसानों का अपमान किया गया है। मनसे ने ट्विट कर कहा कि देशभक्ति की सीख देने वाले और खुद महिलाओं, विद्यार्थियों, सैनिकों और किसानों के बारे में अपशब्दों का इस्तेमाल करने वाले भाजपा वाले देशद्रोही हैं या फिर देशभक्त। यह भारत वासियों को तय करना है। 

आत्महत्या ग्रस्त किसानों के बच्चों के बारे में ट्विटर पर की थी आपत्तिजनक टिप्पणी 

वहीं भाजपा नेता व प्रदेश के शिक्षा मंत्री विनोद तावडे ने कहा कि वाघ के ट्वीट का समर्थन कभी नहीं किया जा सकता है। मैंने खुद वाघ को फटकार लगाई है। उन्हें स्पष्ट कहा है कि आगे से अशोभनीय भाषा के इस्तेमाल को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि वाघ इससे पहले भी विवादित बयान दे चुके हैं। वे दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर विवादित टिप्पणी कर चुके हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भगवान विष्णु का 11 वां अवतार बताया था। वाघ के गैरजिम्मेदाराना बयानबाजी को देखते हुए पार्टी ने उनको समाचार चैनलों पर भाजपा का पक्ष रखने से रोका था। लेकिन बीते दो महीनों से वे फिर से सक्रिय नजर आ रहे हैं। 
 

Created On :   29 March 2019 3:55 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story