सैकड़ों यात्रियों के साथ ब्लैक सागर में गिरने से बचा प्लेन, किनारे पर अटका
डिजिटल डेस्क, अंकारा। तुर्की में रविवार को एक बड़ी विमान दुर्घटना हुई है। यह 168 लोगों से भरा विमान पेगसस एयरलाइंस का था, जो उत्तरी तुर्की के एक एयरपोर्ट पर उतर रहा था। इसी दौरान यह विमान रनवे से फिसल कर ब्लैक सी में गिरते-गिरते बचा है। यह कुदरत का ही करिश्मा है कि विमान ब्लैक सी में गिरने से बिल्कुल ही बाल-बाल बचा है और किनारे पर आकर अटक गया। अगर यह प्लेन ब्लैक सी में गिरता तो कुछ भी हो सकता था।
फिलहाल विमान के फिसलने की वजह का पता नहीं लग सका है, लेकिन कुछ रिपोर्ट्स में आशंका जताई गई है कि एक चिड़िया की वजह से यह हादसा हुआ। यह विमान पेगसस एयरलाइंस का था। इस विमान ने तुर्की की राजधानी अंकारा से उड़ान भरी थी और यह ट्रैबजॉन में उतरा था। बता दें कि इस विमान में 162 यात्री, 4 फ्लाइट अटेंडेंट और 2 पायलट थे।
जानकारी के अनुसार लैंडिंग के कुछ समय बाद ही यह विमान रनवे से उतर पड़ा और रनवे के किनारे ब्लैक सी में गिरने लगा। हालांकि, यह समुद्र में गिरा नहीं और किनारे पर ही अटक गया। इस दुर्घटना में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की खबर नहीं है। इस दुर्घटना के बाद समुद्र के किनारे पर अटके इस विमान की तस्वीरें दुनिया भर में वायरल हो गईं। विमान को किनारे पर अटके हुए देखकर लोग इसके समुद्र में गिरने से बचने को चमत्कार बता रहे हैं।
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक जब विमान फिसला उसकी गति 204 किमी प्रति घंटा की थी। हादसे के बाद यात्रियों को तुरंत बाहर निकाला गया। कुछ यात्रियों का कहना था कि विमान के अंदर तेल की दुर्गंध फैल गई थी और यात्रियों को लग रहा था कि विमान में धमाका भी हो सकता है, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। कुछ यात्रियों का कहना था कि बारिश की वजह से रनवे गीला था। अधिकारियों का कहना है कि रनवे और एयरपोर्ट को जल्द ही खोल दिया जाएगा।
Created On :   14 Jan 2018 5:19 PM GMT