कर्नाटक नतीजे : मोदी का कार्यकर्ताओं को सलाम, शाह बोले- विजय रथ जारी रहेगा

PM Modi address BJP workers at Delhi headquarter on karnataka victory
कर्नाटक नतीजे : मोदी का कार्यकर्ताओं को सलाम, शाह बोले- विजय रथ जारी रहेगा
कर्नाटक नतीजे : मोदी का कार्यकर्ताओं को सलाम, शाह बोले- विजय रथ जारी रहेगा
हाईलाइट
  • कर्नाटक चुनाव के नतीजों पर दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में मंगलवार शाम को जश्न मनाया गया।
  • उन्होंने कर्नाटक की जनता को धन्यवाद देते हुए कहा कि कर्नाटक के उज्जवल भविष्य में भाजपा कहीं पीछे नहीं रहेगी।
  • नतीजों में बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है और उसका सरकार बनाना तय माना जा रहा है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कर्नाटक चुनाव के नतीजों पर दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में मंगलवार शाम को जश्न मनाया गया। नतीजों में बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है और उसका सरकार बनाना तय माना जा रहा है। कर्नाटक की इस जीत पर संसदीय दल की बैठक के बाद पीएम मोदी ने बीजेपी कार्यकर्ताओं को सम्बोधित किया। उन्होंने कर्नाटक की जनता को धन्यवाद देते हुए कहा कि कर्नाटक के उज्जवल भविष्य में भाजपा कहीं पीछे नहीं रहेगी। पीएम मोदी ने कहा, "कर्नाटक में जिस प्रकार से कार्यकर्ताओं ने मेहनत की है उनको सौ-सौ सलाम है। कर्नाटक के उज्जवल भविष्य में भाजपा कहीं पीछे नहीं रहेगी ये मैं कर्नाटक की जनता को विश्वास दिलाता हूं।"

 

 

पीएम ने अपने सम्बोधन में कांग्रेस द्वारा कर्नाटक में चुनाव प्रचार के दौरान संविधान को चोट पहुंचाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में कांग्रेस ने सिर्फ अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए भारत के संविधान को चोट पहुंचाने का हीन कृत्य किया। पीएम ने कहा, "इस चुनाव ने मेरे मन को भी प्रभावित किया। कुछ राज्यों को लेकर मन में बोझ होता था कि मुझे वहां की भाषा नहीं आती लेकिन कर्नाटक की जनता ने इतना प्यार दिया कि भाषा बीच में आई ही नहीं।"

पीएम मोदी ने इस दौरान बंगाल में पंचायत चुनाव में हुई हिंसा पर भी ममता सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, "महान लोगों की धरती बंगाल को राजनीतिक स्वार्थ के लिए लहू-लुहान कर दिया गया है। लोकतंत्र के सीने में जो घाव पड़े हैं उस से उभरने के लिए सभी राजनीतिक दलों को, सिविक सोसाइटी को और न्यायपालिका समेत, हम सभी को सक्रिय भूमिका अदा करनी ही होगी।"

पीएम नरेंद्र मोदी ने अपने सम्बोधन के दौरान वाराणसी में फ्लाईओवर गिरने की घटना पर भी दुख प्रकट किया। उन्होंने कहा, "एक तरफ खुशी समाती नहीं है, दूसरी तरफ मन एक भारी बोझ में भी दबा हुआ है। अभी कुछ ही समय पहले संसदीय क्षेत्र वाराणसी में फ्लाईओवर गिरने के चलते कई लोगों की मौत हो गई। मैंने सीएम और अधिकारियों से भी बात की। मदद पहुंचाने की हर संभव कोशिश हो रही है।"

इससे पहले अमित शाह ने बीजेपी कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि आजादी के बाद कांग्रेस ने कर्नाटक का ये चुनाव सबसे अनैतिक तरीके से लड़ा। कर्नाटक का ये चुनाव लोकतंत्र में भरोसा रखने वाली जनता का एक सन्देश है। उन्होंने कहा कि हमारा ये विजय रथ रुकने वाला नहीं है। मोदी जी के नेतृत्व में आने वाले सभी चुनाव और 2019 का चुनाव इससे भी अधिक बहुमत में साथ NDA की सरकार बनाने का काम भाजपा करने जा रही है।

Created On :   15 May 2018 2:42 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story