लखनऊ : अवैध वेल्डिंग कारखाने से जहरीली गैस का रिसाव, 14 की हालत गंभीर

Poisonous gas leakage in the illegally running welding factory in lucknow
लखनऊ : अवैध वेल्डिंग कारखाने से जहरीली गैस का रिसाव, 14 की हालत गंभीर
लखनऊ : अवैध वेल्डिंग कारखाने से जहरीली गैस का रिसाव, 14 की हालत गंभीर

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में ठाकुरगंज की फातिमा कॉलोनी में अवैध रूप से चल रहे वेल्डिंग कारखाने में जहरीली गैस का रिसाव हो गया। गैस लीक होने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। वेल्डिंग कैप्सूल सिलेंडर से लीक हुई गैस कुछ ही देर में पूरे इलाके में फैल गई। गैस की चपेट में आने से वहां आस-पास रह रहे स्थानीय लोगों को सांस लेने में तकलीफ, आंखों में जलन और उल्टियां होने लगी। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिलाओं और बच्चों समेत 14 लोगों को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। वहीं गंभीर रूप से घायल दो लोगों को आईसीयू में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। 

 

 

 

फरार हुआ कारखाना मालिक

जैसे ही कॉलोनी में चीख-पुकार मचने लगी आरोपी कारखाना मालिक के होश उड़ गए और वह आनन-फानन में वहां से फरार हो गया। पुलिस आरोपी मालिक की तलाश कर रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि रिहायशी इलाका होने के बावजूद यहां वेल्डिंग कारखाना चल रहा है। इसकी शिकायत पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों से भी की गई थी, लेकिन कभी कोई कार्रवाई नहीं हुई। जांच के लिए मौके पर पहुंची पुलिस के मुताबिक वेल्डिंग कैप्सूल सिलेंडर से एसेटिलीन गैस का रिसाव हुआ है। जिला प्रशासन ने फिलहाल कारखाने को सील कर दिया है।

 

 

गैस रिसाव से बीमार हुए लोग

बता दें कि फातिमा कालोनी में हाशिम नाम के शख्स का मकान है। मकान के निचले हिस्से में मार्शल वेल्डिंग का कारखाना चलता है। यहां पर कम्प्रेशर टंकी बनाई जाती है। मंगलवार शाम करीब पांच बजे अचानक गैस रिसाव होने लगा। जहरीली गैस के रिसाव से वहां रह रहे लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। गैस रिसाव से डरे हुए लोग अपने-अपने घरों से भागने लगे। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। हादसे की सूचना के बाद मौके पर पहुंची ठाकुरगंज पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बीमार लोगों को ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया।

 

लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर में एक साथ इतने लोगों के बेहोशी की हालत में पहुंचने से वहां अफरा-तफरी मच गई। डॉक्टरों ने आनन-फानन में सभी का इलाज शुरू किया। ट्रॉमा सेंटर के डॉक्टरों का कहना है कि गैस रिसाव से बामार लोगों में कुछ की हालत अभी नाजुक है। 

Created On :   4 April 2018 3:33 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story