शर्मसार हुई खाकी, चॉकलेट चोरी के आरोप में पकड़ी गई महिला के साथ पुलिसकर्मी ने किया रेप

Police arrested 48-year-old constable for raped to married woman
शर्मसार हुई खाकी, चॉकलेट चोरी के आरोप में पकड़ी गई महिला के साथ पुलिसकर्मी ने किया रेप
शर्मसार हुई खाकी, चॉकलेट चोरी के आरोप में पकड़ी गई महिला के साथ पुलिसकर्मी ने किया रेप

डिजिटल डेस्क, मुंबई। पवई पुलिस ने 32 वर्षीय शादीशुदा महिला से बलात्कार के आरोप में एक 48 वर्षीय कांस्टेबल को गिरफ्तार किया है। दरअसल महिला को एक सुपरमार्केट से चॉकलेट चोरी के आरोप में पकड़ा गया था। इसके बाद आरोपी कांस्टेबल ने महिला को कार्रवाई के नाम पर धमकाया और एक होटल में ले जाकर बलात्कार किया। आरोपी कांस्टेबल को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी कांस्टेबल का नाम मधुकर आव्हाड है। जो मुंबई के एमआईडीसी पुलिस स्टेशन में तैनात है। महिला 6 फरवरी को अंधेरी इलाके में स्थित एक डिपार्टमेंटल स्टोर में खरीदारी करने गई थी। खरीदारी के दौरान वह बाहर निकली, तो जांच के दौरान सुरक्षारक्षक ने उसके पर्स से 10 चॉकलेट बरामद की। बिल की जांच की गई, तो साफ हुआ कि महिला ने चॉकलेट चोरी की थी। 

कार्रवाई की धमकी

महिला को सुपर मार्केट के ऑफिस में ले जाया गया जहां उसने चोरी की बात स्वीकार करते हुए भविष्य में ऐसा न करने और चॉकलेट की कीमत अदा करने की बात कही। इस बीच पुलिस को मामले की जानकारी दे दी गई थी। जिसके चलते आव्हाड भी वहां पहुंच गया। महिला ने चॉकलेट के पैसे दिए जिसके बाद फोन नंबर और पता लेकर उसे जाने दिया गया। लेकिन बाद में आव्हाड ने महिला को फोन करना शुरू कर दिया। पहले दिन तो काम में व्यस्त होने के चलते महिला ने फोन नहीं उठाया। लेकिन अगले दिन भी आव्हाड ने महिला को फोन किया और कहा कि अभी मामला खत्म नहीं हुआ है और उसके खिलाफ कार्रवाई हो सकती है। कार्रवाई रोकने के लिए आरोपी ने महिला को मिलने के लिए बुलाया। इसके बाद उसे आरे इलाके में ले जाकर पहले पहचान से जुड़े कुछ कागजात लिए फिर होटल में बलात्कार किया।

थाने में दर्ज कराई थी शिकायत

आरोपी ने महिला को मामले की जानकारी किसी को न देने और बुलाने पर मिलने के लिए आने की बात कह कर छोड़ दिया। इसी बीच आव्हाड ने महिला के ह्वाट्सएप नंबर पर कुछ आपत्तिजनक तस्वीरें भी भेजी जिसे महिला के पति ने देख लिया। पति ने महिला से पूछताछ की तो उसने पूरे मामले की जानकारी दे दी। इसके बाद पति के साथ महिला ने पुलिस स्टेशन में शिकायत की जिसके बाद बलात्कार का मामला दर्ज कर आरोपी कांस्टेबल को गिरफ्तार कर लिया गया। 
 

Created On :   11 Feb 2019 3:06 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story