एनकाउंटर: पिस्तौल ने दिया धोखा, दारोगा ने मुंह से निकाली ठांय-ठांय की आवाज

एनकाउंटर: पिस्तौल ने दिया धोखा, दारोगा ने मुंह से निकाली ठांय-ठांय की आवाज
हाईलाइट
  • अभियान चलाकर अपराधियों का एनकाउंटर कर रही है पुलिस
  • उत्तरप्रदेश के संभल जिले के असमोली थाना क्षेत्र की घटना
  • तकनीकी खराबी के बाद नहीं चल पाई दारोगा की पिस्तौल

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। अपराधियों के हौसले पस्त करने के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस अभियान चलाकर एनकाउंटर कर रही है। इस बीच एक ऐसा वाकया हुआ, जिसने उत्तर प्रदेश पुलिस की किरकिरी कर दी है। यहां संभल में एक अपराधी का एनकाउंटर करने उतरे दारोगा की पिस्तौल ने धोखा दे दिया और उन्हें मुंह से ही ठांय-ठांय की आवाज निकालनी पड़ी। दारोगा का यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। 


यह घटना शुक्रवार देर रात की है। संभल जिले के कुख्यात अपराधी रुखसार का एनकाउंटर करने में लगे दारोगा बदमाश का पीछा करते हुए जंगल की तरफ पहुंच गए। उनके साथ पुलिस बल भी था। जब पुलिस को लगने लगा कि बदमाश अब कुछ दूरी पर ही हो सकता है तो पुलिस ने गोली चलाने की कोशिश की। कुछ पुलिसकर्मियों ने तो गोली चला दी, लेकिन लाख कोशिश के बाद भी दारोगा की पिस्तौल नहीं चल पाई। कई कोशिशों के बाद भी जब दारोगा की पिस्टल से गोली नहीं चली तो सभी ने मुंह से गोली चलने की आवाज निकालनी शुरू कर दी।


सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में दरोगा मुंह से ठांय ठांय की आवाज निकालते दिख रहे हैं। बता दें कि यह घटना असमोली थाना क्षेत्र की है। पुलिस और बदमाशों के बीच यहां मुठभेड़ हुई। हालांकि, गोली चलने कके बाद भी पुलिस ने 25 हजार के इनामी रुखसार को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में एक सिपाही और इंस्पेक्टर गोली लगने के चलते घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अंधेरे का फायदा उठाकर बदमाश का साथी भागने में कामयाब हो गया। पुलिस अब इनामी बदमाश से पूछताछ कर रही है।
 

 

Created On :   14 Oct 2018 4:15 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story