- Home
- /
- गडकरी काे प्रधानमंत्री बनाने संघ कर...
गडकरी काे प्रधानमंत्री बनाने संघ कर रहा प्रचार- प्रकाश आंबेडकर
डिजिटल डेस्क, नागपुर। भारिप बहुजन महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रकाश आंबेडकर ने कहा कि आरएसएस केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को भावी प्रधानमंत्री के रूप में प्रचारित कर रहा है। उधर, कांग्रेस नेता सोनिया गांधी भी नितिन गडकरी की तारीफ कर रही हैं और नितिन गडकरी भी जवाहरलाल नेहरू की प्रशंसा में कसीदें गढ़ रहे हैं। इससे लग रहा है कि दोनों के बीच अंदरूनी कुछ चल रहा है। फिलहाल नागपुर में कांग्रेस-एनसीपी के पास कोई उम्मीदवार नहीं है। नागपुर ही नहीं अनेक जगहों पर उनके पास उम्मीदवार नहीं है। ऐसे में अशोक चव्हाण या फिर शरद पवार को नागपुर से गडकरी के खिलाफ लड़ने की हिम्मत दिखानी चाहिए। अगर दोनों में से कोई नागपुर से चुनाव लड़ता है तो किसी को कोई आपत्ति भी नहीं होगी। दोनों राष्ट्रीय नेता हैं। दोनों के सामने कार्यकर्ता या संगठन का सवाल नहीं है।
कांग्रेस 4 महीने से चर्चा टाल रही
मंगलवार को रविभवन में संवाददाताओं से बात करते हुए आंबेडकर ने कहा कि कांग्रेस चार महीने से चर्चा टाल रही है। अगर 28 फरवरी तक कांग्रेस अपनी भूमिका स्पष्ट नहीं करती है तो 1 मार्च को वंचित बहुजन आघाड़ी राज्य की सभी 48 सीटों पर अपनी उम्मीदवार घोषित कर देगी। इसके लिए सिर्फ कांग्रेस जिम्मेदार रहेगी। कांग्रेस साथ आती है तो ठीक, वर्ना हम अपनी लड़ाई लड़ते रहेंगे। हम वैसे भी कांग्रेस के खिलाफ लड़ते रहे हैं, लेकिन कभी भाजपा के साथ नहीं गए। सीट शेयरिंग का कोई विषय नहीं है। कांग्रेस से सिर्फ आरएसएस को संविधान के दायरे में लाने पर अपनी भूमिका स्पष्ट करने को कहा है, लेकिन उसके पास कोई एजेंडा नहीं है। फिलहाल कांग्रेस-आरएसएस का एक जैसा एजेंडा है। कांग्रेस भी मनुवादी व्यवस्था मानती है। अगर एनसीपी आरएसएस के विरोध में है तो यह बताए कि 2014 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने बिना मांगे भाजपा सरकार को समर्थन देने की घोषणा क्यों की। ये पार्टियां परिवारवाद और एक जाति की राजनीति करती हैं। अब नई राजनीति की शुरुआत हुई है। वंचितों की राजनीति शुरू हुई है। ये परिवारवाद और एक जाति की राजनीति के खिलाफ है।
पाकिस्तान की आर्थिक बंदी करें
वायुसेना द्वारा पाकिस्तान में घुसकर मुंहतोड़ जवाब देने पर एड. आंबेडकर ने कहा कि मैं इसकी सराहना करता हूं। हम सब प्रधानमंत्री के साथ हैं। भारत को अपनी ताकत दिखाना जरूरी है। यह जरूरी नहीं कि हम अमेरिका पर निर्भर रहें। पाकिस्तान की आर्थिक बंदी की जाए। यह भारत के हाथ में है। दो बार पाकिस्तान इस दौर से गुजर चुका है। जो शुरुआत की है, उसे रोका न जाए।
Created On :   27 Feb 2019 5:15 AM GMT