पीएम मोदी के दौरे के लिए नागपुर में तैयारियां मुकम्मल, जानिए क्या है शेड्यूल ?

Preparations are complete in Nagpur for PM Modis visit, know schedule ?
पीएम मोदी के दौरे के लिए नागपुर में तैयारियां मुकम्मल, जानिए क्या है शेड्यूल ?
पीएम मोदी के दौरे के लिए नागपुर में तैयारियां मुकम्मल, जानिए क्या है शेड्यूल ?

डिजिटल डेस्क, नागपुर। हिंगना रोड पर सुभाष नगर मेट्रो स्टेशन का उदघाटन 7 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। उनका शाम करीब 4 बजे नगरागमन होगा। सुभाषनगर मेट्रो स्टेशन का उदघाटन के बाद वे मानकापुर स्थित इनडोर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। सीताबर्डी से मानकापुर तक प्रधानमंत्री सडक मार्ग से जाएंगे। वह किस मार्ग से होते हुए जाएंगे यह एसपीजी कमांडो ने ही तय कर रखा है। शहर पुलिस स्थानीय बंदोबस्त में तैनात रहेंगी। प्रधानमंत्री के साथ हथियारों से लैस एसपीजी कमांडो रहेंगे। प्रधानमंत्री के नगरागमन पर 11 वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों व 30 से अधिक सहायक पुलिस आयुक्तों की निगरानी में 2500 से अधिक पुलिस जवानों को बंदोबस्त में तैनात किया गया है। इसके साथ ही एसआरपीएफ की एक टुकडी और एसपीजी के कमांडो भी तैनात रहेंगे। यह बंदोबस्त शुक्रवार से लगा दिया जाएगा। शहर के 22 ठिकानों के मार्ग भी परिवर्तित किए जाएंगे। सीताबर्डी में वाहनों की पार्किंग पर पाबंदी रहेगी। सोनेगांव के हवाईअड्डे से लेकर उनके कार्यक्रम स्थल तक जगह- जगह पर पुलिस की पहरेदारी रहेगी। यह जानकारी अतिरिक्त पुलिस आयुक्त डॉ. शशिकांत महावरकर ने गुरुवार को पत्रपरिषद में दी। उन्होंने बताया िक नागरिकों को कोई असुविधा न हो इसका भी ध्यान रखा गया है। प्रधानमंत्री जिस मार्ग से गुजरेंगे। उस मार्ग को 5 मिनट पहले बंद कर दिया जाएगा। प्रधानमंत्री का कारवां किस मार्ग से गुजरेगा यह एसपीजी कमांडो पर निर्भर है। मानकापुर स्टेडियम जाने के लिए दो मार्ग हैं। इन दिनों शहर में मेट्रो का कार्य शुरू है। नागरिकों से सहयोग की अपील पुलिस विभाग ने किया है।


मेट्रो में करेंगे सफर

महावरकर ने बताया कि शनिवार को नरेंद्र मोदी सुभाषनगर मेट्रो स्टेशन का उद्‌घाटन करने के बाद सुभाष नगर से सीताबर्डी तक मेट्रो से सफर करेंगे। सीताबर्डी से वे सडक मार्ग से मानकापुर स्थित इनडोर स्टेडियम (क्रीडा संकुल) में आयोजित कार्यक्रम के लिए रवाना होंगे। उनके लिए 11 पुलिस आयुक्ति, 23 सहायक पुलिस आयुक्त।, 80 पुलिस निरीक्षक, 200 सहायक पुलिस निरीक्षक आैर पुलिस उपनिरीक्षक और 2100 पुलिस कर्मचारी तैनात किए गए हैं। आनंद टॉकीज से मुंजे चौक, मुंजे चौक से वेरायटी चौकव झांसीरानी चौक में रास्तों के दोनों साइड पर नो पार्किंग की गई है। इसके अलावा सोनेगांव क्षेत्र के मंगलमूर्ति चौक, हिंगणा टी पॉइंट, सुभाषनगर, माता मंदिर, पंचशील चौक, महाराजबाग, वेरायटी चौक, टेम्पल बाजार गली, एलआयसी चौक, मानकापुर चौक, पागलखाना चौक, पूनम चेंबर, बिजलीनगर आदि क्षेत्र सहित 22 ठिकानों के यातायात को परिवर्तित किया गया है। शनिवार को शाम 4 बजे से पीएम का कार्यक्रम समाप्त होने तक पुलिस बंदोबस्त लगा रहेगा। वाहन चालक व नागरिकांे को परेशानी न हो इसका भी ध्यान रखा जाएगा। विभागीय क्रीडा संकुल में कार्यक्रम के लिए 1 घंटे पहले उपस्थित होने का आव्हान िकया गया है। संकुल के अंदर मोबाइल फोन को छोडकर कोई अन्य सामग्री नहीं ले जा सकेंगे। नागरिक रेलवे स्टेशन , हवाईअड्डा और बस स्टैंड पर जाने वाले के लिए एक घंटे पहले निकलें। पत्र परिषद में यातायात पुलिस विभाग के उपायुक्त चिन्मय पंडित, पुलिस परिमंडल 2 की पुलिस उपायुक्त विनीता साहू व विशेष शाखा की उपायुक्त श्वेता खेडकर उपस्थित थीं।

सडक के गड्ढे बुझाने का कार्य शुरू

प्रधानमंत्री जिस मार्ग से जाने वाले हैं। उस मार्ग के गड्ढे बुझाने का कार्य युद्ध स्तर पर मनपा ने शुरू कर दिया है। इसके साथ ही सडक के बीच कोई मवेशी न आए इसके लिए मनपा को सचेत कर दिया गया है। सडक के गड्ढे बुझाने बाबत जिलाधिकारी व महापालिका आयुक्त को पत्र दिया जा चुका है। यह जानकारी उपायुक्त चिन्मय पंडित ने एक प्रश्न के जबाब में दिया।

यहां से जाने की उम्मीद

प्रधानमंत्री मोदी सीताबर्डी से सदर होते हुए मानकापुर जा सकते हैं। वे महाराजबाग से होते हुए आकाशवाणी चौक से काटोल चौक होते हुए मानकापुर जा सकते हैं। पुलिस उनके बंदोबस्त को लेकर तैयार है। मनपा विभाग उनके जाने वाले संभावित मार्ग के गड्ढों व सडकों की दुरुस्ती में लगा हुआ है। प्रधानमंत्री जिस मार्ग से जाएंगे। उस मार्ग को सुधारने का कार्य शुरू कर दिया गया है। सूत्रों के अनुसार एसपीजी के करीब 80 से अधिक जवान संतरानगरी में दाखिल हो चुके हैं। यह जवान हवाईअड्‌डे से लेकर पीएम मोदी के कार्यक्रम स्थलों तक का जायजा ले चुके हैं। मानकापुर स्टेडियम में आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था एसपीजी कमांडो की देखरेख में की जाएगी।

25 हजार लोगों के शामिल होने की उम्मीद

स्टेडियम के अंदर करीब 5 हजार लोगों के बैठने का इंतजाम है। बाहर परिसर में 15 से 20 हजार लोगों के बैठने का इंतजाम किया गया है। इस तरह यहां पर करीब 25 हजार लोग बैठ सकते हैं। यह जानकारी भी पुलिस अधिकारियों ने दी। वे सुभाषनगर से शाम करीब 5 बजे मेट्रो से सुभाषनगर से सीताबर्डी इंटरचेंज स्टेशन तक यात्रा करेंगे। इस यात्रा के समय मेट्रो में नागरिकों को बैठने की अनुमति नहीं होगी। उनके कोच में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस सहित अन्य कई वीआईपी होंगे। 

- शहर में एसपीजी कमांडो दाखिल
- यातायात के 22 ठिकानों के मार्ग में परिवर्तन
- तीन घंटे तक शहर में मौजूद रहेंगे पीएम, सुभाषनगर से सीताबर्डी तक मेट्रो में सफर भी करेंगे
- 2500 से अधिक पुलिस जवान पीएम बंदोबस्त में रखे जाएंगे तैनात, एसआरपीएफ की एक टुकडी भी रहेगी
- 11 वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और 23 सहायक पुलिस आयुक्त स्तर के अधिकारी भी रखेंगे निगरानी
- सोनेगांव के डा बाबासाहब आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से लेकर कार्यक्रम स्थल पर रहेगी पुलिस जगह- जगह तैनात
- 5 मिनट के लिए रोका जाएगा ट्रैफिक, सीताबर्डी में सडक किनारे वाहनों की पार्किंग पर रहेगी रोक


 

Created On :   5 Sep 2019 3:08 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story