लंदन: एक -दूजे के हुए प्रिंस हैरी और मेगन मर्केल, देखिए Royal Wedding की तस्वीरें

लंदन: एक -दूजे के हुए प्रिंस हैरी और मेगन मर्केल, देखिए Royal Wedding की तस्वीरें

Source: Youtube​​

​​​​​डिजिटल डेस्क, लंदन। ब्रिटेन के शाही परिवार में आज एक और खुशी का मौका है। प्रिंस हैरी और एक्ट्रेस मेगन मर्केल की शादी हो गई। लंबे वक्त बाद ब्रिटेन के शाही परिवार में कोई शादी हुई है। परिवार के छोटे बेटे प्रिंस हैरी अपनी गर्लफ्रेंड और अमेरिकी एक्ट्रेस मेगन मार्कल से शादी कर ली। ये शाही शादी लंदन के विंडसर कैसल में महारानी एलिजाबेथ सहित शाही परिवार के दूसरे सदस्यों की मौजूदगी में हुई। इस शादी समारोह को पूरी दुनिया में लाइव दिखाया जा रहा है।

दोनों की शादी को लेकर लंबे समय से चर्चा थी। 2011 में हुई प्रिंस हैरी के बड़े भाई विलियम और केट मिडलटन की शादी को तब करीब 12 करोड़ लोगों ने देखा था। माना जा रहा है कि प्रिंस हैरी की शादी ने पुराने सारे रिकॅार्ड्स तोड़ दिए हैं। प्रिंस हैरी जहां बिल्कुल रॉयल अंदाज में ब्लैक सूट में दिखे वहीं, ब्राइड मेगन मर्केल खूबसूरत व्हाइट गाउन में नज़र आईं। यह गाउन ब्लैंड Givenchy की आर्ट डायरेक्टर Clare Waight Keller ने डिज़ाइन किया। इस गाउन में हैंड एम्ब्रॉयडेड फ्लोरल डिज़ाइन वाला 5 मीटर लंबा वेल (घूंघट) था, जिसके साथ मेगन ने बहुत ही खूबसूरत डायंडड टियारा पहना। यह टियारा 1932 में बनाया गया था।

मेगन सबसे उम्रदराज शाही दुल्हन

36 वर्षीय मेगन मार्कल ब्रिटिश राजघराने में कदम रखने वाली सबसे उम्रदराज दुल्हन होंगी। वो जेठानी केट के बाद ब्रिटिश राजघराने की बहू बनने वाली दूसरी गैर-शाही महिला बनेंगी। ब्रिटिश राजघराने की पहली मिश्रित नस्ल (कॉकेशियन और अफ्रीकी-अमेरिकी) वाली बहू होने का रिकॉर्ड भी उनके नाम से जुड़ेगा।

भारत का अनूठा तोहफा

यू तो इस जोड़े को पूरी दुनिया से महंगे और किमती तोहफे मिल रहे हैं, लेकिन भारत ने शाही जोड़े को एक अनोखा तोहफा दिया है। भारत के इस तोहफे की पूरी दुनिया में चर्चा हो रही है। दरअसल पेटा ने प्रिंस हैरी और मेगन को शादी के उपहार में उनके नाम पर गोद लिए गए एक बेसहारा सांड को भेंट करने का फैसला लिया है। सांड का नाम हैरी और मेगन को मिलाकर "मेरी" रखा गया है और वो अब महाराष्ट्र के एक अभ्यारण्य में रहेगा। दूसरी ओर, मुंबई के डिब्बेवालों ने मेगन के लिए लाल बाग की पारंपरिक मराठी साड़ी, मंगलसूत्र और चूड़ियां तोहफे में भिजवाई है। हैरी के लिए केसरिया रंग की पगड़ी और कुर्ता-पायजामा तोहफे में दिया जाएगा। 

डिब्बेवालों से है खास रिश्ता

ब्रिटिश राजघराने से मुंबई के डिब्बेवालों की दोस्ती साल 2003 की प्रिंस चार्ल्स की भारत यात्रा के दौरान शुरू हुई थी। 2005 में चार्ल्स ने डिब्बेवालों को कैमिला पार्कर से हुई अपनी शादी का बुलावा भी भेजा था।

शाही मेहमानों में प्रियंका

बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा भी प्रिंस हैरी और मेगन की शाही शादी की गवाह बनेंगी। पहले अटकलें थीं कि वह मेगन की सहबाला के तौर पर समारोह में शिरकत करेंगी। हालांकि बाद में खबरें आईं कि मेगन अकेले उन्हीं को सहबाला बनाकर बाकी सहेलियों को निराश नहीं करना चाहतीं। लिहाजा प्रियंका का नाम सहबालाओं की सूची से हटा दिया गया है। जनवरी 2016 में एली वुमेन के रात्रिभोज में हुई पहली मुलाकात से ही प्रियंका और मेगन में गहरी छनती आ रही है।

विलियम और केट की शादी से 13.5 गुना ज्यादा पैसा हो रहा खर्च 

हैरी-मेगन की शाही शादी पर करीब 84 मिलियन पौंड (787 करोड़ रु.) खर्च हो रहे हैं। शादी की प्लानिंग करने वाली फर्म ब्राइडबुक के मुताबिक, शादी समारोह पर 32 मिलियन पौंड, सिक्युरिटी पर 30 मिलियन और अन्य पर अनुमानित 24 मिलियन पौंड खर्च होंगे।

2011 में प्रिंस विलियम और केट मिडलटन की शादी में महज 6.35 मिलियन पौंड (58 करोड़ रुपए) का खर्च आया था। विलियम-केट के मुकाबले हैरी की शादी में 13.5 गुना ज्यादा पैसा खर्च हो रहा है।

ससुर निभाएंगे पिता की भूमिका 

मेगन के पिता थॉमस मार्कल सीनियर अस्पताल में भर्ती होने के कारण शादी में शिरकत नहीं कर पाएंगे। उनकी हाल ही में दिल की सर्जरी हुई है। ऐसे में मेगन के ससुर प्रिंस चार्ल्स उनके पिता की भूमिका निभाते नजर आएंगे। वो प्रिंसेज शैरलट सहित अन्य ब्राइड्स मेड्स के साथ मेगन को रेड कार्पेट पर ले जाएंगे।

अनोखे अंदाज में इजहार

मेगन ने एक इंटरव्यू में बताया था कि प्रिंस हैरी ने कैसे रोस्टेड चिकन बनाते हुए उनसे प्यार का इजहार किया था। वह अपने दिल की बात पूरी कर पाते, इससे पहले ही मेगन ने ‘हां’ कर दी। मेगन के मुताबिक हैरी ने उन्हें सोने की एक अंगूठी दी थी, जिसके बीच में बोत्सवाना से खरीदा हीरा जड़ा था। इस हीरे के किनारे दो और हीरे लगे थे, जो राजकुमारी डायना के निजी कलेक्शन से लिए गए थे।

कैसे हुई थी हैरी और मेगन मार्कल की मुलकात

प्रिंस हैरी और मेगन मर्केल की पहली बार मुलाकात ब्लाइंड डेट पर हुई थी। उस समय दोनों में से किसी को भी इस बात का एहसास नहीं था कि दोनों पूरी जिंदगी आगे जाकर साथ में गुजारने वाले हैं। हैरी और मेगन पहली नजर में एक दूसरे को दिल दे बैठे और अब जल्द ही शादी करने जा रहे हैं। प्रिंस हैरी ने एक इंटरव्‍यू में खुलासा किया था कि उन्‍हें मेगन से पहली ही नज़र में प्‍यार हो गया था।

जुलाई 2016 में मेगन मर्केल लंदन से गुजर रही थीं तब दोनों की मुलाकात एक कॉमन फ्रेंड ने करवाई थी। हैरी और मॉर्केल ने बाद में खुलासा किया कि पहली मुलाकात के पहले दोनों एक दूसरे के बारे ज्यादा कुछ नहीं जानते थे, लेकिन धीरे-धीरे दोनों की नजदीकियां बढ़ी और हैरी ने मेगन से शादी करने का फैसला कर लिया।

हैरी से जब मेगन मर्केल के बारे में पूछा गया था तो उन्होंने कहा कि मेरे ऊपर इतनी तेजी से मेगन के प्यार का जादू छाना इस बात की पुष्टि करताहै कि कायनात मेरे प्यार के साथ है। सबकुछ शानदार है।

Created On :   19 May 2018 5:37 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story